100 फीसदी काम हिंदुओं के लिए करूंगा! आखिर Suvendu Adhikari की पॉलिटिक्स क्या है, कितना बदलेगा बंगाल?
हिंदू-समर्थक बयानों से लेकर योगी-शैली की राजनीति तक- BJP की जीत के बाद शुभेंदु अधिकारी किस तरह बंगाल के राजनीतिक नैरेटिव को नया रूप दे रहे हैं.
पश्चिम बंगाल की राजनीति में बतौर सीएम शुभेंदु अधिकारी का उदय सिर्फ सत्ता परिवर्तन की कहानी नहीं, बल्कि इसे बंगाल की वैचारिक राजनीति में बड़े बदलाव के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है. नंदीग्राम आंदोलन के नेता से लेकर तृणमूल कांग्रेस के मजबूत चेहरे और फिर बीजेपी के सबसे आक्रामक हिंदुत्ववादी नेता बनने तक, उनका सफर लगातार बदली हुई राजनीतिक भाषा का प्रमाण है. खास बात यह है कि 2026 चुनाव प्रचार के दौरान और जीत के बाद दिए गए उनके बयान यह संकेत देते हैं कि बंगाल में बीजेपी “सॉफ्ट हिंदुत्व” नहीं, बल्कि खुली वैचारिक राजनीति की ओर बढ़ रही है. सबसे अहम संकेत तो यह है कि 9 मई को शुभेंदु सीएम पद का शपथ लेने भगवा लिबास में पहुंच गए. जब शपथ लेने के बाद वो योगी से आशीर्वाद लेने पहुंचे तो उन्होंने शुभेंदु के गले में भगवा दुपट्टा डालकर साफ कर दिया कि बंगाल अब भगवा ट्रैक पर दौड़ेगा. समझें शुभेंदु ने टीएमसी छोड़ने से लेकर सीएम पद की शपथ लेने तक कब कब दिए सोच के स्तर पर खुद को बदलने के संकेत.
2020 में TMC छोड़ते वक्त शुभेंदु ने क्या संकेत दिए थे?
दिसंबर 2020 में जब बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी (Suvendu Adhikari) ने तृणमूल कांग्रेस छोड़कर बीजेपी ज्वाइन की, तभी उनकी राजनीति का नया अध्याय शुरू हो गया था. बीजेपी में शामिल होने के मंच पर उन्होंने कहा था कि बंगाल को 'तुष्टिकरण और परिवारवाद' से मुक्त करना होगा. उस समय यह बयान सिर्फ ममता बनर्जी पर हमला नहीं माना गया, बल्कि बीजेपी के हिंदुत्व नैरेटिव के साथ खुद को जोड़ने का पहला बड़ा संकेत था.
बीजेपी में शामिल होने के बाद उन्होंने कई रैलियों में 'जय श्रीराम' के नारे को खुलकर अपनाया. यह वही दौर था जब बंगाल की राजनीति में 'जय श्रीराम' बनाम 'खेला होबे' सीधा राजनीतिक प्रतीक बन चुका था.
2021 नंदीग्राम चुनाव के दौरान शुभेंदु की भाषा क्यों बदली?
2021 विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम सीट पर ममता बनर्जी के खिलाफ चुनाव लड़ते समय शुभेंदु अधिकारी पूरी तरह हिंदुत्व और पहचान की राजनीति के चेहरे के रूप में सामने आए. उन्होंने कई सभाओं में कहा कि बंगाल में 'मुस्लिम तुष्टिकरण' की राजनीति चल रही है और बीजेपी आने पर 'सबको समान कानून' मिलेगा.
पांच साल पहले नंदीग्राम में ही एक अन्य उन्होंने एक सभा में कहा था कि “जो हिंदुओं पर हमला करेगा, उसे जवाब मिलेगा.” बीजेपी कार्यकर्ताओं ने इस बयान को हिंदू वोटों के ध्रुवीकरण के बड़े संदेश के रूप में प्रचारित किया. नंदीग्राम में जीत के बाद उन्होंने रोड शो के दौरान भगवा गमछा पहनकर 'जय श्रीराम' के नारे लगाए. उस समय राजनीतिक विश्लेषकों ने इसे बंगाल बीजेपी के नए वैचारिक चेहरे की शुरुआत माना.
