Begin typing your search...

गंभीर-अफरीदी झड़प, हरभजन-अख्तर तकरार से लेकर T20 वर्ल्ड कप तक, जब-जब भिड़े भारत-पाक तब-तब भड़का बवाल; 12 बड़े विवाद

1986 में जावेद मियांदाद का छक्का, 1992 का ‘कंगारू जंप’, 1996 में आमिर सोहेल-वैंकटेश प्रसाद टकराव, 1999 कोलकाता टेस्ट विवाद, 2007 में गंभीर-अफरीदी झड़प, 2010 एशिया कप की गरमागरमी से लेकर 2023 के एशिया कप हाइब्रिड मॉडल विवाद और 2025 ट्रॉफी प्रोटोकॉल विवाद तक, भारत-पाक मुकाबलों में कई बार मैदान से बाहर भी तनाव दिखा है.

गंभीर-अफरीदी झड़प, हरभजन-अख्तर तकरार से लेकर T20 वर्ल्ड कप तक, जब-जब भिड़े भारत-पाक तब-तब भड़का बवाल; 12 बड़े विवाद
X
स्टेट मिरर डेस्क
By: स्टेट मिरर डेस्क

Updated on: 12 Feb 2026 5:56 PM IST

India vs Pakistan Major Controversies: भारत और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में टी-20 वर्ल्ड कप 2026 का महामुकाबला खेला जाएगा. पाकिस्तान ने शुरू में भारत के खिलाफ खेलने से इनकार कर दिया था. हालांकि, बाद में आईसीसी के दबाव में उसे अपने फैसले को बदलना पड़ा. इस मैच को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह है.

भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक टी-20 वर्ल्ड कप में 8 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें से पाकिस्तान सिर्फ 1 ही मुकाबला जीत पाया है. वहीं, ओवरऑल मुकाबलों की बात करें तो भारत 16 मैचों में 13-3 से आगे है. हालांकि, भारत-पाक मैच हमेशा भावनाओं से भरे रहे हैं. कई बार मैच के दौरान दोनों देशों के खिलाड़ी आपस में भिड़ चुके हैं. आइए, इन घटनाओं के बारे में विस्तार से जानते हैं...

