महाराष्ट्र के नासिक स्थित आर्मी एविएशन ट्रेनिंग सेंटर में पासिंग आउट समारोह के बाद अपनी मंगेतर को हेलीकॉप्टर के सामने घुटनों पर बैठकर प्रपोज करने वाले युवा आर्मी अधिकारी कैप्टन भारत भारद्वाज इन दिनों चर्चा के केंद्र में हैं. सोशल मीडिया पर उनकी रोमांटिक तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल हुए, लेकिन इसी के साथ विवाद भी खड़ा हो गया. कुछ लोगों ने इसे एक खूबसूरत निजी पल बताया, जबकि अन्य ने सैन्य प्रोटोकॉल, सुरक्षा नियमों और सेना की संपत्ति के इस्तेमाल पर सवाल उठाए. अब मामले में सेना की ओर से स्पष्टीकरण मांगे जाने की खबरें सामने आई हैं, जिससे यह भावुक प्रेम कहानी बहस का विषय बन गई है.