PCB को शर्मसार करेगा Steve Smith का ये बयान! PSL 2026 में इस बात से नाखुश दिखे ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी
PSL 2026 में खाली स्टेडियमों के साथ मैच खेले जा रहे हैं. जिसको लेकर ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज स्टीव स्मिथ ने अपनी नाराजगी जाहिर की है.
PSL 2026
PSL 2026: पाकिस्तान सुपर लीग 2026 जबसे शुरू हुई है तबसे कोई न कोई विवाद देखने को मिल रहा है. कभी पाकिस्तानी खिलाड़ियों द्वारा बॉल टेम्परिंग देखने को मिलती है तो कभी विदेशी खिलाड़ियों का पीएसएल को छोड़कर आईपीएल खेलना. दूसरी तरफ पीएसएल 2026 में इस बार सभी मैचों खाली स्टेडियमों में खेले जा रहे हैं, यानी स्टेडियम में किसी भी दर्शक को एंट्री नहीं दी जा रही है.
मिडिल ईस्ट में जारी जंग के बीच पाकिस्तान सरकार ने ईंधन बचाने के लिए ये फैसला लिया था. जिसको लेकर अब ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज खिलाड़ी स्टीव स्मिथ ने इशारों ही इशारों में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) को शर्मसार कर देने वाला बयान दिया है. स्मिथ का ये बयान 21 अप्रैल को खेले गए मैच के बाद सामने आया है, जिसमें वे प्लेयर ऑफ द मैच रहे हैं.
क्या बोले स्टीव स्मिथ?
बीते दिन पीएसएल 2026 में रावलपिंडीज और मुल्तान सुल्तान्स के बीच मुकाबला खेला गया. पीएसएल में स्मिथ मुल्तान सुल्तान्स टीम का हिस्सा है. मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्टीव स्मिथ ने कहा कि "यह अफसोस की बात है कि हमारे पास दर्शक नहीं हैं. खचाखच भरे स्टेडियम में खेलना बहुत अच्छा लगेगा, इसीलिए तो हमें क्रिकेट खेलना पसंद है. लेकिन, जो है सो है और हमें इसी के साथ आगे बढ़ना होगा. मुझे यकीन है कि बहुत से लोग हमें टीवी पर देख रहे होंगे."
कैसा रहा स्मिथ का प्रदर्शन?
रावलपिंडीज के खिलाफ स्टीव स्मिथ ने कमाल की बल्लेबाजी का नजारा पेश किया. स्मिथ ने इस मैच में बल्लेबाजी करते हुए 31 गेंदों पर 56 रनों की पारी खेली थी. इस दौरान उनके बल्ले से 5 चौके और 3 छक्के निकले थे. स्मिथ का स्ट्राइक रेट 180.65 का रहा था. जिसके चलते उनको प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था.
कितने विकेट से जीता मैच?
इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए रावलपिंडीज ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 166 रन बनाए थे. जिसमें डेरियल मिचेल के 58 रन शामिल रहे. वहीं 167 रनों के लक्ष्य को मुल्तान सुल्तान्स ने 18.4 ओवर में 4 विकेट खोकर ही हासिल कर लिया था. मुल्तान सुल्तान्स ने इस मैच को 6 विकेट से जीत लिया था.




