IPL 2026: 'भगाओ इसको...', धोनी से मिलने पहुंचे दीपक चाहर, कैमरा देख MS क्यों बोले ऐसा? सोशल पर छाया वीडियो
IPL 2026 में 23 अप्रैल को MI और CSK के बीच मुकाबला खेला जाएगा. इस मैच से पहले एमएस धोनी और दीपक चाहर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है.
ms dhoni and deepak chahar
IPL 2026, MI vs CSK: आईपीएल 2026 का 33वां मुकाबला 23 अप्रैल को दो सबसे सफल टीमें मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेला जाएगा. दोनों टीमों का प्रदर्शन अभी तक सीजन-19 में कुछ खास नहीं रहा है, लेकिन जब-जब ये दोनों टीमें आमने-सामने होती हैं तो रोमांच अपने चरम पर होता है. इस मैच में उम्मीद जताई जा रही है कि सीएसके के पूर्व कप्तान एमएस धोनी भी खेलते हुए दिखाई दे सकते हैं.
इंजरी के चलते धोनी ने इस सीजन कोई मैच नहीं खेला है. वहीं MI vs CSK मैच से पहले सोशल मीडिया पर तेज गेंदबाज दीपक चाहर और एमएस धोनी का एक मजेदार वीडियो सामने आया है. जो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है.
वीडियो में क्या बोले धोनी?
वानखेड़े स्टेडियम में प्रैक्टिस के दौरान दीपक चाहर अचानक धोनी के पास पहुंच जाते हैं और उनके साथ एक कैमरामैन भी होता है. इस दौरान धोनी ने मजाक में कहा कि 'तुम अपने साथ कैमरा लाए हो, भगाओ इसको' इसके बाद दीपक मजाकिया अंदाज में कैमरामैन से कहते हैं 'भैया यार जाओ आप', जिसके बाद धोनी फिर कहते हैं कि 'हां वरना बात नहीं कर पाएंगे.' इस वीडियो को मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स दोनों टीमों ने अपने एक्स अकाउंट पर शेयर किया. जिसको फैंस खूब पसंद कर रहे हैं.
दरअसल जब-जब दीपक चाहर और एमएस धोनी मैदान पर एकसाथ होते हैं तो उनके बीच थोड़ी मस्ती देखने को मिलती है. भले ही दीपक अब मुंबई इंडियंस की तरफ से खेल रहे हो, लेकिन एमएस धोनी की कप्तानी में उन्होंने सीएसके के लिए काफी मैच खेले हैं और चैंपियन भी बने हैं.
पॉइंट्स टेबल में MI-CSK का हाल कैसा?
वैसे तो मुंबई इंडियंस और सीएसके ये दोनों ही टीमें 5-5 बार की आईपीएल चैंपियन हैं, लेकिन पिछले कुछ सीजन दोनों टीमों के लिए कुछ खास नहीं रहे हैं. ऐसा ही कुछ हाल इस बार भी देखने को मिल रहा है. आईपीएल 2026 में दोनों टीमें अभी तक 6-6 मैच खेल चुकी है और दोनों को 4-4 मैचों में हार और 2-2 मैचों में ही जीत मिल पाई है. जहां एक तरफ मुंबई की टीम पॉइंट्स टेबल में सातवें तो वहीं सीएसके की टीम आठवें पायदान पर बनी हुई है.




