Aaj ki Taaza Khabar: “सरकार सच से डरती है, इसलिए मुझे बोलने नहीं दिया गया” - राहुल गांधी का बड़ा आरोप

Aaj ki Taaza Khabar Live News: स्टेट मिरर हिंदी के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है. यहां आपको दिनभर की ब्रेकिंग, बड़ी खबरें और हेडलाइन देखने को मिलेगी. सोमवार 9 फरवरी 2026 को देश, दुनिया, खेल और मनोरंजन जगत में क्‍या-क्‍या खास रहा, जानने के लिए यहां पढ़ें LIVE UPDATE.;

Edited By :  विशाल पुंडीर
Updated On : 9 Feb 2026 4:22 PM IST


Live Updates
2026-02-09 10:42 GMT

लैंड फॉर जॉब स्‍कैम में RJD नेता तेजस्वी यादव कोर्ट में पेश, खुद को बताया बेकसूर

RJD नेता तेजस्वी यादव सोमवार को लैंड फॉर जॉब स्‍कैम मामले में राउज़ एवेन्यू कोर्ट में पेश हुए. उन्होंने कोर्ट में सभी आरोपों का खंडन किया और कहा कि वह अदालत में इस मामले का सामना करेंगे और आरोपों के खिलाफ अपनी सफ़ाई पेश करेंगे.

2026-02-09 10:22 GMT

कानपुर Lamborghini हादसे पर अखिलेश यादव का तीखा बयान: “बिना भेदभाव कड़ी कार्रवाई हो”

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शहर में हुए Lamborghini सड़क हादसे पर चिंता जताई. उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद दुखद है, जिसमें कई लोग घायल हुए और कुछ की जान तक चली गई. अखिलेश यादव ने सरकार से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की और कहा कि प्रशासन को किसी तरह का भेदभाव नहीं दिखाना चाहिए. उन्होंने चेतावनी दी कि हमेशा ऐसी शिकायतें आती रहती हैं कि अगर आरोपी “अपनों” में से हों तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं होती. उन्होंने कहा, “सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि FIR दर्ज हो, दोषियों के खिलाफ बुलडोज़ जैसी कार्रवाई हो और जेल में विशेष सुविधाएं न दी जाएं. कानून सबके लिए समान होना चाहिए.”

2026-02-09 09:55 GMT

“सरकार सच से डरती है, इसलिए मुझे बोलने नहीं दिया गया” - राहुल गांधी का बड़ा आरोप

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सदन में उन्हें बोलने से रोके जाने को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि पूरा विवाद जनरल नरवणे की किताब को लेकर शुरू हुआ, जिस पर सरकार किसी भी तरह की चर्चा नहीं चाहती थी. राहुल गांधी ने बताया कि जब उन्होंने इस मुद्दे को उठाने की कोशिश की, तो सरकार ने सदन की कार्यवाही बार-बार बाधित कर दी और उन्हें बोलने नहीं दिया गया. उन्होंने कहा, “पहले कहा गया कि मैं किसी किताब का हवाला नहीं दे सकता. फिर कहा गया कि मैगजीन का हवाला भी नहीं दे सकता. जब मैंने कहा कि बिना उद्धरण दिए ही बात करूंगा, तब भी मुझे बोलने से रोका गया.”

2026-02-09 09:25 GMT

“राहुल गांधी को बोलने नहीं दिया गया, संसद बहस का मंच नहीं रही” - शशि थरूर का सरकार और स्पीकर पर हमला

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बोलने की अनुमति न मिलने पर गंभीर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि मौजूदा स्थिति बेहद अजीब और लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ है. शशि थरूर ने कहा कि संसद में पिछले 70 वर्षों से चली आ रही परंपरा रही है कि जब दो लोग बोलने के लिए खड़े होते हैं, तो एक नेता प्रतिपक्ष और दूसरा संसदीय कार्य मंत्री होता है. दोनों को बोलने का अवसर दिया जाता है. लेकिन उन्होंने आरोप लगाया कि हाल के दिनों में लगातार दो पीठासीन अधिकारियों ने नेता प्रतिपक्ष को बोलने की अनुमति नहीं दी, जबकि संसदीय कार्य मंत्री को हर बार तुरंत माइक दे दिया गया. थरूर ने कहा, “यह ठीक नहीं है. आप सरकार के पक्ष को इस तरह तरजीह नहीं दे सकते. सदन हम सभी का है. नेता प्रतिपक्ष को अपनी बात रखने का अधिकार है और सरकार को बाद में जवाब देने का पूरा मौका मिलेगा.”

2026-02-09 08:55 GMT

लोकसभा में बोलने नहीं दिया जा रहा: प्रियंका गांधी का सरकार पर हमला, बोलीं - यह लोकतंत्र नहीं

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने लोकसभा की कार्यवाही को लेकर सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि सदन में आकर विपक्षी नेता को बोलने तक की अनुमति नहीं दी जा रही, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए बेहद चिंताजनक है. प्रियंका गांधी ने कहा, “यह बहुत दुखद है कि हम सदन में जाते हैं और बिना किसी चर्चा के बाहर आ जाते हैं. नेता प्रतिपक्ष को एक मिनट के लिए भी बोलने नहीं दिया जा रहा. यह हास्यास्पद स्थिति है. यह लोकतंत्र नहीं है. फिर हम यहां आते ही क्यों हैं? उन्हें बोलने दिया जाना चाहिए.”

