Begin typing your search...

Punjab Nikay Chunav में AAP ने फिर दिखाई ताकत: कांग्रेस-अकाली दल के लिए खतरे की घंटी? क्या 2027 का रास्ता हुआ साफ

पंजाब निकाय चुनाव 2026 में AAP की बड़ी बढ़त ने कांग्रेस और अकाली दल की मुश्किलें बढ़ाईं. क्या ये नतीजे 2027 विधानसभा चुनाव का ट्रेलर हैं?

Punjab Nikay Chunav 2026 Punjab Civic Poll Results AAP
X

Punjab Nikay Chunav 2026: पंजाब निकाय चुनाव 2026 के नतीजे राज्य की राजनीति की दिशा बदलने वाले संकेत दे रहे हैं. नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायतों के चुनावों में आम आदमी पार्टी ने जिस तरह बढ़त बनाई है, उसने विपक्षी दलों की चिंता बढ़ा दी है. कुल 1,897 वार्डों में से 1521 वार्डों के चुनाव परिणाम आ गए हैं. आम आदमी पार्टी प्रचंड जीत की ओर आगे बढ़ रही हैं. कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल और बीजेपी अपनी पारंपरिक जमीन बचाने की भी स्थिति में भी नहीं दिखाई दे रहे हैं.

अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले इन चुनावों को सत्ता का सेमीफाइनल माना जा रहा था. ऐसे में स्थानीय स्तर पर जनता का मूड किस तरफ है, इसका साफ असर नतीजों में दिखाई दे रहा है. हालांकि कुछ क्षेत्रों में कांग्रेस और अकाली दल ने वापसी के संकेत भी दिए हैं, जिससे आने वाले चुनावों की लड़ाई और दिलचस्प हो सकती है.

1. AAP ने निकाय चुनाव में दिखाई ताकत

पंजाब निकाय चुनावों में मतगणना के शुरुआती और ताजा रुझानों में आम आदमी पार्टी ने सबसे बड़ा प्रदर्शन किया है. पार्टी अब तक 1521 में से 749 सीटें जीत ली है. कांग्रेस 298 सीटों पर जीत हासिल करने में अभी तक सफल हुई है. जबकि शिरोमणि अकाली दल करीब 153 वार्डों में सिमटता दिख रहा है. बीजेपी को लगभग 90 सीटों पर सफलता मिली है, वहीं बीएसपी 6 और निर्दलीय 225 सीटों पर जीत हासिल करने में सफल हुए हैं.

इन नतीजों ने साफ कर दिया है कि ग्रामीण और शहरी दोनों इलाकों में AAP का संगठन पहले से ज्यादा मजबूत हुआ है. खासतौर पर उन इलाकों में पार्टी को बढ़त मिली, जहां विपक्ष अपनी मजबूत पकड़ होने का दावा करता रहा है, लेकिन अभी तक परिणामों में वैसा दिखाई नहीं दे रहा ळे.

2. भगवंत मान के गढ़ में विपक्ष साफ

मुख्यमंत्री भगवंत मान के विधानसभा क्षेत्र धूरी में आम आदमी पार्टी ने लगभग क्लीन स्वीप जैसा प्रदर्शन किया. 21 में से 19 वार्ड जीतकर पार्टी ने यह संदेश देने की कोशिश की कि सरकार के खिलाफ स्थानीय स्तर पर वैसी नाराजगी नहीं है, जैसी विपक्ष दावा कर रहा था.

मोहाली, बरनाला, मोगा, बठिंडा और गिद्दड़बाहा जैसे अहम इलाकों में भी AAP उम्मीदवारों को बढ़त मिली. इन क्षेत्रों को राजनीतिक रूप से काफी संवेदनशील माना जाता है क्योंकि यहां कांग्रेस और अकाली दल का पारंपरिक प्रभाव रहा है.

