यशस्वी जायसवाल और शेफाली वर्मा ने ऐसा क्या कर दिया, जिसकी वजब से NADA ने भेजा नोटिस; BCCI तक पहुंचा मामला
भारतीय क्रिकेटर यशस्वी जायसवाल और शेफाली वर्मा को NADA ने तय डोप टेस्ट मिस करने पर नोटिस भेजा है. दोनों खिलाड़ी RTP पूल का हिस्सा हैं, जहां खिलाड़ियों को अपनी लोकेशन अपडेट रखना और अचानक टेस्ट के लिए उपलब्ध रहना जरूरी होता है. फिलहाल यह पहला Whereabouts Failure माना गया है.
NADA Notice to Yashasvi Jaiswal and Shafali Verma: भारतीय क्रिकेट के दो बड़े युवा सितारे यशस्वी जायसवाल और शेफाली वर्मा इस समय सुर्खियों में आ गए हैं. हालांकि, इस बार वजह उनका प्रदर्शन नहीं, बल्कि नियमों का उल्लंघन करना है. दोनों खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एंटी-डोपिंग एजेंसी (NADA) ने नोटिस जारी किया है. वजह यह है कि दोनों खिलाड़ी पिछले साल तय डोप टेस्ट के दौरान उपलब्ध नहीं मिले और उन्होंने इसकी कोई संतोषजनक जानकारी भी नहीं दी. यशस्वी इस समय आईपीएल में बिजी हैं. वे राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेल रहे हैं.
सूत्रों के मुताबिक, यशस्वी जायसवाल और शेफाली वर्मा NADA के Registered Testing Pool (RTP) का हिस्सा हैं. इस पूल में शामिल खिलाड़ियों को अपनी लोकेशन की जानकारी लगातार अपडेट करनी होती है. हर दिन तय समय पर अचानक होने वाले डोप टेस्ट के लिए उपलब्ध रहना पड़ता है, लेकिन दोनों खिलाड़ी टेस्टिंग के समय मौजूद नहीं थे, जिसके बाद इसे आधिकारिक तौर पर उनका पहला 'Whereabouts Failure' माना गया है.
क्या कोई कार्रवाई होगी?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, NADA ने इस मामले की जानकारी BCCI और ICC दोनों को दे दी है. फिलहाल यह सिर्फ पहला उल्लंघन माना गया है. इसे सीधे डोपिंग केस नहीं कहा जा रहा... लेकिन एंटी-डोपिंग नियमों के तहत अगर कोई खिलाड़ी तय समयावधि में तीन बार टेस्ट मिस करता है, तो इसे डोपिंग नियमों का गंभीर उल्लंघन माना जा सकता है. ऐसी स्थिति में खिलाड़ी पर निलंबन जैसी बड़ी कार्रवाई भी हो सकती है.
BCCI ने क्या कहा?
BCCI ने भी पुष्टि की है कि उन्हें NADA की तरफ से नोटिफिकेशन मिला है. बोर्ड के एक सूत्र ने कहा कि मामले की जांच की जाएगी और यह समझने की कोशिश होगी कि आखिर खिलाड़ी टेस्ट के समय उपलब्ध क्यों नहीं थे. साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे.
NADA के RTP लिस्ट में कितने भारतीय क्रिकेटर शामिल हैं?
यह मामला इसलिए भी ज्यादा चर्चा में है क्योंकि क्रिकेट की 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक में वापसी होने जा रही है. ऐसे में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एंटी-डोपिंग नियमों का पालन और भी सख्त हो गया है. फिलहाल NADA के RTP लिस्ट में 13 भारतीय क्रिकेटर शामिल हैं, जिनमें शुभमन गिल, हार्दिक पांड्या, जसप्रीत बुमराह और ऋषभ पंत जैसे बड़े नाम भी मौजूद हैं.