2026-02-09 08:38 GMT

तक्षशिला यात्रा पर हिमंता का सवाल: गोगोई को रावलपिंडी जाने की इजाजत किसने दी?

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कांग्रेस नेता गौरव गोगोई की पाकिस्तान यात्रा को लेकर नया सवाल खड़ा किया है. हिमंता ने सोशल मीडिया पर लिखा कि गोगोई ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह खुलासा किया कि तक्षशिला (टैक्सिला) इस्लामाबाद में नहीं, बल्कि पाकिस्तान के रावलपिंडी जिले में स्थित है. मुख्यमंत्री के मुताबिक, गोगोई के पाकिस्तान वीजा में केवल लाहौर, कराची और इस्लामाबाद जाने की अनुमति दर्ज थी. ऐसे में यह एक गंभीर और सीधा सवाल बनता है कि जब वीजा में रावलपिंडी जाने की अनुमति नहीं थी, तो वह तक्षशिला कैसे पहुंचे? हिमंता सरमा ने कहा कि पाकिस्तान के इमिग्रेशन नियमों के अनुसार, वीजा में दर्ज शहरों के अलावा किसी अन्य क्षेत्र में यात्रा करने के लिए विशेष अनुमति जरूरी होती है. ऐसे में यह जानना जरूरी है कि बिना स्पष्ट मंजूरी के गोगोई को रावलपिंडी जिले में स्थित तक्षशिला तक जाने में किसने मदद की.

2026-02-09 08:03 GMT

कुलदीप सेंगर को तत्काल राहत देने से सुप्रीम कोर्ट का इनकार


बलात्कार के दोषी और भाजपा के पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को तत्काल राहत देने से इनकार करते हुए, सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली उच्च न्यायालय से अनुरोध किया है कि बलात्कार पीड़िता के पिता की हिरासत में हुई मौत के मामले में सेंगर की सजा निलंबित करने और जमानत की याचिका पर सुनवाई की जाए. भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने दिल्ली उच्च न्यायालय को सेंगर की याचिका पर तीन महीने के भीतर सुनवाई पूरी करने का निर्देश दिया. न्यायालय ने कहा, “हम इस मामले को उच्च न्यायालय से अपील की सुनवाई और निर्णय लेने का अनुरोध करने के लिए उपयुक्त मानते हैं, लेकिन तीन महीने से अधिक समय नहीं लगना चाहिए.”

2026-02-09 07:56 GMT

नीतीश सरकार पर भड़की राबड़ी देवी

आरजेडी नेता और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी का कहना हैं कि "यह एक बेकार सरकार है. सम्राट चौधरी को जवाब देना चाहिए. दलितों और पिछड़ी जातियों के खिलाफ अत्याचार हो रहे हैं. मुख्यमंत्री को इस्तीफा देना चाहिए, सम्राट चौधरी गृह मंत्री हैं, उन्हें इस्तीफा देना चाहिए. क्या 10,000 रुपये देने से महिलाओं को सशक्त बनाया जा सकेगा? उन्हें सुरक्षा की जरूरत है. दलित लड़कियों, अल्पसंख्यक लड़कियों और गरीब लड़कियों की हत्या और बलात्कार हो रहे हैं; इसे रोकें, इस्तीफा दें."

2026-02-09 07:43 GMT

वीर सावरकर के लिए भारत रत्न की मांग पर असदुद्दीन ओवैसी

RSS प्रमुख मोहन भगवत द्वारा वीर सावरकर के लिए भारत रत्न की मांग पर असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, "भाजपा एक ऐसे व्यक्ति को भारत रत्न देने की योजना बना रही है जिसने अंग्रेजों को छह दया याचिकाएं लिखीं. एक समय ऐसा भी आएगा जब भाजपा महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे को भी भारत रत्न से सम्मानित करने पर विचार करेगी."

2026-02-09 07:24 GMT

हिमंता के आरोपों पर गौरव गोगोई का पलटवार: बोले - SIT रिपोर्ट सार्वजनिक हो, CM चाणक्य नहीं हैं

गुवाहाटी में असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा द्वारा लगाए गए आरोपों पर तीखी प्रतिक्रिया दी है. गोगोई ने कहा कि वह शुरू से ही एसआईटी (SIT) जांच के खिलाफ नहीं हैं और चाहते हैं कि उसकी रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए. उन्होंने कहा, “शुरू से मैं यही कह रहा हूं कि मैं एसआईटी की जांच के खिलाफ नहीं जाऊंगा. मैं चाहता हूं कि एसआईटी की रिपोर्ट सामने आए. मुख्यमंत्री चाणक्य नहीं हैं.”

Similar News