Begin typing your search...

WTC फाइनल खेलने वाले विकेटकीपर ने रिटायरमेंट का किया ऐलान, इमोशनल पोस्ट में किसे कहा 'शुक्रिया'?

भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज केएस भरत ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है. 7 टेस्ट खेलने वाले भरत ने भावुक पोस्ट में विराट कोहली, रोहित शर्मा और राहुल द्रविड़ को विशेष रूप से धन्यवाद कहा. उनका आखिरी टेस्ट 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ था.

KS Bharat Retires from International Cricket
X

टीम इंडिया के विकेटकीपर KS भरत ने लिया संन्यास

( Image Source:  ANI )

Kona Srikar Bharat Retirement: भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर-बल्लेबाज केएस भरत ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है. 32 वर्षीय खिलाड़ी ने सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश साझा करते हुए अपने क्रिकेट सफर को याद किया और उन लोगों का आभार जताया, जिन्होंने उनके इस सफर को खास बनाया.

केएस भरत का अंतरराष्ट्रीय करियर भले ही लंबा नहीं रहा, लेकिन टीम इंडिया की टेस्ट जर्सी पहनना उनके लिए एक सपने के सच होने जैसा था. उन्होंने भारत के लिए 7 टेस्ट मैच खेले और विकेटकीपर के तौर पर अपनी सुरक्षित ग्लववर्क से पहचान बनाई. भरत 2023 में विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) फाइनल खेलने वाली भारतीय टीम का भी हिस्सा रहे थे.

भरत ने कब खेला आखिरी टेस्ट मुकाबला?

हालांकि, ऋषभ पंत की वापसी और टीम में बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच भरत टेस्ट टीम में अपनी जगह लंबे समय तक पक्की नहीं कर सके. उनका आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला फरवरी 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ विशाखापट्टनम टेस्ट था. 7 टेस्ट मैचों में उन्होंने 221 रन बनाए, जबकि विकेट के पीछे 18 कैच और 1 स्टंपिंग की.

संन्यास की घोषणा करते हुए भरत ने लिखा, "देश के लिए खेलना मेरे जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा. इस सफर में संघर्ष, धैर्य और त्याग की जरूरत पड़ी, लेकिन भारत का प्रतिनिधित्व करने का गौरव हर चुनौती से बड़ा था."

भावुक संदेश में भरत ने किसे दिया सबसे बड़ा श्रेय?

अपने भावुक संदेश में भरत ने परिवार को सबसे बड़ा श्रेय दिया. उन्होंने कहा कि उनके माता-पिता और बहन ने दो दशक तक उनके सपने को अपना सपना बनाकर जिया. उन्होंने लिखा कि आज जो कुछ भी हैं, वह परिवार के प्यार, अनुशासन और मेहनत की बदौलत हैं. भरत ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI), आंध्र क्रिकेट एसोसिएशन, विशाखापट्टनम डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन, कोचों, टीम मैनेजमेंट और ग्राउंड स्टाफ का भी धन्यवाद किया.

भरत ने किन तीन खास नामों का किया जिक्र?

अपने विदाई संदेश में उन्होंने तीन खास नामों का जिक्र किया. भरत ने कहा कि आईपीएल में पहला मौका देने के लिए Virat Kohli का हमेशा आभारी रहूंगा. टेस्ट डेब्यू का मौका देने वाले कप्तान Rohit Sharma और शुरुआती दिनों से मार्गदर्शन करने वाले कोच Rahul Dravid का योगदान उनके करियर में हमेशा यादगार रहेगा.

क्रिकेट न्‍यूजरोहित शर्माविराट कोहली
अगला लेख