Begin typing your search...

छत्तीसगढ़ के महासमुंद में धरती के नीचे मिला ‘भविष्य का खजाना’! EV और क्लीन एनर्जी सेक्टर की बदल जाएगी तस्वीर-10 बड़ी बातें

छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में निकल, कॉपर और पैलेडियम जैसे दुर्लभ खनिजों का बड़ा भंडार मिलने की पुष्टि हुई है. विशेषज्ञों का मानना है कि यह खोज भारत की इलेक्ट्रिक व्हीकल, क्लीन एनर्जी और रक्षा क्षेत्र की जरूरतों को पूरा करने में अहम भूमिका निभा सकती है.

rare-mineral-reserve-found-in-mahasamund
X
महासमुंद में मिला दुर्लभ खनिजों का भंडार
( Image Source:  ChatGPT )

छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले से सामने आई एक खोज ने खनन और ऊर्जा क्षेत्र के विशेषज्ञों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है. जिले के भालूकोना क्षेत्र में जमीन के नीचे निकल, कॉपर और पैलेडियम जैसे दुर्लभ खनिजों का बड़ा भंडार मिलने की पुष्टि हुई है. यह सिर्फ एक खदान की खोज नहीं मानी जा रही, बल्कि इसे भारत की भविष्य की ऊर्जा जरूरतों और इलेक्ट्रिक व्हीकल सेक्टर के लिए गेम चेंजर माना जा रहा है.

डेक्कन गोल्ड माइंस को आवंटित इस क्षेत्र में शुरुआती ड्रिलिंग के नतीजे काफी उत्साहजनक बताए जा रहे हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि यदि आगे की जांच में भी इसी तरह के परिणाम मिलते हैं तो यह भारत की सबसे महत्वपूर्ण खनिज खोजों में से एक साबित हो सकती है.

क्यों खास है महासमुंद का यह खनिज खजाना? 10 Points

1- महासमुंद के भालूकोना क्षेत्र में ऐसी खदान मिली है जहां निकल, कॉपर और पैलेडियम एक साथ बड़ी मात्रा में मौजूद हैं. भारत में इस तरह के भंडार बेहद दुर्लभ माने जाते हैं.

2- शुरुआती सर्वे और परीक्षण में करीब 1.3 किलोमीटर लंबे क्षेत्र में खनिज भंडार होने के संकेत मिले हैं. इससे भविष्य में बड़े पैमाने पर खनन की संभावना बढ़ गई है.

3- कंपनी अब तक 9 ड्रिल होल कर चुकी है और लगभग 1500 मीटर की ड्रिलिंग पूरी हो चुकी है. शुरुआती रिपोर्ट ने वैज्ञानिकों और निवेशकों दोनों का उत्साह बढ़ा दिया है.

4. कुछ हिस्सों में निकल इक्विवेलेंट की मात्रा 1.29 प्रतिशत तक दर्ज की गई है. खनन उद्योग में इसे काफी अच्छा संकेत माना जाता है.

5. जांच के दौरान मिट्टी में पेंटलैंडाइट, चाल्कोपायराइट और पायरोटाइट सल्फाइड पाए गए हैं. ये खनिज अक्सर बड़े निकल और कॉपर भंडार की मौजूदगी का संकेत देते हैं.

6. निकल आधुनिक EV बैटरियों का प्रमुख घटक है। भारत में इसकी उपलब्धता बढ़ने से बैटरी निर्माण और इलेक्ट्रिक व्हीकल इंडस्ट्री को मजबूती मिल सकती है.

7. कॉपर का इस्तेमाल बिजली के तार, ट्रांसफॉर्मर, सोलर प्लांट और विंड एनर्जी प्रोजेक्ट्स में होता है. घरेलू उत्पादन बढ़ने से आयात पर निर्भरता कम हो सकती है.

8. पैलेडियम का उपयोग ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री, हाइड्रोजन फ्यूल टेक्नोलॉजी और कई हाई-टेक इंडस्ट्रियल उत्पादों में किया जाता है. इसकी वैश्विक मांग लगातार बढ़ रही है.

9. फिलहाल बारिश के मौसम में मिट्टी और भूगर्भीय सर्वे जारी रहेगा. मानसून खत्म होते ही बड़े पैमाने पर नई ड्रिलिंग शुरू की जाएगी.

10. अगर आगे की जांच में बड़े भंडार की पुष्टि होती है तो भारत को ऊर्जा, रक्षा और हाई-टेक मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में महत्वपूर्ण रणनीतिक लाभ मिल सकता है.

अगला लेख