यह गलती नहीं, ब्लंडर है- PAK vs BAN टेस्ट मैच में पाकिस्तान की जगह दिखाई दिया टीम इंडिया का स्कोरकार्ड तो यूजर्स ने जमकर लिए मजे
पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के लाइव प्रसारण के दौरान बड़ा ब्रॉडकास्टिंग ब्लंडर देखने को मिला. पाकिस्तान की प्लेइंग XI की जगह गलती से टीम इंडिया का स्कोरकार्ड ऑन एयर दिखाई देने लगा, जिसके स्क्रीनशॉट अब खूब वायरल हो रहे हैं.
पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच टेस्ट मैच में दिखाई दिया भारत का स्कोरकार्ड
Team India’s Scorecard During Pakistan vs Bangladesh Test: क्रिकेट मैचों के दौरान ब्रॉडकास्टिंग में छोटी-मोटी गलतियां पहले भी होती रही हैं, लेकिन पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच ढाका टेस्ट में जो हुआ, उसने सोशल मीडिया पर अलग ही हलचल मचा दी. दरअसल, मैच के लाइव प्रसारण के दौरान ब्रॉडकास्टर्स ने पाकिस्तान की प्लेइंग इलेवन दिखाने की जगह गलती से टीम इंडिया का स्कोरकार्ड ऑन एयर चला दिया.
यह मजेदार गड़बड़ी तब हुई, जब ढाका के शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम में खेले जा रहे पहले टेस्ट में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. टॉस के बाद स्क्रीन पर पाकिस्तान की टीम दिखनी थी, लेकिन अचानक भारतीय खिलाड़ियों की लिस्ट दिखाई देने लगी. स्क्रीन पर रोहित शर्मा, शुभमन गिल, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, जितेश शर्मा, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह और मुकेश कुमार जैसे खिलाड़ियों के नाम नजर आने लगे.
इंटरनेट पर छाई मीम्स की बाढ़
लाइव मैच देख रहे फैंस पहले तो हैरान रह गए, फिर कुछ ही मिनटों में इस गलती के स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर वायरल हो गए. हालांकि बाद में वीडियो हट गया, लेकिन तब तक इंटरनेट पर मीम्स की बाढ़ आ चुकी थी. एक यूजर ने मजाक उड़ाते हुए लिखा- भारत हर जगह छाया हुआ है. वहीं, दूसरे ने कहा-पाकिस्तान की जगह इंडिया खेल रही है क्या? तीसरे कहा- यह कोई एरर नहीं है. यह ब्लंडर है. प्रोडक्शन टीम जोकरों से भरी हुई है.
अब तक इस गलती को लेकर ब्रॉडकास्टर्स की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन यह ब्रॉडकास्टिंग ब्लंडर क्रिकेट फैंस के लिए मनोरंजन का बड़ा विषय बन गया.
मैच में क्या हुआ?
अगर मैच की बात करें, तो पाकिस्तान ने पहले गेंदबाजी करते हुए बांग्लादेश को 413 रन पर ऑलआउट किया. बांग्लादेश के कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने शानदार शतक जड़ा, जबकि मोमिनुल हक 91 रन बनाकर बड़ी पारी खेलने से चूक गए. शांतो ने सिर्फ 129 गेंदों में अपना नौवां टेस्ट शतक पूरा किया. उन्होंने अपनी पारी में 12 चौके और 2 छक्के लगाए और घरेलू दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया.
पाकिस्तान ने कितने रन बनाए?
दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक पाकिस्तान ने पहली पारी में 1 विकेट के नुकसान पर 179 रन बनाए. अजान अवैस 85 और अब्दुल्लाह फजल 37 रन बनाकर खेल रहे हैं. इमाम उल-हक 45 रन बनाकर आउट हुए. उनका विकेट मेहदी हसन मिराज ने लिया.




