Begin typing your search...

POCSO केस, वायरल वीडियो और 'हनी ट्रैप' का दावा, BJP केंद्रीय मंत्री बंदी संजय कुमार पुत्र साई भगीरथ की कुंडली

तेलंगाना में केंद्रीय मंत्री Bandi Sanjay Kumar के बेटे साई भगीरथ पर एक नाबालिग लड़की ने POCSO एक्ट के तहत यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है. वहीं साई भगीरथ ने इसे हनी ट्रैप और करोड़ों की उगाही की साजिश बताया है. सोशल मीडिया पर उनके पुराने मारपीट वाले वीडियो भी वायरल हैं, जिससे मामला अब बड़ा राजनीतिक विवाद बन चुका है.

POCSO केस, वायरल वीडियो और हनी ट्रैप का दावा, BJP केंद्रीय मंत्री बंदी संजय कुमार पुत्र साई भगीरथ की कुंडली
X

तेलंगाना की राजनीति इस वक्त एक ऐसे विवाद से गरमा चुकी है जिसने बीजेपी को भी बैकफुट पर ला दिया है. मामला केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार के बेटे साई भगीरथ से जुड़ा है, जिनके खिलाफ एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़की ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए POCSO एक्ट के तहत केस दर्ज कराया है.

हैदराबाद के पेटबशीराबाद पुलिस स्टेशन में दर्ज इस मामले ने सिर्फ कानूनी नहीं बल्कि राजनीतिक भूचाल भी पैदा कर दिया है. क्योंकि यह पूरा विवाद ऐसे समय सामने आया है जब पीएम मोदी का हैदराबाद दौरा होने वाला है और बीजेपी तेलंगाना में अपनी ताकत दिखाने की तैयारी में जुटी हुई है.

लेकिन कहानी सिर्फ POCSO केस तक सीमित नहीं है...

सोशल मीडिया पर साई भगीरथ के पुराने दो वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें वे कथित तौर पर मारपीट करते नजर आ रहे हैं. विपक्ष अब इन वीडियो को नए केस से जोड़कर बीजेपी पर हमला बोल रहा है और सवाल उठा रहा है कि आखिर सत्ता के प्रभाव में क्या कानून से ऊपर होने की मानसिकता पैदा हो रही है?

आखिर नाबालिग लड़की ने क्या आरोप लगाए?

17 साल की लड़की ने पुलिस में दी शिकायत में आरोप लगाया कि 31 दिसंबर 2025 को मुईनाबाद के एक फार्महाउस में साई भगीरथ ने उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की. शिकायत के मुताबिक उसे शराब पिलाने का दबाव बनाया गया और विरोध करने पर उसके साथ अनुचित व्यवहार किया गया. लड़की अपने परिवार के साथ पेटबशीराबाद पुलिस स्टेशन पहुंची जिसके बाद पुलिस ने POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक शिकायत को गंभीरता से लिया गया है और पूरे मामले की जांच जारी है.

साई भगीरथ का पलटवार, बोले- मुझे फंसाया जा रहा

दूसरी तरफ साई भगीरथ ने खुद को साजिश का शिकार बताया है. उन्होंने करीमनगर पुलिस में अलग शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि लड़की का परिवार उन पर शादी का दबाव बना रहा था और करोड़ों रुपये की उगाही की कोशिश कर रहा था. भगीरथ का दावा है कि दोनों परिवार पहले से एक-दूसरे को जानते थे और कई पारिवारिक कार्यक्रमों व मंदिर यात्राओं में साथ शामिल होते रहे हैं. उन्होंने यह भी कहा कि परिवार को पहले 50 हजार रुपये दिए गए थे और बाद में 2 से 5 करोड़ रुपये तक की मांग की गई.

बीजेपी ने इसे 'हनी ट्रैप' क्यों बताया?

इस पूरे मामले को लेकर बंदी संजय के PRO की तरफ से प्रेस बयान जारी किया गया, जिसमें इसे 'हनी ट्रैप और एक्सटॉर्शन प्लान' बताया गया. बीजेपी खेमे का आरोप है कि एक महिला ने अपनी बेटी का इस्तेमाल कर साई भगीरथ को फंसाने की कोशिश की और बाद में POCSO केस की धमकी देकर करोड़ों रुपये मांगने शुरू कर दिए. यानी अब यह लड़ाई सिर्फ आरोप और प्रत्यारोप तक नहीं रह गई, बल्कि दोनों पक्ष खुद को पीड़ित बता रहे हैं. एक तरफ नाबालिग लड़की का यौन उत्पीड़न का आरोप है, तो दूसरी तरफ हनी ट्रैप और ब्लैकमेलिंग का दावा.

पीएम मोदी के दौरे से पहले क्यों बढ़ा सियासी तापमान?

यह विवाद ऐसे समय सामने आया है जब तेलंगाना में बीजेपी अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की कोशिश कर रही है. Narendra Modi का हैदराबाद दौरा भी बेहद अहम माना जा रहा है. विपक्ष को अब बीजेपी पर हमला करने का बड़ा मौका मिल गया है. खासकर Bharat Rashtra Samithi और कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर लगातार सवाल उठा रहे हैं. पहले से ही बंदी संजय दूसरे विवादों में घिरे हुए हैं. हाल ही में BRS विधायक पाडी कौशिक रेड्डी के दफ्तर पर हुए हमले को लेकर भी बीजेपी पर आरोप लगे थे. अब नया मामला सामने आने के बाद विपक्ष इसे 'सत्ता और प्रभाव के दुरुपयोग' से जोड़कर पेश कर रहा है.

पहले भी विवादों में रह चुके हैं साई भगीरथ

साई भगीरथ का नाम इससे पहले भी विवादों में आ चुका है. साल 2023 में उनका एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें वे महिंद्रा यूनिवर्सिटी के एक छात्र के साथ कथित तौर पर मारपीट करते नजर आए थे. वीडियो में थप्पड़, लात-घूंसे और धक्का-मुक्की दिखाई दी थी, जिसके बाद सोशल मीडिया पर काफी विवाद हुआ था. अब नया POCSO केस सामने आने के बाद वही पुराने वीडियो फिर से वायरल किए जा रहे हैं और विपक्ष उन्हें बीजेपी की “राजनीतिक दबंगई” से जोड़कर पेश कर रहा है.

अगला लेख