Network Instability क्या है? अमेरिका ईरान वॉर में कैसे कर रहा काम
अमेरिका-ईरान युद्ध में Network Instability कैसे proxies, cyberwar, oil routes और digital propaganda के जरिए पूरी दुनिया को प्रभावित कर रही है, जानिए.
अमेरिका और ईरान के बीच 88 दिनों से जारी तनाव अब ट्रेडिशनल वॉर की सीमाओं से काफी आगे निकल चुका है. यह सिर्फ मिसाइलों, सैनिकों या सीमाओं तक सीमित संघर्ष नहीं रह गया, बल्कि अब यह कई जुड़े हुए नेटवर्कों के जरिए संचालित होने वाला अस्थिरता का मॉडल यानी ग्लोबल वॉर में तब्दील हो चुका है. वॉर एक्सपर्ट - इसी को “नेटवर्क अस्थिरता” कहते हैं. इसका अर्थ है ऐसा संघर्ष जिसे केवल सैन्य ताकत से पूरी तरह खत्म नहीं किया जा सकता, क्योंकि वह प्रॉक्सी संगठनों, साइबर हमलों, समुद्री दबाव, वैचारिक प्रभाव, तेल आपूर्ति मार्गों और डिजिटल प्रचार जैसे कई परस्पर जुड़े तंत्रों पर आधारित होता है.
यही वजह है कि अमेरिका और ईरान के बीच कई बार तनाव कम होने या युद्धविराम जैसी स्थिति बनने के बावजूद संघर्ष पूरी तरह समाप्त नहीं हो पाया है. दोनों के बीच तनातनी बरकरार है. परमाणु कार्यक्रम से पीछे हटना ईरान की सुरक्षा का सवाल है तो ट्रंप के लिए एकतरफा पीछे हटना न केवल उनके लिए बल्कि दुनिया भर में अमेरिकी सुप्रीमेसी के लिहाज से अस्तित्व का सवाल है. ऐसा करने पर दुनिया भर की मीडिया यही कहेगी, ट्रंप का यह फैसला अमेरिका के लिए वियतनाम युद्ध में मिली हार से भी बड़ी हार है.
ईरान सिर्फ देश की तरह क्यों नहीं लड़ रहा?
ईरान की रणनीति पारंपरिक सैन्य युद्ध से अलग मानी जाती है. वह केवल अपनी सेना के भरोसे संघर्ष नहीं करता, बल्कि उसके पास क्षेत्रीय सहयोगियों, प्रॉक्सी संगठनों, वैचारिक समूहों और समुद्री दबाव बनाने वाले नेटवर्कों का बड़ा ढांचा मौजूद है. लेबनान में हिज्बुल्लाह, यमन में हूती समूह, इराक की कई सशस्त्र मिलिशिया और इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड से जुड़े नेटवर्क सीधे युद्धक्षेत्र से बाहर रहकर भी अमेरिका और उसके सहयोगियों पर दबाव बनाए रखते हैं. इससे संघर्ष किसी एक सीमा तक सीमित नहीं रहता बल्कि पूरे पश्चिम एशिया में फैल जाता है.
होर्मुज स्ट्रेट कैसे बना रणनीतिक हथियार?
दरअसल, होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल मार्गों में गिना जाता है. दुनिया के बड़े हिस्से की तेल आपूर्ति इसी रास्ते से गुजरती है. ईरान इसे पूरी तरह बंद किए बिना भी अस्थिरता पैदा कर सकता है. समुद्री सुरंगों, ड्रोन गतिविधियों, तेल टैंकरों को रोकने या नौसैनिक दबाव के जरिए वह वैश्विक अर्थव्यवस्था पर असर डालने की क्षमता रखता है. इसका सीधा प्रभाव तेल की कीमतों, महंगाई, समुद्री बीमा और एशियाई अर्थव्यवस्थाओं तक दिखाई देता है. यही कारण है कि यह संघर्ष केवल सैन्य नहीं बल्कि आर्थिक अस्थिरता का भी बड़ा कारण बन जाता है. “ईरान अब युद्धक्षेत्र से ज्यादा वैश्विक व्यवस्थाओं को निशाना बना रहा है.”
युद्धविराम के बाद भी संघर्ष जारी क्यों?
अमेरिका और ईरान के बीच औपचारिक युद्धविराम जैसी स्थिति बनने के बावजूद छोटे स्तर के टकराव लगातार जारी रहते हैं. कभी अमेरिकी सेना आत्मरक्षा के नाम पर हमले करती है, तो कभी ईरानी नौकाओं पर समुद्री सुरंगें बिछाने के आरोप लगते हैं. इसके अलावा, प्रॉक्सी जवाबी कार्रवाई, साइबर हमले और समुद्री व्यवधान जैसे घटनाक्रम लगातार तनाव बनाए रखते हैं. यही कारण है कि संघर्ष खत्म होने के बजाय नए रूपों में जीवित रहता है.
साइबर वॉर कितना बड़ा खतरा?
मॉडर्न वॉर अब केवल मिसाइलों और हथियारों से नहीं लड़ा जाता. बैंकिंग प्रणाली पर हमले, हैकिंग, डिजिटल नेटवर्क बाधित करना और ऑनलाइन प्रचार भी युद्ध का हिस्सा बन चुके हैं. ईरान से जुड़े साइबर नेटवर्क और हैक्टिविस्ट समूह लगातार सक्रिय हैं. डिजिटल माध्यमों ने संघर्ष को चौबीसों घंटे चलने वाली प्रक्रिया में बदल दिया है, जहां हमला केवल सीमा पर नहीं बल्कि इंटरनेट और सूचना तंत्र के भीतर भी होता है. “डिजिटल नेटवर्क ने युद्ध को चौबीसों घंटे चलने वाले संघर्ष में बदल दिया है.”
