कौन हैं जू ए, जिसे किम जोंग उन ने चुना अपना उत्तराधिकारी? टूट जाएगी उत्तर कोरिया की सालों पुरानी परंपरा
किम जोंग उन ने अपनी बेटी किम जू ए को उत्तराधिकारी बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. जू ए की सार्वजनिक और सैन्य कार्यक्रमों में बढ़ती मौजूदगी इसे मजबूत संकेत माना जा रहा है.
किम जोंग उन की बेटी किम जू ए बनेंगी उत्तराधिकारी
Kim Jong Un Successor Kim Ju Ae: उत्तर कोरिया से एक बड़ी खबर सामने आ रही है. दक्षिण कोरिया की खुफिया एजेंसी (NIS) के मुताबिक, किम जोंग उन ने अपनी 13 साल की बेटी किम जू ए को औपचारिक तौर पर उत्तराधिकारी बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. हाल के महीनों में जू ए लगातार सार्वजनिक कार्यक्रमों में अपने पिता के साथ दिखाई दे रही हैं. सितंबर 2025 में वह पहली बार विदेश यात्रा पर चीन गई थीं. बीजिंग में आधिकारिक प्रोटोकॉल के तहत उनकी मौजूदगी ने दुनिया का ध्यान खींचा था.
उत्तर कोरिया में आज तक कोई महिला सर्वोच्च नेता नहीं बनी. किम जोंग उन अगर अपनी बेटी को उत्तराधिकारी बनाते हैं, तो यह देश की पुरुष-प्रधान सत्ता परंपरा में बड़ा बदलाव होगा. NIS ने दावा किया है कि जू ए अब 'उत्तराधिकारी डेजिगनेशन' के चरण में हैं. यानी उन्हें सिर्फ सार्वजनिक तौर पर पेश नहीं किया जा रहा, बल्कि शासन से जुड़े फैसलों और नीतियों की समझ भी दी जा रही है.
कौन हैं जु ए?
जू ए के बारे में ज्यादा जानकारी उपलब्ध नहीं है. हालांकि, उन्हें अक्सर ICBM मिसाइल परीक्षणों, सैन्य परेड और अहम राजनीतिक आयोजनों में किम जोंग उन के साथ देखा गया है. हालिया तस्वीरों में वह अपने पिता के पीछे नहीं, बल्कि बराबर में चलती नजर आईं, जो उत्तर कोरिया की सत्ता संरचना में एक मजबूत संकेत माना जा रहा है. जू ए साल 2022 में पहली बार एक कार्यक्रम में अपने पिता किम जोंग के साथ सार्वजनिक रूप से नजर आई थीं. इसके बाद वह कई प्रोग्राम में उनके साथ दिखी हैं.
जू ए के नाम का पहली बार जिक्र dennis rodman ने किया था. हालांकि, कुछ विशेषज्ञों का मानना है कि उनका वास्तविक नाम कुछ अलग हो सकता है. Ju Ae के जन्म का साल लगभग 2012–2013 माना जाता है. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, जू‑ए घर में शिक्षा लेती हैं. उन्हें घुड़सवारी, स्कीइंग और स्विमिंग बहुत ज्यादा पसंद है.
बड़ा एलान कब?
इस महीने के अंत में होने वाली ‘वर्कर्स पार्टी कांग्रेस’ पर दुनिया की नजरें टिकी हैं. यह पांच साल में एक बार होने वाला सबसे बड़ा राजनीतिक आयोजन है. माना जा रहा है कि इसी मंच से जू ए को कोई आधिकारिक पद या औपचारिक उपाधि दी जा सकती है.
क्या यह इमेज पॉलिटिक्स है?
विशेषज्ञ मानते हैं कि जू ए की सार्वजनिक मौजूदगी किम जोंग उन की सख्त और सैन्य छवि को थोड़ा नरम दिखाने की रणनीति भी हो सकती है. उत्तर कोरिया जैसे सख्त नियमों वाले देश में जहां आम नागरिकों के पहनावे और हेयरस्टाइल तक पर नियंत्रण है, वहां जू ए का लंबे बालों और महंगे डिजाइनर कपड़ों में दिखना भी एक अलग संदेश देता है- सत्ता और विशेषाधिकार का.
किम जोंग उन का क्या कोई बेटा भी है?
किम जोंग उन के एक बेटे होने की अटकलें भी लगती रही हैं, लेकिन उसे कभी सार्वजनिक तौर पर नहीं दिखाया गया. वहीं, किम की बहन किम यो जोंग पहले ही सत्ता के कई अहम फैसलों में सक्रिय भूमिका निभा चुकी हैं. इससे यह संकेत मिलता है कि किम परिवार की महिलाएं भी सत्ता संरचना में प्रभावशाली हो सकती हैं. अगर जू ए को आधिकारिक उत्तराधिकारी घोषित किया जाता है, तो यह उत्तर कोरिया की राजनीति में ऐतिहासिक मोड़ होगा.





