Begin typing your search...

पाकिस्तान की टीम का कत्लेआम हो जाता अगर मैंने..., 26/11 मुंबई हमले को लेकर ललित मोदी का बड़ा खुलासा, जानें क्या कहा

ललित मोदी ने दावा किया है कि 26/11 मुंबई हमलों से ठीक पहले वह ताज होटल में मौजूद थे. यदि हमला एक दिन बाद होता तो क्रिकेट जगत को बड़ा नुकसान झेलना पड़ सकता था. उन्होंने यह भी कहा कि हमलों के बाद उन्होंने पाकिस्तान टीम को तुरंत वापस भेज दिया था.

lalit modi on mumbai attack and pakistan team photo
X

ललित मोदी का मुंबई अटैक और पाकिस्तान की टीम को लेकर बड़ा खुलास

( Image Source:  ANI )

Lalit Modi Recalls 26/11 Mumbai Attacks : इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के संस्थापक और पहले चेयरमैन ललित मोदी ने 2008 के मुंबई आतंकी हमलों को लेकर चौंकाने वाला खुलासा किया है. उन्होंने दावा किया कि हमलों से ठीक पहले वह ताज महल पैलेस होटल में मौजूद थे और यदि हमला एक दिन बाद हुआ होता तो स्थिति कहीं अधिक भयावह हो सकती थी.

ललित मोदी के मुताबिक, 26 नवंबर 2008 की सुबह 5 से 7 बजे तक वह ताज होटल में करीब 200 लोगों के साथ एक सुरक्षा बैठक में शामिल थे. वहां से 7 बजे वे ड्रिंक्स के लिए हार्बर में विजय माल्या की यॉट पर जाने के लिए रवाना हुए. उन्होंने बताया कि जैसे ही वह गेटवे ऑफ इंडिया पहुंचे, गोलीबारी शुरू हो गई.

ललित मोदी ने क्या-क्या खुलासे किए?

  • ललित मोदी ने कहा कि 27 नवंबर से चैंपियंस लीग शुरू होनी थी. उसके लिए मैंने ताज और ओबेरॉय होटलों की बुकिंग कर रखी थी. सभी टीमों के खिलाड़ी उसी रात मुंबई पहुंचने वाले थे. उन्होंने कहा कि आज भी वह इस बात के लिए खुद को खुशकिस्मत मानते हैं कि हमला 26 नवंबर को हुआ, 27 नवंबर को नहीं.
  • मोदी ने यह भी दावा किया कि उनके बॉडीगार्ड्स ने उस रात 200 लोगों को अपनी पीठ पर लादकर सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की.
  • आईपीएल के पूर्व चेयरमैन ने बताया कि पाकिस्तान की टीम मुंबई पहुंच चुकी थी, लेकिन हालात को देखते हुए उन्होंने उसे तुरंत वापस भेजने का फैसला लिया. मुझे पता था कि अगर वे वहां रुकते तो उनका कत्लेआम हो जाता.

"मैंने एक और दुश्मन बना लिया"

मीडिया अधिकारों को लेकर भी मोदी ने बड़ा दावा किया. उन्होंने कहा कि चैंपियंस लीग रद्द होने से प्रसारण साझेदार को भारी वित्तीय नुकसान हुआ, लेकिन अनुबंध की शर्तों के तहत भुगतान की जिम्मेदारी बनी रही. मोदी के मुताबिक, "रूपर्ट मर्डोक मेरा दूसरा सबसे बड़ा दुश्मन बन गया, क्योंकि मैंने चैंपियंस लीग के प्रसारण अधिकार (rights) उसे ही बेचे थे... मैंने चैंपियंस लीग रद्द कर दी. उसे कुछ सौ मिलियन डॉलर का नुकसान हुआ, लेकिन फिर भी उसे हमें पैसे देने पड़े, क्योंकि जैसे ही कोई टीम ज़मीन पर कदम रखती है, वैसे ही कॉन्ट्रैक्ट लागू हो जाता है."

ललित मोदी ने कहा, "रूपर्ट ने मुझसे कॉन्ट्रैक्ट रद्द करवाने की बहुत कोशिश की. उसने कहा कि अगर मैं कॉन्ट्रैक्ट रद्द कर दूं तो वह मुझे सैकड़ों मिलियन डॉलर देगा. मैं वह पैसा ले सकता था, लेकिन मैंने नहीं लिया. इस तरह मैंने एक और दुश्मन बना लिया."

क्रिकेट न्‍यूजआतंकी हमला
अगला लेख