क्या सच में T20 WC 2026 में हुई फीक्सिंग? CBC की रिपोर्ट, लॉरेंस बिश्नोई गैंग का हाथ; FAQ से समझें मामला
ICC ने T20 WC 2026 से जुड़े एक कथित स्पॉट फिक्सिंग मामले की जांच शुरू की है, जिसमें कनाडा टीम के खिलाड़ियों की भूमिका पर सवाल उठाए जा रहे हैं.
T20 World Cup 2026 Canada fixing
T20 World Cup 2026: इंटरनेशनल क्रिकेट जगत में इस समय एक बड़ा फिक्सिंग विवाद सुर्खियों में है. अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने टी20 विश्व कप से जुड़े एक कथित स्पॉट फिक्सिंग मामले की जांच शुरू की है, जिसमें कनाडा टीम के खिलाड़ियों की भूमिका पर सवाल उठाए जा रहे हैं. इस मामले ने क्रिकेट की साख पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
जांच के दौरान सामने आए खुलासों ने मामले को और भी सनसनीखेज बना दिया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का इस पूरे घोटाले में कथित तौर पर हाथ था, जिसने कनाडा और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए मैच में फीक्सिंग करने की कोशिश की.
क्या कप्तान दिलप्रीत बाजवा ने की फीक्सिंग?
आईसीसी की भ्रष्टाचार विरोधी इकाई (ACU) कनाडा टीम के कप्तान दिलप्रीत बाजवा की भूमिका की जांच कर रही है. न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए एक मैच में उनके प्रदर्शन पर संदेह जताया गया, खासकर एक महंगे ओवर को लेकर. शक गहराने पर एसीयू ने बाजवा से पूछताछ की और उनके मोबाइल फोन की भी जांच की.
क्या है CBC की रिपोर्ट का दावा?
कनाडियन ब्रॉडकास्टिंग कॉर्पोरेशन (CBC) की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि बिश्नोई गिरोह ने कनाडा में खिलाड़ियों और अधिकारियों को धमकाकर अपने पसंदीदा लोगों को टीम में जगह दिलाने की कोशिश की. रिपोर्ट के अनुसार, जुलाई 2025 में एक टूर्नामेंट के बाद सरे (ब्रिटिश कोलंबिया) के एक रेस्तरां में खिलाड़ियों को धमकी दी गई. एक सूत्र के हवाले से कहा गया "उन्होंने बिश्नोई गिरोह का होने का दावा किया और खिलाड़ी को धमकी देते हुए कहा कि अगर उसने दिलप्रीत बाजवा और एक अन्य युवा खिलाड़ी को आगे बढ़ाने का समर्थन नहीं किया, तो उसे और उसके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे."
कप्तानी को लेकर विवाद क्यों?
रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि दिलप्रीत बाजवा को टी20 विश्व कप 2026 से ठीक पहले कप्तान बनाए जाने के पीछे भी दबाव और साजिश हो सकती है. कथित तौर पर गिरोह ने धमकियों के जरिए यह सुनिश्चित किया कि बाजवा टीम में बने रहें और कप्तान बनें.
क्या क्रिकेट कनाडा अध्यक्ष भी फीक्सिंग से जुड़े?
रिपोर्ट में कनाडा क्रिकेट अध्यक्ष अरविंदर खोसा का नाम भी सामने आया है, जिन पर आरोप है कि उनका संबंध उन लोगों से था जो खिलाड़ियों को धमका रहे थे. हालांकि, खोसा ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे राजनीतिक साजिश बताया है. उन्होंने कहा कि यह उनकी छवि खराब करने की कोशिश है. वहीं, पूर्व अध्यक्ष अमजद बाजवा ने भी इस पूरे मामले से किसी भी तरह की जानकारी होने से इनकार किया है.
क्या पूर्व कोच ने करवाई फीक्सिंग?
रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि कनाडा टीम के पूर्व कोच खुर्रम चौहान को कुछ मैचों के हिस्सों को फिक्स करने के लिए कहा गया था. इसमें उस समय के प्रशासनिक अधिकारियों के नाम भी सामने आए हैं, जिससे मामला और गंभीर हो गया है.




