Begin typing your search...

T20 वर्ल्ड कप 2026 में ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो जाएगा ऑस्ट्रेलिया? जिम्बाब्वे के खिलाफ मिली हार के बाद मुश्किल हुई आगे की राह

जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर T20 वर्ल्ड कप 2026 में बड़ा उलटफेर किया है. मुजरबानी और इवांस की जोड़ी ने मैच का पासा पलट दिया.

zimbabwe vs australia match photo
X
जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर किया बड़ा अपसेट
( Image Source:  ICC )

T20 World Cup 2026 ZIM vs AUS match highlights: टी-20 वर्ल्ड कप में कोलंबो से एक बड़ा उलटफेर सामने आया, जहां जिम्बाब्वे ने ताकतवर ऑस्ट्रेलिया को 23 रनों से हराकर इतिहास रच दिया. मैच की शुरुआत जिम्बाब्वे के लिए अच्छी नहीं रही थी. अनुभवी खिलाड़ी ब्रेंडन टेलर इस मैच में नहीं खेल रहे थे. वहीं, फील्डिंग के दौरान कप्तान सिकंदर रजा भी चोट के कारण मैदान से बाहर चले गए, लेकिन इसके बावजूद टीम ने हार नहीं मानी और एकजुट होकर शानदार प्रदर्शन किया.

जिम्बाब्वे के बल्लेबाज़ों ने जोखिम भरे शॉट खेलने के बजाय धैर्य से बल्लेबाज़ी की और विकेट बचाकर स्कोर खड़ा किया. ब्रायन बेनेट ने अहम रन बनाए, जबकि गेंदबाज़ी में पूरी टीम ने मिलकर ऑस्ट्रेलिया को दबाव में रखा. सिर्फ ग्लेन मैक्सवेल और मैट रेनशॉ की साझेदारी को छोड़ दें तो ऑस्ट्रेलिया पूरे मैच में संघर्ष करता नजर आया.

जिम्बाब्वे की टीम (इमेज क्रेडिट-ICC)

मुजरबानी और इवांस ने बदल दिया मैच का रुख

तेज गेंदबाज़ ब्लेसिंग मुजरबानी और ब्रैड इवांस ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया. दोनों ने मिलकर 7 विकेट झटके और सबसे अहम बात यह रही कि ऑस्ट्रेलिया के टॉप-4 बल्लेबाज़ों को सिर्फ 5 ओवर के अंदर पवेलियन भेज दिया. मुजरबानी ने 4 ओवर में सिर्फ 17 रन देकर 4 विकेट लिए, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.

जिम्बाब्वे के खिलाड़ी खुशी मनाते हुए (इमेज क्रेडिट- आईसीसीः)

पावरप्ले में ही गिर गए ऑस्ट्रेलिया के 4 विकेट

ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाज़ी की शुरुआत बेहद खराब रही. टीम का स्कोर 5वें ओवर तक 4 विकेट के नुकसान पर 29 रन था. हालांकि, इसके बाद रेनशॉ और मैक्सवेल ने 77 रन की साझेदारी कर मैच में वापसी की कोशिश की, लेकिन बाकी बल्लेबाज़ साथ नहीं दे सके. रेनशॉ ने 65 रन की लड़ाकू पारी खेली, मगर वे टीम को जीत तक नहीं ले जा सके.

सिर्फ तीन बल्लेबाज दहाई के अंक तक पहुंचे

पहली पारी के अंत में ऑस्ट्रेलिया ने अच्छी वापसी की और आखिरी 6 ओवर में सिर्फ 51 रन दिए, जिससे लगा कि वे लक्ष्य का पीछा कर लेंगे, लेकिन बल्लेबाज़ी में पावरप्ले का नुकसान उन्हें भारी पड़ा. पूरी टीम में सिर्फ तीन बल्लेबाज़ ही दोहरे अंक तक पहुंच पाए.