2023-24 में राम मंदिर और हिंदू पहचान पर लाइन क्या?
अयोध्या में नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के समय सुवेंदु अधिकारी ने बंगाल में कई धार्मिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया. उन्होंने कहा कि “राम भारत की आस्था हैं और बंगाल अब अपनी जड़ों की ओर लौट रहा है.”
उन्होंने ममता सरकार पर आरोप लगाया कि दुर्गा पूजा, राम नवमी और हिंदू धार्मिक आयोजनों को पहले रोका जाता था. इसके उलट उन्होंने वादा किया कि बीजेपी सरकार आने पर “हिंदू त्योहारों को सरकारी संरक्षण” मिलेगा.
राम नवमी जुलूसों के दौरान हुई हिंसा पर उन्होंने प्रशासन पर पक्षपात का आरोप लगाया और कहा कि “हिंदुओं को अब डरकर नहीं जीना होगा.” यह बयान सीधे उस राजनीति से मेल खाता दिखा, जिसे यूपी में योगी आदित्यनाथ पिछले नौ सालों में मजबूत किया.
2026 चुनाव प्रचार में हिंदुत्व वाले बयान दिए?
2026 विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान शुभेंदु अधिकारी की भाषा और ज्यादा आक्रामक हो गई. उन्होंने सीमावर्ती जिलों की सभाओं में कहा कि बंगाल में घुसपैठियों की वजह से जनसंख्या संतुलन बदल रहा है. उन्होंने NRC और सीमा सुरक्षा को भी चुनावी मुद्दा बनाया.
मार्च 2026 में उत्तर 24 परगना की एक रैली में उन्होंने कहा कि “यह चुनाव हिंदुओं की सुरक्षा का चुनाव है.” बीजेपी ने इसी दौरान यूपी मॉडल और असम मॉडल की चर्चा तेज की.
अप्रैल 2026 में हुगली की एक सभा में उन्होंने कहा कि “बंगाल में कानून का राज चाहिए, गुंडों का नहीं.” इसके बाद बीजेपी नेताओं ने खुले मंच से “UP जैसी सख्ती” की बात करनी शुरू कर दी.
चुनाव जीतने के तुरंत बाद शुभेंदु ने क्या कहा?
4 मई 2026 को चुनाव परिणाम आने के बाद बीजेपी के फायरब्रांड नेता शुभेंदु अधिकारी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि “यह हिंदू समाज की जीत है.” उन्होंने दावा किया कि बहुसंख्यक समाज में व्याप्त लहर ने ममता सरकार को जवाब दिया है.
इसके कुछ घंटों बाद कोलकाता में बीजेपी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी सरकार “100 फीसदी हिंदुओं के लिए काम करेगी.” इस बयान पर विपक्ष ने तीखी प्रतिक्रिया दी, लेकिन बीजेपी समर्थकों ने इसे “स्पष्ट हिंदू राजनीति” का ऐलान बताया. यही वह बयान था, जिसने उनकी तुलना सीधे योगी से करवा दी. इस चर्चा को बल मिला, क्या बंगाल में यूपी मॉडल लागू होगा.
शपथ से पहले भगवा कपड़े पहनने के मायने क्या?
मुख्यमंत्री पद की शपथ से पहले शुभेंदु अधिकारी कई धार्मिक कार्यक्रमों में भगवा दुपट्टा पहनकर नजर आए. एक कार्यक्रम में उन्होंने ठीक उसी तरह भगवा गमछा डाला, जैसा Yogi Adityanath अक्सर पहनते हैं. बीजेपी कार्यकर्ताओं ने इसे “बंगाल में हिंदुत्व युग की शुरुआत” बताया. राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक यह सिर्फ धार्मिक प्रतीक नहीं था, बल्कि बीजेपी कैडर और हिंदू वोटरों को स्पष्ट संदेश था कि नई सरकार अपनी वैचारिक पहचान छिपाने वाली नहीं है.