3. कांग्रेस के लिए चिंता और उम्मीद दोनों

निकाय चुनावों से कांग्रेस को बड़ी उम्मीदें थीं. पार्टी को लग रहा था कि लोकसभा चुनाव के बाद बना माहौल उसे स्थानीय स्तर पर फायदा देगा, लेकिन नतीजों ने तस्वीर पूरी तरह साफ नहीं की. कई जगह कांग्रेस दूसरे नंबर पर रही, जबकि कुछ क्षेत्रों में उसने दमदार वापसी के संकेत भी दिए.

कपूरथला और नवांशहर जैसे इलाकों में कांग्रेस का प्रदर्शन अपेक्षाकृत बेहतर रहा. नवांशहर में कांग्रेस ने 19 में से 8 वार्ड जीतकर AAP को सीधी चुनौती दी. इससे साफ है कि कांग्रेस पूरी तरह मुकाबले से बाहर नहीं हुई है, लेकिन उसे संगठन और नेतृत्व स्तर पर अभी काफी मेहनत करनी होगी.

4. अकाली दल की सीमित वापसी, BJP अभी भी संकट में

शिरोमणि अकाली दल के लिए ये चुनाव अस्तित्व बचाने की लड़ाई जैसे रहे. पार्टी ने कुछ इलाकों में वापसी के संकेत जरूर दिए, लेकिन राज्यव्यापी असर अभी कमजोर दिखाई दिया. अकाली दल को करीब 153 वार्डों में बढ़त या जीत मिली, जो उसके पुराने राजनीतिक प्रभाव की तुलना में काफी कम मानी जा रही है.

दूसरी तरफ बीजेपी का प्रदर्शन सीमित दायरे में रहा. वह अभी तक 90 वार्डों में ही जीत हासिल कर पाई है. कुछ शहरी सीटों पर सफलता जरूर मिली, लेकिन वह अभी पंजाब में स्वतंत्र राजनीतिक ताकत के तौर पर मजबूत स्थिति बनाती नहीं दिख रही.

5. धांधली के आरोपों ने बढ़ाया सियासी तापमान

बठिंडा समेत कई इलाकों में मतगणना के दौरान री-काउंटिंग की मांग उठी. विपक्षी दलों ने धांधली और प्रशासनिक दबाव के आरोप लगाए. हालांकि चुनाव आयोग और प्रशासन की ओर से प्रक्रिया को पारदर्शी बताया गया है.

इन आरोपों ने चुनावी माहौल को और गर्म कर दिया है. माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में कुछ सीटों को लेकर कानूनी और राजनीतिक विवाद भी देखने को मिल सकते हैं.

6. 2027 विधानसभा चुनाव पर क्या पड़ेगा असर?

इन चुनावों को सिर्फ स्थानीय निकायों तक सीमित नहीं माना जा रहा. राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक यह परिणाम अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव की शुरुआती तस्वीर पेश कर रहे हैं. AAP अगर इसी बढ़त को बनाए रखती है तो वह लगातार दूसरी बार सत्ता में वापसी का दावा मजबूत कर सकती है.

दूसरी ओर कांग्रेस के सामने सबसे बड़ी चुनौती विपक्ष के मुख्य चेहरे के तौर पर खुद को स्थापित करने की है. अकाली दल को अपनी पुरानी साख लौटाने के लिए नए सामाजिक समीकरण तलाशने होंगे, जबकि बीजेपी को पंजाब में स्वतंत्र जनाधार बढ़ाने की जरूरत महसूस होगी.

7. मतदान प्रतिशत ने भी दिया बड़ा संदेश

26 मई को हुए मतदान में कुल 63.94 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई थी. नगर पंचायतों में सबसे ज्यादा 76.18 फीसदी मतदान हुआ, जबकि नगर परिषदों में 65.06 प्रतिशत और नगर निगमों में करीब 60 प्रतिशत वोट पड़े. राजनीतिक जानकार इसे जनता की बढ़ती राजनीतिक भागीदारी और स्थानीय मुद्दों को लेकर जागरूकता का संकेत मान रहे हैं. इन चुनावों में कुल 7,554 उम्मीदवार मैदान में थे. लगभग हर सीट पर मुकाबला सीधा और प्रतिष्ठा का बन गया था, जिससे नतीजों का राजनीतिक महत्व और बढ़ गया.

Politics
अगला लेख