Begin typing your search...

कोहली चोटिल, रोहित फिटनेस टेस्ट के इंतजार में; अफगानिस्तान के खिलाफ ODI सीरीज से पहले टीम इंडिया की बढ़ी टेंशन

रोहित शर्मा और विराट कोहली की फिटनेस ने अफगानिस्तान वनडे सीरीज से पहले टीम इंडिया की चिंता बढ़ा दी है. कोहली चोट के कारण बाहर हो चुके हैं, जबकि रोहित का खेलना फिटनेस टेस्ट पर निर्भर बताया जा रहा है.

virat kohli rohit sharma
X
विराट कोहली और रोहित शर्मा
( Image Source:  ANI )

Virat Kohli Rohit Sharma Fitness: अफगानिस्तान के खिलाफ 13 जून से शुरू होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज से पहले टीम इंडिया की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं. भारतीय बल्लेबाजी की रीढ़ माने जाने वाले विराट कोहली पहले ही चोट के कारण सीरीज से बाहर हो चुके हैं, जबकि रोहित शर्मा की फिटनेस पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. ऐसे में दोनों दिग्गज खिलाड़ियों की उपलब्धता को लेकर बनी अनिश्चितता टीम मैनेजमेंट के लिए बड़ी चिंता का विषय बन गई है.

39 वर्षीय रोहित शर्मा अब केवल वनडे क्रिकेट में भारत का प्रतिनिधित्व करते हैं. हाल ही में समाप्त हुए आईपीएल के दौरान उन्हें मांसपेशियों में खिंचाव की समस्या का सामना करना पड़ा था, जिसके कारण वह कुछ मुकाबलों में नहीं खेल सके थे. हालांकि अफगानिस्तान सीरीज के लिए उन्हें भारतीय टीम में शामिल किया गया है, लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक उनका मैदान पर उतरना फिटनेस टेस्ट पर निर्भर करेगा.

रोहित का कैसा है हालिया वनडे रिकॉर्ड?

रोहित का हालिया वनडे रिकॉर्ड शानदार रहा है. पिछले साल उन्होंने 14 वनडे मैचों में 50 की औसत से 650 रन बनाए थे और मार्च 2025 में भारत को चैंपियंस ट्रॉफी जिताने में अहम भूमिका निभाई थी. हालांकि, न्यूजीलैंड के खिलाफ पिछली वनडे सीरीज में उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था, जहां वे तीन पारियों में सिर्फ 61 रन बना सके थे. 2027 वनडे वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए भारतीय टीम रोहित की फिटनेस को लेकर कोई जोखिम नहीं लेना चाहती.

कोहली की चोट ने बढ़ाई टेंशन

दूसरी ओर, विराट कोहली की चोट ने भी टीम इंडिया की चिंताएं बढ़ा दी हैं. आईपीएल फाइनल में गुजरात टाइटंस के खिलाफ आरसीबी की खिताबी जीत के दौरान कोहली ने 42 गेंदों में नाबाद 75 रन की शानदार पारी खेली थी, लेकिन बल्लेबाजी के दौरान उन्हें दौड़ने में परेशानी होती हुई दिखाई दी थी. इसके बाद उनकी फिटनेस को लेकर सवाल उठने लगे और अब वह अफगानिस्तान सीरीज से बाहर हो चुके हैं.

अब तक वनडे में 54 शतक जड़ चुके हैं कोहली

37 वर्षीय कोहली भी अब केवल वनडे क्रिकेट पर फोकस कर रहे हैं. वनडे इतिहास के सबसे सफल बल्लेबाजों में शामिल कोहली ने 299 पारियों में 54 शतकों की मदद से 14,797 रन बनाए हैं. पिछले एक साल में उनका प्रदर्शन बेहद शानदार रहा है, जहां उन्होंने 16 वनडे मैचों में 68.53 की औसत से 891 रन बनाए हैं.

अफगानिस्तान सीरीज से पहले रोहित शर्मा और विराट कोहली दोनों की फिटनेस को लेकर बने सवाल भारतीय टीम के लिए चिंता का विषय हैं. यदि दोनों दिग्गज पूरी तरह फिट नहीं हो पाते हैं, तो भारत की बल्लेबाजी पर इसका बड़ा असर पड़ सकता है.

क्रिकेट न्‍यूजरोहित शर्माविराट कोहली
अगला लेख