नोएडा में तूफान का तांडव! 400 पेड़ गिरे, 210 बिजली पोल टूटे; सड़कों पर भरा पानी- जानिए अगले पांच दिन का मौसम Update
गुरुवार को आए तेज तूफान और मूसलाधार बारिश ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा में भारी तबाही मचाई. करीब 400 पेड़ उखड़कर गिर गए, जबकि दादरी, दनकौर, रबूपुरा और जेवर क्षेत्र में 210 बिजली पोल तथा 72 ट्रांसफॉर्मर क्षतिग्रस्त हो गए. कई सड़कों और अंडरपास में जलभराव से घंटों जाम की स्थिति बनी रही.
नोएडा और ग्रेटर नोएडा में गुरुवार दोपहर 3 बजे अचानक मौसम का मिजाज बदल गया. तेज आंधी, तूफान और मूसलाधार बारिश ने पूरे शहर की रफ्तार थाम दी. कई इलाकों में पेड़, यूनिपोल और बिजली के खंभे गिर गए, जबकि मुख्य सड़कों पर जलभराव के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.
बारिश और तेज हवाओं का असर शहर के लगभग हर सेक्टर में देखने को मिला. कई जगह सड़कें पानी में डूब गईं, वहीं वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. नोएडा से लेकर ग्रेटर नोएडा तक प्रशासन और प्राधिकरण की तैयारियों की पोल खुलती नजर आई.
नोएडा में कहां-कहां आया तूफान?
नोएडा के सेक्टर-87 से सेक्टर-122 तक कई सड़कों पर दो फीट तक पानी भर गया. जलभराव के चलते वाहन चालकों को घंटों जाम में फंसना पड़ा. कई छोटे वाहन बीच सड़क में बंद हो गए. सेक्टर-122 में तेज आंधी के कारण एक के बाद एक कई पेड़ सड़क पर गिर गए, जिससे यातायात प्रभावित हुआ. वहीं सेक्टर-84 के पास सड़क किनारे लगी कई स्ट्रीट लाइटें टूट गईं, जिसके चलते एक सड़क को बंद करना पड़ा.
वही शहर में झमाझम बारिश के बाद नोएडा अथॉरिटी की तैयारियों पर सवाल खड़े हो गए. जगह-जगह नालियां चोक होने के कारण पानी की निकासी नहीं हो सकी.सेक्टर-58 की रोड पर भारी जलभराव देखने को मिला, जबकि सेक्टर-62 अंडरपास भी पानी से भर गया. लोगों का कहना है कि समय पर नालों की सफाई नहीं होने के कारण हर बारिश में ऐसी स्थिति बन जाती है.
ग्रेटर नोएडा में तेज आंधी-तूफान के बाद एनएच-91 पर लुहारली टोल प्लाजा के पास बड़ा हादसा होते-होते टल गया. प्राधिकरण का भारी भरकम बोर्ड टूटकर हाईवे पर गिर पड़ा, जिससे लंबा जाम लग गया. जाम में एंबुलेंस तक फंस गई. टोल कर्मचारियों, पुलिस और यात्रियों ने मिलकर रास्ता साफ कराया. इस दौरान एक लग्जरी कार भी बोर्ड की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई.
तूफान से नोएडा में क्या-क्या हुआ?
नोएडा प्राधिकरण के अनुसार, आज आई तेज आंधी और बारिश के कारण शहर में करीब 400 पेड़ टूटकर गिर गए.प्राधिकरण ने बताया कि सभी सेक्टरों में टीमें भेजी गई हैं और गिरे हुए पेड़ों को हटाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है. अधिकारियों का कहना है कि रात तक सभी मुख्य मार्गों को साफ कर दिया जाएगा. प्राधिकरण ने नागरिकों से अपील की है कि वे टूटे हुए पेड़ों और बिजली की तारों के पास न जाएं तथा सावधानी बरतें.
तेज आंधी-तूफान का सबसे ज्यादा असर ग्रेटर नोएडा की बिजली व्यवस्था पर पड़ा. दादरी, दनकौर, रबूपुरा और जेवर क्षेत्र में 210 बिजली पोल टूटकर गिर गए, जबकि 72 ट्रांसफॉर्मर खराब हो गए. 33 केवी और 11 केवी की कई बिजली लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं, जिससे बड़े इलाके में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई. पेड़ गिरने से बिजली विभाग को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है. विद्युत विभाग के अधिकारी और कर्मचारी युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य में जुटे हुए हैं ताकि जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल की जा सके.
अगले 5 दिनों का मौसम: बारिश, उमस और धूप का रहेगा मिला-जुला असर
5 जून-
प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी. कुछ जिलों में हल्की फुहारें पड़ सकती हैं. हालांकि तापमान में बड़ी गिरावट की उम्मीद नहीं है, लेकिन लोगों को लू से राहत मिलती रहेगी.
6 जून-
मौसम का मिजाज नम बना रहेगा. कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है. हवा में नमी बढ़ने से तापमान सामान्य के आसपास रहेगा और गर्म हवाएं चलने की संभावना नहीं है.
7 जून-
प्रदेश के विभिन्न इलाकों में बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं. दिन के दौरान बादलों और धूप के बीच आंख-मिचौली देखने को मिलेगी. नमी बढ़ने के कारण लोगों को उमस का एहसास हो सकता है.
8 जून-
बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी और अधिकांश जिलों में मौसम साफ रहने की संभावना है. तेज धूप निकलने से दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है.
9 जून-
प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा. धूप तेज रहेगी, लेकिन 25 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाएं गर्मी और उमस से कुछ राहत दे सकती हैं.