सचमुच, बंगाल में योगी मॉडल लागू कर पाएंगे?
यहीं, सबसे बड़ा सवाल खड़ा होता है. ऐसा इसलिए कि पश्चिम बंगाल उत्तर प्रदेश नहीं है. यहां की राजनीति लंबे समय तक मध्यमार्ग, वामपंथी विचारधारा, बंगाली सांस्कृतिक पहचान और क्षेत्रीय राष्ट्रवाद पर आधारित रही है. इसलिए “कॉपी-पेस्ट योगी मॉडल” बंगाल में लागू करना आसान नहीं होगा. लेकिन कानून-व्यवस्था पर सख्ती, धार्मिक आयोजनों को खुला समर्थन, घुसपैठ के खिलाफ अभियान और हिंदू पहचान की राजनीति को प्रशासनिक समर्थन देने जैसे कदम जरूर देखने को मिल सकते हैं.
हालांकि, ऐसा वो करते हैं तो सीएम शुभेंदु अधिकारी के सामने चुनौती भी कम नहीं होगी. उन्हें पार्टी के भीतर संतुलन, प्रशासनिक अनुभव और बंगाल की जटिल सामाजिक संरचना को साथ लेकर चलना होगा. यही तय करेगा कि वह सिर्फ “बंगाल के योगी” की छवि तक सीमित रहेंगे या सच में वैसी राजनीति और शासन मॉडल स्थापित कर पाएंगे.
चुनाव प्रचार के समय से ही मिल रहे ये संकेत
2026 भबानीपुर से ममता बनर्जी को हराने के बाद शुभेंदु के बयान और चुनाव प्रचार के दौरान योगी की आक्रामक मौजूदगी ने इस चर्चा को हवा दी कि बंगाल में बीजेपी “योगी मॉडल” की दिशा में बढ़ सकती है. खास तौर पर कानून-व्यवस्था, हिंदुत्व और सख्त प्रशासन वाले नैरेटिव को जिस तरह चुनाव में इस्तेमाल किया गया, उससे संकेत मिला कि शुभेंदु अधिकारी की राजनीति अब उसी लाइन पर आगे बढ़ सकती है.
चुनाव प्रचार के दौरान बीजेपी नेताओं ने “UP जैसी सख्त कार्रवाई” की खुलकर बात की. अपराध, राजनीतिक हिंसा और घुसपैठ को बड़ा मुद्दा बनाते हुए यह संदेश दिया गया कि बंगाल में भी “जीरो टॉलरेंस” वाला शासन चाहिए.
Yogi Adityanath की बंगाल में लगातार रैलियां करना भी सिर्फ चुनाव प्रचार नहीं माना गया. इसे “UP मॉडल” की ब्रांडिंग के तौर पर देखा गया. जिन सीटों पर योगी ने प्रचार किया, वहां बीजेपी के बेहतर प्रदर्शन की चर्चा ने इस धारणा को और मजबूत किया. तो क्या पार्टी बंगाल में भी उसी तरह का सख्त प्रशासनिक और वैचारिक मॉडल स्थापित करना चाहती है?
सबसे बड़ा संकेत तब मिला जब शुभेंदु ने बीजेपी की जीत को “हिंदू लहर” बताया और कहा कि यह बहुसंख्यक हिंदुओं द्वारा ममता बनर्जी को दिया गया जवाब है. यह बयान सीधे उस राजनीतिक लाइन से मेल खाता दिखा, जिसे यूपी में योगी आदित्यनाथ ने मजबूत किया है - जहां हिंदुत्व, कानून-व्यवस्था और आक्रामक राजनीतिक संदेश साथ-साथ चलते हैं.




