IPL 2026 के बीच CSK के स्टार गेंदबाज की मां का हुआ निधन, कैसे धोनी बने सहारा?
सीएसके के स्टार तेज गेंदबाज मुकेश चौधरी की मां का निधन हो गया है. लंबे समय से मुकेश की मां प्रेम देवी बीमारी से जूझ रही थी.
CSK
IPL 2026: आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स अपना अगला मैच 24 अप्रैल को मुंबई इंडियंस के साथ खेलने वाली है. उससे पहले सीएसके के स्टार तेज गेंदबाज मुकेश चौधरी की मां का निधन हो गया है. लंबे समय से मुकेश की मां प्रेम देवी बीमारी से जूझ रही थी, जहां उनका ईलाज मुंबई के टाटा अस्पताल में चल रहा था, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी. अस्पताल में ही मुकेश की मां ने अंतिम सांस ली.
इस कठिन समय में सीएसके के पूर्व कप्तान और दिग्गज खिलाड़ी एमएस धोनी ने मुकेश को सहारा दिया और लगातार उनके संपर्क में रहे. खिलाड़ियों और टीम मैनेजमेंट ने इस कठिन समय में मुकेश चौधरी का पूरा साथ दिया है.
कहां हुआ अंतिम संस्कार?
मुकेश चौधरी की मां प्रेम देवी का इलाज लंबे समय से मुंबई के टाटा अस्पताल में चल रहा था. बीमारी से जूझते हुए मंगलवार को उनका निधन हो गया. परिवार पर अचानक आए इस संकट से सभी गहरे सदमे में हैं रिपोर्ट्स के अनुसार, शनिवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच के तुरंत बाद मुकेश चौधरी अपने शहर भीलवाड़ा के लिए रवाना हो गए थे. उन्होंने अपने बड़े भाई डॉ. राजेश चौधरी के साथ मां का अंतिम संस्कार किया.
क्या टीम में हुई मुकेश की वापसी?
मुकेश चौधरी ने इस सीजन में अभी तक चेन्नई सुपर किंग्स के लिए केवल एक मैच खेला है. पारिवारिक संकट के बाद वह टीम से कुछ समय के लिए दूर हो गए थे, लेकिन मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच से पहले वे फिर से टीम में शामिल हो गए. हालांकि, रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें कुछ समय का ब्रेक दिया जा सकता है और संभावना है कि वे पंजाब किंग्स के खिलाफ अगले मुकाबले के लिए उपलब्ध रहेंगे.
कैसे धोनी ने दिया सहारा?
एक रिपोर्ट के अनुसार, एमएस धोनी लगातार मुकेश चौधरी के संपर्क में रहे और मुश्किल समय में उन्हें सहारा दिया. उन्होंने अस्पताल जाकर चौधरी की मां से मुलाकात भी की थी. धोनी की यह संवेदनशील पहल टीम के भीतर एक मजबूत भावनात्मक जुड़ाव को दर्शाती है.
क्या MI के खिलाफ खेलेंगे धोनी?
धोनी इस सीजन में अब तक मैदान पर नजर नहीं आए हैं, क्योंकि वे पिंडली की चोट से उबर रहे हैं, जो उन्हें टूर्नामेंट शुरू होने से ठीक पहले लगी थी. हालांकि, हाल ही में उन्होंने चेन्नई में अभ्यास सत्र में पूरी ऊर्जा के साथ हिस्सा लिया. उन्होंने विकेटकीपिंग और नेट्स में बल्लेबाजी का अभ्यास भी किया. ऐसे में उम्मीद जताई जा रही मुंबई इंडियंस के साथ होने वाले मैच में धोनी खेलते हुए दिखाई दे सकते हैं.