जिम्बाब्वे की टीम (Credit-ICC)

मैच का निर्णायक पल तब आया, जब मैथ्यू कुहनेमन रन आउट हो गए. फुलर गेंद पर शॉट खेलने से चूकने के बाद गेंद सीधे इवांस के पास गई और उन्होंने तेज अंडर-आर्म थ्रो से रन आउट कर दिया. थर्ड अंपायर के फैसले के बाद जिम्बाब्वे के खिलाड़ी जश्न में डूब गए.

ट्रेविस हेड के फैसले पर उठे सवाल

ऑस्ट्रेलिया के कप्तान ट्रेविस हेड के टॉस फैसले पर भी सवाल उठे. दिन का मैच और धीमी पिच होने के बावजूद गेंदबाज़ी चुनना टीम के लिए उल्टा साबित हुआ. ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज़ शुरुआत से ही लाइन-लेंथ में संघर्ष करते दिखे और सिर्फ दो विकेट ही ले सके. इस जीत के साथ जिम्बाब्वे ने न सिर्फ टूर्नामेंट में बड़ा उलटफेर किया बल्कि सुपर-8 की दौड़ को भी रोमांचक बना दिया. 2007 के बाद एक बार फिर उन्होंने ऑस्ट्रेलिया को हराकर दुनिया को चौंका दिया.

क्या ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो जाएगा ऑस्ट्रेलिया?

प्वाइंट्स टेबल में इस समय ग्रुप बी में श्रीलंका 4 अंकों के साथ टॉप पर है, जबकि जिम्बाब्वे की टीम भी 4 प्वाइंट्स के साथ दूसरे नंबर पर है. हालांकि, उसका नेट रन रेट श्रीलंका से कम है. श्रीलंका का नेट रन रेट +3.125, जबकि जिम्बाब्वे का नेट रन रेट +1.984 है. वहीं, ऑस्ट्रेलिया 2 अंक के साथ तीसरे नंबर पर है. अभी उसके दो मुकाबले बाकी है. अगर उसे दोनों में जीत मिलती है तो उसके 6 अंक हो जाएंगे. ऐसे में उसे दुआ करनी पड़ेगी कि जिम्बाब्वे की टीम आयरलैंड और श्रीलंका के खिलाफ अपने मुकाबले हार जाए या कम से कम एक मुकाबले में उसे हार मिले. अगर जिम्बाब्वे दोनों टीमों को हरा देती है तो ऑस्ट्रेलिया ग्रुप स्टेज से ही टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगा.

मैच का हाल

बता दें कि जिम्ब्बावे की टीम ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 2 विकेट के नुकसान पर 169 रन बनाए, जिसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम महज 146 रन पर सिमट गई और मुकाबला 23 रन से हार गई. जिम्बाब्वे की ओर से ब्रायन बेनेट ने 56 गेंद में 7 चौकों की मदद से 64 रन बनाए. वहीं, कप्तान सिकंदर रजा 13 गेंद में 1 छक्का और 2 चौके की मदद से नाबाद 25 रन बनाए. इसके अलावा, टी मारुमानी ने 21 गेंद में 7 चौकों की मदद से 35 रन बनाए. ऑस्ट्रेलिया की ओर से कैमरन ग्रीन और मार्कस स्टोइनिस ने 1-1 विकेट लिए.

Matt Renshaw ने बनाए सबसे ज्यादा रन

Matt Renshaw ने ऑस्ट्रेलिया की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाए. उन्होंने 44 गेंद में 5 चौकों और 1 छक्के की मदद से 65 रन बनाए. इसके अलावा, ट्रेविस हेड ने 17, जोश इंगलिश ने 8, ग्लेन मैक्सवेल ने 31, स्टोइनिस और ड्वारशुईस ने 6-6 और एडम जंपा ने 2 रन बनाए. नाथन इलिस 7 रन बनाकर नाबाद रहे. वहीं, कैमरन ग्रीन, टिम डेविड और मैथ्यू कुहनेमैन अपना खाता भी नहीं खोल पाए. मुजबरबानी के 4 विकेट के अलावा, ब्रैड इवांस ने 3, जबकि वेलिंगटन मसाकाद्जा और रेयान बर्ल ने 1-1 विकेट लिए.

टी-20 वर्ल्‍ड कपक्रिकेट न्‍यूज
अगला लेख