255 रन, 96 रन की जीत और तीसरा खिताब! T20 World Cup 2026 Final में भारत ने ध्वस्त किए कई बड़े रिकॉर्ड
India ने T20 World Cup 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर इतिहास रच दिया. टीम इंडिया तीन बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम बन गई. इस जीत के साथ भारत ने कई बड़े रिकॉर्ड भी अपने नाम किए.
T20 World Cup Trophy के साथ टीम इंडिया
Team India ने ICC Men's T20 World Cup 2026 के फाइनल में New Zealand को 96 रन से हराकर इतिहास रच दिया. अहमदाबाद में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने न सिर्फ ट्रॉफी जीती, बल्कि कई बड़े रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिए. भारत की यह जीत टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में किसी फुल-मेंबर टीम के खिलाफ सबसे बड़ी जीतों में से एक है. इससे पहले वेस्टइंडीज ने 2026 में जिम्बाब्वे को 107 रन से हराया था.
इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 255 रन का विशाल स्कोर बनाया और न्यूजीलैंड को बड़े अंतर से हरा दिया. खास बात यह रही कि टी20 वर्ल्ड कप के नॉकआउट मैचों में अक्सर लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम जीतती है, लेकिन भारत ने इस ट्रेंड को भी बदल दिया.
जो ट्रेंड बदल दे, वह टीम इंडिया है
- 2016 के बाद से टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल और फाइनल में कुल 15 मैच हुए हैं, जिनमें से 11 बार लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम जीती, लेकिन जो चार मैच पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीते, वे सभी भारत के नाम रहे.
- भारत ने इस टूर्नामेंट में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की. टीम ने तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीता और ऐसा करने वाली दुनिया की पहली टीम बन गई. इससे पहले भारत 2007 और 2024 में भी यह खिताब जीत चुका है.
- इतना ही नहीं, भारत टी20 वर्ल्ड कप का सफलतापूर्वक खिताब बचाने वाली पहली टीम भी बन गया है. साथ ही टीम ने अपने ही देश में यह ट्रॉफी जीतकर एक और नया इतिहास रच दिया.
- इस शानदार जीत में कई खिलाड़ियों का अहम योगदान रहा, टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले Sanju Samson को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया. उनसे पहले भारत के लिए यह सम्मान Virat Kohli (2014, 2016) और Jasprit Bumrah (2024) को मिल चुका है.
- भारतीय टीम की सफलता का एक बड़ा कारण कप्तान Suryakumar Yadav की शानदार कप्तानी भी रही. टी20 इंटरनेशनल में उनका जीत प्रतिशत 80.77% है, जो फुल-मेंबर टीमों के कप्तानों में सबसे ज्यादा है.
- 2023 के बाद से आईसीसी के व्हाइट-बॉल टूर्नामेंट में भी भारत का दबदबा साफ दिखा है। टीम ने 33 मैचों में से 31 मैच जीते और सिर्फ दो मुकाबलों में हार का सामना किया.
- गेंदबाजी में Jasprit Bumrah ने शानदार प्रदर्शन किया. फाइनल में उन्होंने 4 विकेट लेकर सिर्फ 15 रन दिए. इस तरह भारत ने बल्लेबाजी, गेंदबाजी और कप्तानी तीनों मोर्चों पर शानदार प्रदर्शन करते हुए टी20 वर्ल्ड कप 2026 को यादगार बना दिया.
T20 WC में प्लेयर ऑफ़ द टूर्नामेंट चुने गए भारतीय खिलाड़ी
- 2014: विराट कोहली
- 2016: विराट कोहली
- 2024: जसप्रीत बुमराह
- 2026: संजू सैमसन
T20 WC में किसी फुल-मेंबर टीम के खिलाफ सबसे बड़ा जीत का अंतर
- 107 रन - WI बनाम ZIM, मुंबई WS, 2026
- 104 रन - SA बनाम BAN, सिडनी, 2022
- 104 रन - WI बनाम AFG, ग्रोस आइलेट, 2024
- 96 रन - IND बनाम NZ, अहमदाबाद, 2026 फाइनल
- 90 रन - IND बनाम ENG, कोलंबो RPS, 2012
96 रन T20 वर्ल्ड कप में भारत का सबसे बड़ा जीत का अंतर भी है. इससे पहले दिल्ली में नामीबिया के खिलाफ 93 रन का अंतर था.
पुरुषों के T20 WC नॉकआउट में सबसे ज़्यादा मैच-एग्रीगेट
- 499 - IND vs ENG, मुंबई WS, 2026 SF
- 414 - IND vs NZ, अहमदाबाद, 2026 फ़ाइनल
- 388 - AUS vs PAK, ग्रोस आइलेट, 2010 SF
- 388 - IND vs WI, मुंबई WS, 2016 SF
T20 WC फ़ाइनल हारने वाली टीमें
- 2 - पाकिस्तान (2007, 2022)
- 2 - श्रीलंका (2009, 2012)
- 2 - न्यूज़ीलैंड (2021, 2026)
T20Is में सबसे अच्छे जीत% वाले कप्तान (FM टीमें)
- 80.77% - सूर्यकुमार यादव (M: 52, W: 42, L: 8, NR: 2)
- 80.65% - रोहित शर्मा (M: 62, W: 50, L: 12)
- 78.38% - सरफराज अहमद (M:37, W: 29, L: 8)
- 69.23% - मिशेल मार्श (M: 39, W: 27, L: 9, NR: 3)
- 66.67% - ग्रीम स्मिथ (M: 27, W: 18, L: 9)
कम से कम 20 मैच, जिसमें सुपर ओवर/बाउल आउट में जीत शामिल है.
2023 से ICC व्हाइट-बॉल टूर्नामेंट में भारत
- मैच: 33
- जीते: 31
- हारे: 2
2023 से मल्टी-नेशन T20I टूर्नामेंट में भारत
- मैच: 27
- जीते: 25
- हारे: 1 (इस टूर्नामेंट में SA के खिलाफ)
- NR: 1
2016 से T20 WC नॉकआउट गेम (SF + फ़ाइनल)
- मैच: 15
- पीछा करने वाली टीम की जीत: 11
- पहले बैटिंग करने वाली टीम की जीत: 4 (सभी चार इंडिया के नाम)
10 मेन्स T20 WC फ़ाइनल में से, सिर्फ़ चार पहले बैटिंग करने वाली टीम ने जीते हैं, जिनमें से तीन इंडिया ने जीते हैं.
T20 WC नॉकआउट में 4 विकेट
4/12 - अजंता मेंडिस बनाम WI, कोलंबो RPS, 2012 फाइनल
4/15 - जसप्रीत बुमराह बनाम NZ, अहमदाबाद, 2026 फाइनल
4/26 - शादाब खान बनाम AUS, दुबई, 2021 SF




