कितना महत्वपूर्ण है PM Modi का मलेशिया दौरा? कृषि, शिक्षा से लेकर 11 दस्तावेजों का हुआ आदान-प्रदान- Top Updates

PM Modi का मलेशिया दौरा सुरक्षा, शिक्षा और कृषि जैसे मुद्दों को लेकर काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. पीएम मोदी 8 साल के बाद मलेशिया के दौरे पर गए हैं.;

pm modi visit to malaysia

(Image Source:  X/ @ANI )
Edited By :  विशाल पुंडीर
Updated On :

PM Modi Visit To Malaysia: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों मलेशिया के दौरे पर हैं, जहां उनका जोरदार स्वागत किया गया. दौरे के दूसरे दिन पीएम मोदी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया, जो भारत-मलेशिया के मजबूत होते द्विपक्षीय रिश्तों का प्रतीक माना जा रहा है. खास बात यह है कि पीएम मोदी करीब 8 साल बाद मलेशिया पहुंचे हैं, ऐसे में इस यात्रा को दोनों देशों के संबंधों के लिए बेहद अहम माना जा रहा है.

यह दौरा केवल कूटनीतिक औपचारिकताओं तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे भारत और मलेशिया के बीच व्यापार, निवेश और रणनीतिक सहयोग को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है. पीएम मोदी की इस यात्रा के बाद इन्फ्रास्ट्रक्चर, डिजिटल टेक्नोलॉजी, ऊर्जा और औद्योगिक क्षेत्रों में सहयोग और मजबूत होगा. इसलिए इस दौरे को महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

संयुक्त प्रेस वार्ता में क्या बोले पीएम मोदी?

मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "कल मुझे मलेशिया में रहने वाले भारतीय प्रवासियों से मिलने का अवसर मिला. मेरे मित्र प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम की उपस्थिति ने इस कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ा दिया. 30 लाख लोगों का यह जीवंत समुदाय एक बड़ी शक्ति है. उनके कल्याण के लिए उठाए गए कदम हमारे संबंधों को मानवीय गति प्रदान करते हैं. मलेशिया में भारतीय कामगारों की सुरक्षा के लिए सामाजिक सुरक्षा समझौता, मुफ्त ई-वीज़ा और मलेशिया में पर्यटन के लिए यूपीआई डिजिटल इंटरफेस-ये सभी उपाय दोनों देशों के नागरिकों के जीवन को सरल बनाएंगे. कोई भी साझेदारी तभी सफल होती है जब उसका लाभ सीधे लोगों तक पहुंचता है."

ऑडियो विजुअल समझौता पर क्या बोले मोदी?

पीएम मोदी ने कहा कि "तमिल भाषा के प्रति साझा प्रेम भारत और मलेशिया को जोड़ता है. मलेशिया में, शिक्षा, मीडिया और सांस्कृतिक जीवन में तमिल की सशक्त और जीवंत उपस्थिति देखी जा सकती है. मुझे विश्वास है कि आज के ऑडियो विजुअल समझौते के साथ, फिल्म और संगीत, विशेष रूप से तमिल फिल्में, हमारे दिलों को और करीब लाएंगी."

आतंकवाद पर क्या बोले मोदी?

उन्होंने कहा "हमने क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी सार्थक चर्चा की. वैश्विक अस्थिरता के इस माहौल में, भारत और मलेशिया के बीच बढ़ती मित्रता दोनों देशों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है. हम दोनों मानते हैं कि आज की चुनौतियों का समाधान वैश्विक संस्थानों में सुधार के माध्यम से ही संभव है. हम शांति के सभी प्रयासों का समर्थन करते रहेंगे. आतंकवाद पर हमारा संदेश स्पष्ट है-कोई दोहरा मापदंड नहीं, कोई समझौता नहीं."

क्या बोले मलेशिया के पीएम?

मलेशिया के पीएम मोदी अनवर इब्राहिम ने कहा कि "हम इस बैठक और इन आदान-प्रदान को भारत और मलेशिया के बीच संबंधों को आगे बढ़ाने और मजबूत करने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण, रणनीतिक और आवश्यक मानते हैं. 1957 से हमारे दीर्घकालिक संबंध रहे हैं लेकिन 2024 में हमने इसे एक व्यापक रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक पहुंचा दिया है. गहरे ऐतिहासिक संबंध, मजबूत जन-संबंध और निरंतर विस्तारित आर्थिक सहयोग के साथ, हम व्यापार और निवेश, सेमीकंडक्टर, डिजिटल अर्थव्यवस्था, स्थानीय मुद्रा में व्यापार, कनेक्टिविटी, ऊर्जा, कृषि, खाद्य, सुरक्षा, रक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, पर्यटन, संस्कृति और जन-संबंधों सहित सभी क्षेत्रों में सहयोग को और गहरा करना जारी रखेंगे."

Similar News