कौन हैं पवन देव महाराज, जिन पर बिहार की महिला ने दुष्कर्म का लगाया आरोप? 10 पॉइंट्स में जानिए पूरा मामला
अयोध्या के कथावाचक पवन देव महाराज पर बिहार की एक महिला ने दुष्कर्म, मारपीट, धमकी और करीब 10 लाख रुपये के गहने हड़पने के गंभीर आरोप लगाए हैं. महिला का दावा है कि राम मंदिर दर्शन के बहाने उसे अयोध्या बुलाया गया, शादी का वादा किया गया और बाद में धोखा दिया गया.
Pawan Dev Maharaj
Who is Pawan Dev Maharaj: धार्मिक मंचों पर प्रवचन देने वाले और खुद को प्रसिद्ध कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर का शिष्य बताने वाले पवन देव महाराज इन दिनों गंभीर आरोपों की वजह से सुर्खियों में हैं. बिहार की एक महिला ने उनके खिलाफ दुष्कर्म, धोखाधड़ी, मारपीट, धमकी और लाखों रुपये के गहने हड़पने का आरोप लगाया है. शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
महिला का दावा है कि कहानी की शुरुआत एक धार्मिक कथा से हुई थी, लेकिन धीरे-धीरे यह मामला विश्वास, रिश्तों, शादी के वादे और गंभीर आपराधिक आरोपों तक पहुंच गया. फिलहाल पुलिस सभी दावों और साक्ष्यों की जांच कर रही है.
क्या है पूरा मामला?
1. कथा पंडाल में हुई पहली मुलाकात: महिला के मुताबिक, वर्ष 2023 में बिहार के चंपारण में आयोजित एक कथा कार्यक्रम के दौरान उसकी मुलाकात पवन देव महाराज से हुई. कथा समाप्त होने के बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई. धीरे-धीरे संपर्क बढ़ता गया और रिश्ता पहले से ज्यादा करीब हो गया.
2. लगातार बातचीत से बढ़ीं नजदीकियां: महिला का आरोप है कि कथावाचक लगातार उसके संपर्क में रहे. फोन और अन्य माध्यमों से बातचीत होती रही. समय के साथ भरोसा बढ़ा और दोनों के बीच निजी स्तर पर भी संबंध मजबूत होने लगे.
3. राम मंदिर दर्शन का प्रस्ताव: महिला का दावा है कि जुलाई 2025 में पवन देव महाराज ने उसे राम मंदिर के दर्शन कराने का प्रस्ताव दिया. वीआईपी दर्शन का भरोसा देकर उसे अयोध्या आने के लिए कहा गया. महिला अपने बेटे के साथ अयोध्या पहुंची और कथावाचक के घर में ठहरी.
4. घर में ठहरने के दौरान दुष्कर्म का आरोप: महिला का आरोप है कि अयोध्या में रहने के दौरान मौका पाकर कथावाचक ने उसके साथ दुष्कर्म किया. जब उसने विरोध किया तो उसे शादी का भरोसा दिया गया. इसी भरोसे के कारण उसने तत्काल पुलिस में शिकायत नहीं की.
5. मंदिर में शादी का दावा: महिला का कहना है कि 17 अगस्त 2025 को अयोध्या के नाका हनुमानगढ़ी क्षेत्र स्थित एक मंदिर में दोनों ने विवाह किया. उसके मुताबिक. शादी के बाद वह कथावाचक के घर में रहने लगी और दोनों पति-पत्नी की तरह रहने लगे.
6. गर्भवती होने का भी दावा: शिकायत में महिला ने कहा है कि शादी के बाद वह गर्भवती भी हुई थी. हालांकि कुछ समय बाद उसे वापस मायके भेज दिया गया. इसके बाद रिश्ते में तनाव बढ़ने लगा और विवाद सामने आने लगे.
7. 10 लाख रुपये के जेवर हड़पने का आरोप: महिला का आरोप है कि वह अपने साथ मायके और ससुराल से मिले लाखों रुपये के गहने लेकर अयोध्या आई थी. वापस लौटते समय उसके कई जेवर और कीमती सामान कथावाचक के पास ही रह गए, जो उसे वापस नहीं मिले.
8. मारपीट और धमकी का दावा: महिला ने आरोप लगाया कि बाद में जब उसने अपने सामान और रिश्ते को लेकर सवाल उठाए तो विवाद बढ़ गया. उसका कहना है कि पवन देव महाराज और उनके पिता उसके घर पहुंचे, जहां उसके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई.
9. करणी सेना से भी जुड़ा है नाम: पवन देव महाराज हाल के महीनों में धार्मिक मंचों के अलावा सामाजिक और सार्वजनिक मुद्दों पर भी सक्रिय रहे हैं. उन्हें 13 मई को करणी सेना का राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त किया गया था, जिसके बाद उनकी सार्वजनिक पहचान और बढ़ी.
10. अब पुलिस जांच पर टिकी नजरें: महिला की शिकायत के आधार पर बीकापुर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि मामला संवेदनशील है और सभी तथ्यों, दस्तावेजों तथा दोनों पक्षों के बयानों की जांच की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की सत्यता और आगे की कार्रवाई पर तस्वीर साफ होगी.
कौन हैं पवन देव महाराज?
पवन देव महाराज उत्तर प्रदेश के अयोध्या के रहने वाले एक प्रसिद्ध धार्मिक कथावाचक और भजन गायक हैं. वे मुख्य रूप से श्रीमद्भागवत कथा और श्रीराम कथा के वाचन के लिए जाने जाते हैं. पवन देव अयोध्या जिले के बीकापुर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मलेथू कनक गांव के रहने वाले हैं. वे उत्तर प्रदेश, पंजाब, बिहार और अन्य राज्यों में बड़े पैमाने पर धार्मिक कथाओं और भजनों के कार्यक्रमों का आयोजन करते रहे हैं. सोशल मीडिया (यूट्यूब और फेसबुक) पर भी उनके कथा वाचन के वीडियो काफी लोकप्रिय हैं.




