Aaj ki Taaza Khabar: मलेशिया में मोदी–अनवर की ‘पावर मीटिंग’, बोले- यह यादें हमेशा रहेंगी
Aaj ki Taaza Khabar Live News: स्टेट मिरर हिंदी के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है. यहां आपको दिनभर की ब्रेकिंग, बड़ी खबरें और हेडलाइन देखने को मिलेगी. 8 फरवरी 2026 को देश, दुनिया, खेल और मनोरंजन जगत में क्या-क्या खास रहा, जानने के लिए यहां पढ़ें LIVE UPDATE.;
पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत-अमेरिका व्यापार समझौते में किसानों और कृषि सुरक्षा की पूरी गारंटी: शिवराज सिंह चौहान
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि अब तक, पीएम मोदी के नेतृत्व में नौ FTAs (Free Trade Agreements) पर हस्ताक्षर किए जा चुके हैं, जिसमें अमेरिका के साथ समझौता भी शामिल है. अन्य देशों के साथ भी वार्ता चल रही है. ये समझौते और समझदारी 2047 में 'विकसित भारत' और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में मील के पत्थर साबित होंगे.”
भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते पर उन्होंने स्पष्ट किया. पीएम मोदी ने कहा कि वह देश को झुकने नहीं देंगे और किसानों के हितों को कोई नुकसान नहीं होने देंगे. इस व्यापार समझौते में इन दोनों बातों का पूरा ध्यान रखा गया है. कृषि और कृषि उत्पादों के मामले में ऐसा कोई उत्पाद शामिल नहीं किया गया जो भारतीय किसानों को नुकसान पहुंचा सके.
सोयाबीन, मक्का, चावल, गेहूं, चीनी, अनाज, पोल्ट्री, डेयरी, केले, स्ट्रॉबेरी, चेरी, खट्टे फल, हरी मटर, काबुली चना, मूंग, तिलहन, इथेनॉल, तंबाकू जैसे उत्पादों पर कोई टैरिफ छूट नहीं दी गई. हमारे मुख्य फसल, फल और डेयरी उत्पादन के लिए अमेरिका के लिए कोई दरवाजा नहीं खोला गया. कोई भी लिक्विड, पाउडर, क्रीम, योगर्ट, मट्ठा, मक्खन, घी, बटर ऑयल, पनीर या चीज़ भारत में आयात नहीं होंगे. हमारे मसाले सुरक्षित हैं. भारत के कई कृषि उत्पाद अमेरिका को शून्य शुल्क पर निर्यात किए जाएंगे, जबकि अमेरिकी कृषि उत्पादों को भारतीय बाजार में यह छूट नहीं दी गई है.”
भारत- मलेशिया रिश्तों में नई रफ्तार: मोदी और अनवर इब्राहिम का साझा प्रेस बयान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ संयुक्त प्रेस बयान में कहा कि “पिछले कुछ वर्षों में हमारे संबंधों ने नई रफ्तार पकड़ी है. मेरे मित्र, प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने इसमें विशेष योगदान दिया है. ऊर्जा, अवसंरचना और मैन्युफैक्चरिंग में हमारा सहयोग मजबूत हुआ है. डिजिटल अर्थव्यवस्था, बायोटेक और आईटी में आपसी निवेश बढ़ा है. पर्यटन और लोगों के बीच संबंध भी गहरे हुए हैं. इन उपलब्धियों से प्रेरणा लेते हुए, हमने अपने साझेदारी में अभूतपूर्व गति और गहराई लाने का निर्णय लिया है.”
भारत की तेज़ आर्थिक उड़ान से ASEAN को फायदा, शिक्षा और व्यापार में सहयोग बढ़ेगा: अनवर इब्राहिम
मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने भारत की आर्थिक प्रगति और वैश्विक प्रभाव की खुलकर सराहना करते हुए कहा कि 'भारत तेज़ी से आगे बढ़ रहा है. अंतरराष्ट्रीय आर्थिक और व्यापारिक मंच पर यह एक असाधारण उभार है. ऐसे में ASEAN के संदर्भ में मलेशिया को भी जबरदस्त लाभ होगा, अगर हम भारत के साथ सहयोग के और ज्यादा रास्ते और अवसर तलाश सकें और 2025 में हासिल किए गए 18.59 अरब डॉलर के व्यापार आंकड़े से आगे बढ़ सकें.
एक उल्लेखनीय कदम स्थानीय मुद्रा के अधिकतम उपयोग का फैसला है. शिक्षा हमेशा से बेहद अहम रही है. कई मलेशियाई नागरिकों ने भारत में शिक्षा हासिल की है और मलेशिया में भारतीय छात्रों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है. खासतौर पर बीते एक दशक में, मेरे प्रिय मित्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में, भारत के शैक्षणिक उत्कृष्टता केंद्रों को वैश्विक स्तर पर शानदार पहचान मिली है. ये संस्थान न केवल पश्चिमी देशों के प्रतिष्ठित संस्थानों के बराबर हैं, बल्कि कई मामलों में उनसे आगे भी निकल चुके हैं. इसलिए हम निश्चित रूप से इस दिशा में काम करेंगे ताकि विभिन्न विषयों और क्षेत्रों में भारत में पढ़ने वाले छात्रों की संख्या और बढ़ाई जा सके.'
