बिल्डर की लापरवाही या हादसा? ग्रेटर नोएडा वेस्ट में प्लास्टर गिरने से युवक की मौत, मचा बवाल
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में शनिवार देर शाम एक दर्दनाक हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया. बिसरख थाना क्षेत्र स्थित अरिहंत अंबर सोसाइटी में बिल्डिंग का प्लास्टर टूटकर गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई.
society plaster fall man dies
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में शनिवार देर शाम एक दर्दनाक हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया. बिसरख थाना क्षेत्र स्थित अरिहंत अंबर सोसाइटी में बिल्डिंग का प्लास्टर टूटकर गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई. हादसे के बाद सोसाइटी के निवासियों में डर और आक्रोश का माहौल है.
जानकारी के मुताबिक, टावर डी-1507 में रहने वाले 46 वर्षीय विकास चावला शनिवार शाम अपनी बाइक से सोसाइटी से बाहर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक बिल्डिंग के बाहरी हिस्से से प्लास्टर का एक बड़ा टुकड़ा उनके ऊपर आ गिरा. प्लास्टर गिरने से बाइक असंतुलित हो गई और वह नीचे गिर पड़े. गिरने के दौरान उनका सिर पास की दीवार के किनारे से टकरा गया, जिससे उन्हें चोट आई और काफी खून बह गया.
घटना पर क्या बोले लोग?
मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें पास में ही एक अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद सोसाइटी में रहने वाले लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। निवासियों का आरोप है कि लंबे समय से इमारतों के बाहरी हिस्से का प्लास्टर खराब हो रहा है, लेकिन बिल्डर की ओर से समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई.
सोसाइटी के अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (AOA) ने इस घटना को गंभीर लापरवाही बताते हुए बिल्डर से जल्द मरम्मत कराने की मांग की है. इसके साथ ही जिलाधिकारी गौतम बुद्ध नगर को ज्ञापन भेजने की तैयारी भी की जा रही है. निवासियों का समर्थन जुटाने के लिए हर टावर के रिसेप्शन पर हस्ताक्षर अभियान भी शुरू किया गया है.
पुलिस ने क्या दी जानकारी?
वही नोएडा पुलिस कमिश्नरेट के मीडिया सेल ने जानकारी देत हुए बताया कि दिनांक 06.06.2026 को थाना बिसरख क्षेत्र के अंतर्गत Arihant Amnber सोसाइटी में एक व्यक्ति विकास चावला पुत्र रविंद्र चावला उम्र 46 वर्ष जोकि सोसाइटी से बाहर निकल रहे थे, तभी ऊपर से प्लास्टर गिरने से उनकी बाइक डिसबैलेंस होकर गिर गई, जिससे उनका सिर दीवार के किनारे पर लग गया. उपरोक्त व्यक्ति को घायल अवस्था में हॉस्पिटल ले जाया गया जहां चिकित्सक द्वारा उन्हें मृत घोषित कर दिया गया. मृतक के परिजन मौके पर मौजूद है। शांति व्यवस्था स्थापित है। अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है.




