Begin typing your search...

यूं ही नहीं जा रही सूर्यकुमार यादव की कप्तानी, 2 साल के आंकड़ों ने साफ कर दी पिक्चर

रिपोर्ट के मुताबिक, भारत के सबसे सफलतम टी-20 कप्तानों में से एक सूर्यकुमार यादव को कप्तानी से हटा दिया गया है. उनकी जगह श्रेयस अय्यर को नया कप्तान बनाने की तैयारी है. ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि भारत को टी-20 वर्ल्ड कप जिताने के कुछ ही महीनों बाद सूर्या को अचानक क्यों हटा दिया गया...

Gautam Gambhir and Suryakumar Yadav photo
X

Gautam Gambhir और Suryakumar Yadav

( Image Source:  File Photo )

Suryakumar Yadav T20I Captaincy: रिपोर्ट के मुताबिक, टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के बाद आईपीएल में निराशाजनक प्रदर्शन का खामियाजा सूर्यकुमार यादव को भुगतना पड़ा है. उनसे टी-20 इंटरनेशनल की कप्तानी छीन ली गई है. कहा जा रहा है कि उनकी जगह श्रेयस अय्यर को कप्तान बनाया जाएगा. हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो पाई है.

ऐसे में बड़ा सवाल है कि सूर्यकुमार यादव (SKY) से टी-20 इंटरनेशनल की कप्तानी क्यों छीनी गई, जबकि उन्होंने कुछ ही महीने पहले भारत को टी-20 वर्ल्ड कप जिताया है.

सूर्या से कप्तानी क्यों छीनी गई?

भले ही टीम इंडिया ने हाल ही में सूर्या की कप्तानी में टी20 विश्व कप 2026 का खिताब जीता है, लेकिन 2 साल के कप्तानी आंकड़ों ने साफ कर दिया है कि वह एक बेहतरीन कप्तान तो साबित हुए, मगर बतौर बल्लेबाज अपनी चमक खो बैठे. आइए देखते हैं उनके करियर की पूरी पिक्चर...

कप्तानी से पहले (बतौर खिलाड़ी) सूर्या का रिकॉर्ड

कप्तान बनने से पहले तक सूर्यकुमार यादव टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट के बेताज बादशाह थे. बिना किसी अतिरिक्त दबाव के उनका बल्ला जमकर आग उगलता था. उन्होंने 61 मैच में 43.40 की औसत से 2040 रन बनाए. इस दौरान उनके बल्ले से 3 शतक और 17 अर्धशतक निकले. उनका स्ट्राइक रेट भी 170 से ज्यादा का रहता था और वह मैदान के चारों तरफ 360 डिग्री शॉट्स खेलने के लिए मशहूर थे.

कप्तान बनने के बाद सूर्या की बल्लेबाजी

जैसे ही टी-20 वर्ल्ड कप 2024 जीतने के बाद रोहित शर्मा ने संन्यास का एलान किया, सूर्या को फुल-टाइम टी20 कप्तानी सौंपी गई. इसके बाद से उनके फॉर्म में बड़ी गिरावट देखी गई. बतौर कप्तान सूर्या ने 52 मैच खेले, जिसमें उनका औसत घटकर मात्र 26.20 से 28.65 के बीच रह गया, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने 154 से अधिक की तेज गति (स्ट्राइक रेट) से रन बनाना जारी रखा. सूर्या ने 49 पारी में 154.96 की स्ट्राइक रेट से 1232 रन बनाए.

आईपीएल और टी-20 वर्ल्ड कप में खराब प्रदर्शन

हाल ही में खत्म हुए आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए वह 12 पारियों में मात्र 17.5 की औसत से सिर्फ 210 रन बना सके. विश्व कप 2026 में भी अमेरिका के खिलाफ 84 रनों की पारी को छोड़ दें, तो वे लगातार सिंगल डिजिट (जैसे 0, 11, 18 रन) पर आउट होते रहे.

सूर्यकुमार यादव का कप्तानी रिकॉर्ड (Captaincy Record)

बतौर कप्तान जीत के प्रतिशत के मामले में सूर्या भारत के अब तक के सबसे सफलतम कप्तानों में से एक हैं. उन्होंने टीम को लीड तो कमाल का किया. सूर्या ने 52 मैचों में से 42 में जीत दर्ज की, जबकि केवल 8 मैच में ही उन्हें हार का सामना करना पड़ा. वहीं, 2 मैच बेनतीजा रहे. टीम का जीत का प्रतिशत 80.76% रहा, जो भारतीय कप्तानों में सबसे ज्यादा है. सूर्या ने अपनी कप्तानी में भारत को टी20 एशिया कप 2025 और टी20 वर्ल्ड कप 2026 का चैंपियन बनाया. साथ ही उन्होंने बतौर कप्तान अपनी सभी 9 द्विपक्षीय सीरीज जीतीं.

सूर्या का अब तक का टी-20 करियर कैसा रहा?

सूर्या ने 117 मैचों की 107 पारियों में 36.36 की औसत और 162.95 की स्ट्राइक रेट से 3272 रन बनाए हैं. इस दौरान उन्होंने 4 शतक और 25 अर्धशतक लगाए. उनका सर्वोच्च स्कोर 55 गेंद में 117 रन है. अब तक सूर्या 297 चौके और 179 छक्के जड़ चुके हैं. वे 7 बार बिना खोले आउट हो चुके हैं. वहीं, 17 बार नाबाद रहे.

सिलेक्टर्स का मानना है कि कप्तानी के दबाव के चलते भारत अपना सबसे विस्फोटक 360-डिग्री बल्लेबाज खो रहा है. इसीलिए आगामी आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे से पहले कप्तानी का जिम्मा श्रेयस अय्यर को देकर सूर्या को सिर्फ स्वतंत्र बल्लेबाज के रूप में खिलाने की तैयारी की जा रही है.

सूर्यकुमार यादव को कब कप्तान बनाया गया?

सूर्यकुमार यादव को 18 जुलाई 2024 को आधिकारिक तौर पर भारतीय टीम का पूर्णकालिक कप्तान नियुक्त किया गया था. उन्हें पहली बार नवंबर 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू सीरीज के लिए टीम की कमान सौंपी गई थी. इसके बाद, टी-20 वर्ल्ड कप 2024 के बाद रोहित शर्मा के संन्यास लेने पर बीसीसीआई (BCCI) ने जुलाई 2024 में उन्हें नियमित कप्तान चुना.

सूर्या ने कब T20I डेब्यू किया?

सूर्या को अहमदाबाद में 14 मार्च 2021 को इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी-20 मैच में प्लेइंग 11 में शामिल किया गया है, लेकिन उनकी बैटिंग नहीं आई. इसके बाद 18 मार्च 2021 को जब उन्हें दूसरे टी-20 मैच में बैटिंग करने का मौका मिला तो उन्होंने 31 गेंद में 57 रन की धुआंधार पारी खेली. इस सीरीज के तीसरे और आखिरी मैच में भी उनके बल्ले से 17 गेंद में 32 रन निकले.

सूर्या ने T20I में पहला शतक कब लगाया?

सूर्या ने T20I में पहला शतक 10 जुलाई 2022 को नॉटिंघम में इंग्लैंड के खिलाफ लगाया. उस मैच में उन्होंने 55 गेंद में 117 रन की तेजतर्रार पारी खेली.

आंकड़ों देखीक्रिकेट न्‍यूजस्टेट मिरर स्पेशल
अगला लेख