आतंकवाद से साझी लड़ाई से रणनीतिक साझेदारी तक: भारत-मलेशिया रिश्तों को नई ऊंचाई देने का संदेश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कल मुझे आपके साथ प्रवासी भारतीय समुदाय के सदस्यों से मिलने का अवसर भी मिला. यह एक बेहद खास अनुभव था. प्रवासी समुदाय के मन में आपके प्रति जो व्यक्तिगत सम्मान और स्नेह है, वह कल साफ नजर आया और मुझे इस पर गर्व महसूस हुआ. आतंकवाद के खिलाफ हमारी लड़ाई में मित्र देशों का समर्थन बेहद अहम है. हम दृढ़ता से मानते हैं कि भारत और मलेशिया की समृद्धि आपस में जुड़ी हुई है.
वैश्विक अस्थिरता के इस दौर में, भारत और मलेशिया- दो समुद्री पड़ोसी देशों के लिए यह जरूरी है कि हम अपने रिश्तों की पूरी क्षमता का इस्तेमाल करें. मेरी आज की यात्रा का मूल संदेश बिल्कुल स्पष्ट है. भारत, मलेशिया के साथ मिलकर अपने संबंधों को नई ऊंचाई पर ले जाना चाहता है और हर संभव क्षेत्र में सहयोग का विस्तार करना चाहता है.”
'पझाया सोरू' की सेहत का संदेश: चेन्नई में ‘Run for Rice’ मैराथन को दिखाई गई हरी झंडी
तमिलनाडु के स्वास्थ्य मंत्री मा. सुब्रमणियन ने ‘Run for Rice – Pazhaya Soru Marathon, 2026’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस मौके पर उन्होंने कहा कि इस मैराथन का आयोजन पझाया सोरू की महत्ता और इसके स्वास्थ्य लाभों को लेकर व्यापक जन-जागरूकता फैलाने के लिए किया गया है. इसमें 1,000 से अधिक डॉक्टरों, मेडिकल कॉलेज के छात्रों और वरिष्ठ चिकित्सा विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया, ताकि आम जनता तक इसका संदेश पहुंचे. आज पझाया सोरू तमिलनाडु और विदेशों के कई स्टार होटलों में नाश्ते के रूप में परोसा जा रहा है. मुझे उम्मीद है कि इस मैराथन से पैदा हुई जागरूकता बड़े पैमाने पर लोगों तक पहुंचेगी और तमिलनाडु की पारंपरिक आहार परंपरा पर आधारित स्वस्थ खान-पान को बढ़ावा देगी.”
भारत- मलेशिया साझेदारी का विस्तार: कृषि से सेमीकंडक्टर और ASEAN तक मजबूत होते रिश्ते
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 'आज हमारा सहयोग हर क्षेत्र में लगातार गहराता जा रहा है. चाहे वह कृषि हो, मैन्युफैक्चरिंग हो, क्लीन एनर्जी हो या सेमीकंडक्टर्स. कौशल विकास और क्षमता निर्माण में भी हम एक-दूसरे के अहम साझेदार हैं. रक्षा और सुरक्षा के क्षेत्र में हमारा सहयोग भी निरंतर मजबूत हो रहा है. ASEAN की सफल अध्यक्षता के लिए मैं आपको एक बार फिर बधाई देता हूं. हमें पूरा विश्वास है कि मलेशिया के सहयोग से भारत–ASEAN संबंध और अधिक गहरे तथा व्यापक होंगे. हमारे रिश्तों की असली ताकत हमारे लोगों के बीच के संबंध हैं. भारतीय मूल के करीब 30 लाख मलेशियाई नागरिक हमारे दोनों देशों के बीच एक जीवंत सेतु की तरह हैं.”
कुआलालंपुर में मोदी- अनवर इब्राहिम की अहम मुलाकात, द्विपक्षीय रिश्तों को नई मजबूती
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत की. इस दौरान दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय सहयोग, क्षेत्रीय मुद्दों और आपसी संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा हुई. बैठक के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मलेशियाई प्रधानमंत्री और सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “मैं आपका हृदय से धन्यवाद करता हूं. जिस तरह आपने मेरा और मेरे प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया, और पारंपरिक रीति-रिवाजों से आगे बढ़कर जिस खूबसूरती से इन कुछ घंटों में मलेशियाई जीवन को प्रस्तुत किया, साथ ही जिस उत्कृष्ट ढंग से पूरे कार्यक्रम का आयोजन किया गया. यह सब हमेशा हमारी यादों में रहेगा. इसके लिए मैं आपका विशेष और सच्चे मन से आभार व्यक्त करता हूं.”