Kedarnath Yatra: केदारनाथ ट्रेक पर भूलकर भी न करें ये काम, वरना दर्शन से पहले बढ़ सकती है मुश्किल
केदारनाथ यात्रा पर जाने से पहले सिर्फ एक्साइटमेंट नहीं, सही तैयारी भी जरूरी है. ट्रेक के दौरान की गई कुछ छोटी गलतियां थकान, मौसम और स्वास्थ्य से जुड़ी बड़ी परेशानियां बढ़ा सकती हैं.
केदारनाथ ट्रेक पर भूलकर भी न करें ये काम
हर साल बड़ी संख्या में लोग बाबा केदार के दर्शन के लिए केदारनाथ जाते हैं, लेकिन यह यात्रा आसान नहीं होती है. इसमें श्रद्धा के साथ अच्छी तैयारी की भी जरूरत पड़ती है. अगर आप भी केदारनाथ जाने का प्लान बना रहे हैं, तो ट्रेकिंग के दौरान कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है. छोटी-सी लापरवाही भी यात्रा को मुश्किल बना सकती है.
ऊंचाई, बदलता मौसम और लंबा ट्रेक कई लोगों के लिए चुनौती बन जाता है. ऐसे में बिना तैयारी के यात्रा शुरू करना, मौसम को हल्के में लेना या शरीर के संकेतों को नजरअंदाज करना परेशानी बढ़ा सकता है. इसलिए ट्रेक शुरू करने से पहले कुछ जरूरी क्या करें और क्या न करें जरूर जान लें.
1. ट्रेक को आसान समझने की गलती न करें
गौरीकुंड से केदारनाथ तक का रास्ता लगातार चढ़ाई वाला है. ऊंचाई बढ़ने के साथ शरीर पर दबाव भी बढ़ता है, इसलिए बिना तैयारी के ट्रेक करना मुश्किल हो सकता है.
क्या करें?
- यात्रा से कुछ सप्ताह पहले रोजाना वॉक, सीढ़ियां चढ़ना या हल्का कार्डियो शुरू करें.
- आरामदायक जूते और हल्का बैग रखें.
- जरूरत का सामान ही साथ ले जाएं.
क्या न करें?
यह सोचकर ट्रेक शुरू न करें कि “सब लोग कर लेते हैं, तो हम भी कर लेंगे.” बहुत भारी बैग लेकर न चलें.
2. मौसम को कभी हल्के में न लें
हिमालयी क्षेत्रों में मौसम कुछ ही घंटों में बदल सकता है. सुबह धूप और शाम तक बारिश या तेज ठंड आम बात है.
क्या करें?
- थर्मल कपड़े, ग्लव्स, ऊनी मोजे और रेनकोट जरूर रखें.
- लेयर में कपड़े पहनें ताकि मौसम के अनुसार एडजस्ट कर सकें.
- बैग में हमेशा बारिश से बचाव का सामान रखें.
क्या न करें?
- सिर्फ हल्के कॉटन कपड़ों पर भरोसा न करें.
- दिन में मौसम अच्छा देखकर तैयारी छोड़ने की गलती न करें.
3. शरीर के संकेतों को नजरअंदाज न करें
ऊंचाई वाले इलाकों में ऑक्सीजन कम होने के कारण सांस फूलना, सिरदर्द या कमजोरी महसूस हो सकती है.
क्या करें?
- नियमित पानी पीते रहें. पानी पीने से आपको राहत मिलेगी.
- ORS, ड्राई फ्रूट्स और हल्के स्नैक्स साथ रखें.
- धीरे-धीरे चलें और बीच-बीच में आराम करें.
क्या न करें?
- चक्कर, उल्टी या ज्यादा सांस फूलने को नजरअंदाज न करें.
- जल्दी पहुंचने के लिए लगातार तेज चलने की कोशिश न करें.
4. बिना प्लानिंग यात्रा शुरू करना भारी पड़ सकता है
केदारनाथ यात्रा में मौसम, भीड़ और रास्ते की स्थिति कभी भी बदल सकती है.
क्या करें?
- यात्रा से पहले रजिस्ट्रेशन जरूर करवाएं.
- मौसम और रूट अपडेट लगातार चेक करें.
- होटल, हेलीकॉप्टर या पोनी सेवा पहले से बुक करें.
- पहचान पत्र और पावर बैंक साथ रखें.
क्या न करें?
- मानसून या पीक सीजन में बिना तैयारी के यात्रा शुरू न करें.
- जरूरी दस्तावेज और इमरजेंसी नंबर भूलकर न जाएं.