भारत-पाक मैच से जुड़ी 12 बड़ी विवादित घटनाएं

  1. मोहिंदर अमरनाथ और जावेद मियांदाद (1986-87): पाकिस्तान के भारत दौरे के दौरान मियांदाद ने अमरनाथ की एक अपील के बाद भारत के खिलाफ अपशब्द कहे. अमरनाथ ने शांत रहकर उन्हें जवाब दिया कि वे उन्हें कुछ भी कह सकते हैं लेकिन भारत के खिलाफ एक शब्द भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
  2. कराची वनडे में दर्शकों की हिंसा और पत्थरबाजी (दिसंबर 1989, तीसरा वनडे): पाकिस्तान के 28/3 पर पहुंचने पर दर्शकों ने भारतीय फील्डरों पर पत्थरबाजी की, जिसमें मोहम्मद अजहरुद्दीन चोटिल हुए. भारतीय कप्तान कृष्णमाचारी श्रीकांत की शर्ट एक पाकिस्तानी दर्शक ने फाड़ दी. इससे मैच रद्द हो गया.
  3. शिवसेना द्वारा वानखेड़े पिच उखाड़ना (1991, टेस्ट सीरीज से पहले): शिवसेना कार्यकर्ताओं ने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम की पिच उखाड़ दी, जिससे भारत-पाकिस्तान टेस्ट सीरीज रद्द हो गई. यह राजनीतिक विरोध का उदाहरण था.
  4. जावेद मियांदाद का कंगारू जंप (4 मार्च 1992, विश्व कप मैच): सिडनी में विश्व कप मैच के दौरान भारतीय विकेटकीपर किरण मोरे की अपीलों से नाराज मियांदाद ने कंगारू की तरह उछलकर उनका मजाक उड़ाया. इसस कप्तान अजहरुद्दीन नाराज हो गए. पाकिस्तान यह मैच 43 रनों से हारा था.
  5. आमिर सोहेल और वेंकटेश प्रसाद का टकराव (9 मार्च 1996, विश्व कप क्वार्टरफाइनल): बेंगलुरु में आमिर सोहेल ने प्रसाद की गेंद पर चौका मारने के बाद उंगली से बाउंड्री की ओर इशारा किया. अगली ही गेंद पर प्रसाद ने उन्हें बोल्ड कर दिया और आक्रामक अंदाज में पवेलियन जाने का इशारा किया, लेकिन अगली गेंद पर प्रसाद ने उनका विकेट उखाड़ दिया. इससे स्टेडियम में हंगामा मच गया. भारत ने यह मैच 39 रनों से जीता था.
  6. सचिन तेंदुलकर का विवादित रन आउट (11-16 फरवरी 1999): कोलकाता टेस्ट में सचिन तेंदुलकर रन लेते समय शोएब अख्तर से टकरा गए और रन आउट हो गए. ईडन गार्डन्स की भीड़ इतनी भड़क गई कि पुलिस को स्टेडियम खाली कराना पड़ा और मैच खाली स्टैंड में पूरा हुआ.
  7. इंजमाम-उल-हक का फैन पर हमला (सितंबर 1997, टोरंटो में सहारा कप मैच): कनाडा में मैच के दौरान एक भारतीय फैन ने इंजमाम को 'आलू' कहकर चिढ़ाया. इंजमाम ने ड्रेसिंग रूम से बल्ला मंगवाया और फैन पर हमला करने की कोशिश की, लेकिन सिक्योरिटी ने रोका. इस पर उनके ऊपर जुर्माना भी लगाया गया.
  8. गौतम गंभीर और शाहिद अफरीदी का झगड़ा (नवंबर 2007, कानपुर वनडे): गंभीर ने अफरीदी की गेंद पर बाउंड्री लगाई, जिसके बाद दोनों में जुबानी जंग हुई. यही नहीं, रन लेते समय भी गंभीर से अफरीदी जानबूझकर टकरा गए. हालांकि, अंपायरों ने हस्तक्षेप कर मामले को शांत किया. दोनों पर जुर्माना भी लगाया गया था.
  9. गौतम गंभीर और कामरान अकमल का विवाद (19 जून 2010, एशिया कप मैच): 19 जून 2010 को दांबुला में गौतम गंभीर ने किसी गेंद को मिस करने के बाद खुद से बात की, लेकिन अकमल को लगा कि गंभीर उन्हें अपशब्द कह रहे हैं. इससे ड्रिंक्स ब्रेक के दौरान दोनों में गरमागरम बहस हुई, जिसे कप्तान धोनी और अंपायरों ने शांत किया.
  10. शोएब अख्तर और हरभजन सिंह का टकराव (19 जून 2010, एशिया कप मैच): श्रीलंका के दांबुला में खेले गए मैच में शोएब अख्तर के 47वें ओवर की दूसरी गेंद पर हरभजन सिंह ने लंबा छक्का जड़ा. इससे अख्तर भड़क गए. अगली कुछ गेंदों पर उन्होंने तीखे बाउंसर फेंके. इससे दोनों के बीच मैदान पर तीखी बहस हुई. दोनों ने एक-दूसरे को अपशब्द कहें, जिसके बाद अंपायर बिली डॉक्ट्रोव को बीच-बचाव करना पड़ा. हरभजन ने आखिरी ओवर में मोहम्मद आमिर पर छक्का लगाकर भारत को मैच जिताया और अख्तर के सामने जमकर जश्न मनाया. इससे अख्तर ने उन्हें ड्रेसिंग रूम में वापस जाने को कहा. कहा जाता है कि अख्तर हरभजन को मारने उनके रूम तक गए थे, लेकिन वे वहां नहीं मिले.
  11. एशिया कप हाइब्रिड मॉडल विवाद (2023): भारत ने सुरक्षा चिंताओं के कारण पाकिस्तान की यात्रा करने से इनकार कर दिया. इसके बाद टूर्नामेंट को 'हाइब्रिड मॉडल' के तहत खेला गया, जहां भारत के मैच श्रीलंका में हुए, जिससे दोनों बोर्ड के बीच काफी तल्खी बढ़ी.
  12. एशिया कप ट्रॉफी और हाथ न मिलाना (2025): हालिया एशिया कप फाइनल (सितंबर 2025) के बाद, भारतीय टीम ने कथित तौर पर पाकिस्तान के आंतरिक मंत्री मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया. इसके अलावा, भारतीय खिलाड़ियों द्वारा पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ न मिलाने के फैसले पर भी विवाद हुआ.

बता दें कि पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा ने जब मुंबई में 26 नवंबर 2008 को हमला किया तो भारत ने 2009 की सीरीज रद्द कर दी. साथ ही, पाकिस्तान के साथ सभी मैच स्थगित कर दिए. यही नहीं, आईपीएल में पाकिस्तानी खिलाड़ियों के खेलने पर भी बैन लगा.

टी-20 वर्ल्‍ड कपक्रिकेट न्‍यूजपाकिस्तानस्टेट मिरर स्पेशल
अगला लेख