सैन्य बढ़त के बावजूद हालात अमेरिकी नियंत्रण से बाहर क्यों?
अमेरिका के पास अत्याधुनिक सैन्य शक्ति है. वह हवाई हमले कर सकता है, सैन्य ठिकानों को नष्ट कर सकता है और समुद्री प्रभुत्व दिखा सकता है. लेकिन क्षेत्रीय वैचारिक नेटवर्क, प्रॉक्सी संगठनों, विकेंद्रित मिलिशिया और तेल मार्गों पर बने दबाव को पूरी तरह खत्म करना उसके लिए बेहद कठिन है. इसी वजह से कई विशेषज्ञ इस स्थिति को “अंतहीन युद्ध” की तरह देखते हैं, जहां सैन्य जीत संभव है लेकिन स्थिरता सुनिश्चित करना मुश्किल बना रहता है. अमेरिका ईरान को सैन्य रूप से दंडित कर सकता है, लेकिन क्षेत्रीय नेटवर्क आधारित अस्थिरता को पूरी तरह समाप्त नहीं कर पा रहा.”
ग्लोबल अनरेस्ट से घरेलू राजनीति प्रभावित कैसे?
आज के दौर में अंतरराष्ट्रीय संघर्ष केवल विदेश नीति तक सीमित नहीं रहे. उनका असर देशों की आंतरिक राजनीति और सामाजिक ध्रुवीकरण पर भी दिखाई देने लगा है. लोग किसी भी वैश्विक संघर्ष को केवल रणनीतिक दृष्टि से नहीं देखते, बल्कि उसे अपनी धार्मिक पहचान, वैचारिक सोच, राष्ट्रवाद और राजनीतिक झुकाव से जोड़कर समझने लगते हैं. इससे “हम बनाम वे” जैसी मानसिकता मजबूत होती है.
पहले विदेश नीति विशेषज्ञों और सरकारों तक सीमित चर्चा हुआ करती थी, लेकिन अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म हर वैश्विक घटना को घरेलू राजनीतिक बहस में बदल देते हैं. युद्ध से जुड़ी छोटी वीडियो, भावनात्मक संदेश और आक्रामक प्रचार तेजी से लोगों तक पहुंचते हैं. एल्गोरिद्म अक्सर वही सामग्री आगे बढ़ाते हैं जो भावनात्मक और विभाजनकारी हो. इससे वैश्विक संघर्ष स्थानीय राजनीतिक विवाद का रूप लेने लगते हैं.
सियासी पार्टियां वैश्विक मुद्दों का इस्तेमाल कैसे करते हैं?
कई देशों में सत्ताधारी दल सीमा सुरक्षा, सैन्य शक्ति और राष्ट्रवादी छवि के जरिए खुद को मजबूत नेतृत्व के रूप में पेश करते हैं. वहीं, विपक्ष आर्थिक संकट, कूटनीतिक असफलता और लोकतांत्रिक चिंताओं के जरिए सरकार को घेरने की कोशिश करता है. इस तरह विदेशी मुद्दे घरेलू वैचारिक संघर्ष में बदल जाते हैं.
आर्थिक दबाव ध्रुवीकरण क्यों बढ़ाता है?
वैश्विक संघर्षों का असर तेल की कीमतों, महंगाई, रोजगार और आपूर्ति श्रृंखलाओं पर पड़ता है. जब आर्थिक दबाव बढ़ता है, तब समाज में भावनात्मक राजनीति, राष्ट्रवाद, साजिश सिद्धांतों और किसी एक समूह को दोष देने की प्रवृत्ति भी तेज हो जाती है. यही कारण है कि लंबे संघर्ष सामाजिक तनाव को और बढ़ा देते हैं.
नई पीढ़ी वैश्विक संघर्षों को मुख्य रूप से छोटे वीडियो, मीम संस्कृति और प्रभावशाली इंटरनेट व्यक्तियों के जरिए समझती है. कई बार ऐतिहासिक पृष्ठभूमि की बजाय प्रतीकात्मक प्रतिक्रियाएं ज्यादा प्रभाव डालती हैं. इससे वैचारिक ध्रुवीकरण तेजी से बढ़ सकता है.
भारत में भी इसका असर क्यों?
भारत में पाकिस्तान, चीन, गाजा और रूस–यूक्रेन जैसे मुद्दे अब केवल विदेश नीति तक सीमित नहीं हैं. वे चुनावी भाषणों, टीवी बहसों, ऑनलाइन ट्रोलिंग, छात्र राजनीति और उपभोक्ता राष्ट्रवाद तक पहुंच चुके हैं. वैश्विक संघर्ष अब घरेलू राजनीतिक विमर्श का हिस्सा बनते जा रहे हैं.
क्या हर बार ध्रुवीकरण नकारात्मक होता है?
दरअसल, बाहरी खतरे कभी-कभी राष्ट्रीय एकता भी मजबूत करते हैं. वैश्विक संघर्षों से लोगों की रणनीतिक समझ बढ़ती है और विदेश नीति में रुचि भी बढ़ती है. इसलिए हर प्रकार का ध्रुवीकरण केवल नकारात्मक परिणाम ही लाए, यह जरूरी नहीं है. आज वैश्विक संघर्ष सीमाओं पर जितने लड़े जा रहे हैं, उतने ही स्मार्टफोन और घरेलू राजनीतिक विमर्श के भीतर भी लड़े जा रहे हैं.




