दिल्ली-NCR: कल धुंध, तेज हवाएं, पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट; बिहार में रातें ठंड
देशभर में फरवरी के महीने में मौसम तेजी से करवट बदल रहा है. दिल्ली-NCR से लेकर कश्मीर तक ठंड, तेज हवाओं और बर्फबारी का असर देखने को मिल सकता है.;
देशभर में मौसम अब फिर से बदलाव की ओर बढ़ रहा है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कई राज्यों में दो पश्चिमी विक्षोभों (Western Disturbances) के आने के कारण बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है. खासकर पहाड़ी इलाकों में बर्फ गिरने की संभावना है. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली-NCR में इन दिनों तेज सतही हवाएं चल रही हैं, जिसकी वजह से मौसम में बार-बार बदलाव दिख रहा है. सुबह और शाम को काफी ठंड और गलन महसूस होती है, जबकि दिन में तेज धूप और हवाओं के कारण तापमान थोड़ा ज्यादा लगता है.
डॉक्टरों और स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि फरवरी के महीने में मौसम का यह उतार-चढ़ाव लोगों को बीमार बना सकता है. सर्दी के अंत में जब कभी गर्मी लगती है तो कभी ठंड, तो लोग गर्म कपड़े उतार देते हैं और ठंडा पानी या आइसक्रीम खाने का मन करता है. लेकिन यही छोटी-छोटी लापरवाही बाद में सर्दी-खांसी, गले में खराश या बुखार जैसी बीमारियां ला सकती हैं. इसलिए इस समय थोड़ी सावधानी बरतनी बहुत जरूरी है.
कैसा रहेगा दिल्ली-NCR का मौसम?
दिल्ली-NCR में कल सुबह हल्की धुंध छाई रह सकती है. दिन में आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा, लेकिन तेज हवाएं चलेंगी (15-25 किमी/घंटा की रफ्तार से). अधिकतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है, जो सामान्य से थोड़ा ज्यादा है. न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा. शाम को फिर ठंड बढ़ सकती है. प्रदूषण का स्तर अभी भी ज्यादा अच्छा नहीं है, इसलिए बाहर निकलते समय मास्क पहनना बेहतर रहेगा.
क्या है यूपी और बिहार का हाल
उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में अभी मौसम शुष्क और स्थिर है. अगले 3-4 दिनों तक कोई बड़ा बदलाव नहीं दिख रहा. कल अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है. उसके बाद 2 दिनों में थोड़ी गिरावट आ सकती है, लेकिन कड़ाके की ठंड या भारी बारिश की कोई आशंका नहीं है. दिन में धूप अच्छी निकलेगी और मौसम सुहावना रहेगा. बिहार में मौसम अब बदलने की तैयारी में है. दिन में धूप तो निकल रही है, लेकिन सर्द हवाओं की वजह से ठिठुरन बनी हुई है. शाम होते ही ठंड काफी बढ़ जाती है. कल भी यही हाल रहने की उम्मीद है- दिन में हल्की गर्मी महसूस होगी, लेकिन रात और सुबह में ठंड ज्यादा होगी. कोई बड़ा मौसम परिवर्तन या बारिश का अलर्ट अभी नहीं है.
राजस्थान-जम्मू कश्मीर में छाएंगे बादल
राजस्थान में अगले 3-4 दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा. तापमान में थोड़ी-बहुत बढ़ोतरी जारी रहेगी. जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार, कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हल्के बादल छा सकते हैं. लेकिन ज्यादातर जगहों पर मौसम साफ रहेगा. 9 फरवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ आ सकता है, जिससे अजमेर, भीलवाड़ा, जयपुर, पिलानी, चित्तौड़गढ़, जैसलमेर और जोधपुर जैसे इलाकों में तापमान थोड़ा गिर सकता है. फिलहाल कल मौसम अच्छा और स्थिर रहेगा. कश्मीर घाटी में रातें काफी ठंडी हो गई हैं और न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु (0 डिग्री) से नीचे चला गया है. दिन में तापमान ज्यादा बढ़ रहा है, लेकिन रातों में सर्दी बहुत तेज है. बारामूला में न्यूनतम तापमान -6.8 डिग्री, पहलगाम में -7.5 डिग्री तक पहुंच गया है, जो घाटी की सबसे ठंडी जगह बन गई है. काजीगुंड, कोकरनाग और कुपवाड़ा में भी पारा -2.4 से -3.7 डिग्री के बीच दर्ज किया गया. कल भी ठंड बढ़ने का अनुमान है. 8 फरवरी रात से नया पश्चिमी विक्षोभ प्रभाव डाल सकता है, जिससे 9-10 फरवरी को हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है.