Laura Wolvaardt: वर्ल्ड कप में मचाई तबाही, अब DC को WPL के फाइनल में पहुंचाया- कहानी स्पिनर्स के लिए पहेली बनी 'वोल्फी' की
लौरा वोलवार्ट WPL 2026 में DC की सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज बनीं हैं. स्पिन के खिलाफ उनका औसत 85 और स्ट्राइक रेट 138 का रहा है.
WPL 2026 में लौरा वोलवार्ट बनीं DC की एक्स-फैक्टर, स्पिनर्स पर पूरी तरह हावी
Laura Wolvaardt story: लौरा वोलवार्ट का नाम अब महिला क्रिकेट में भरोसे का दूसरा नाम बन चुका है. करियर की शुरुआत से ही उन्हें ‘चाइल्ड प्रॉडिजी’ माना गया. टीनएज में ही वेस्टर्न केप के लिए डेब्यू और 2016 में साउथ अफ्रीका के लिए पहला ODI खेलने के महज चार महीने बाद इंटरनेशनल शतक, वो भी 105 रन... यही नहीं, वह साउथ अफ्रीका की ओर से शतक लगाने वाली सबसे कम उम्र की बल्लेबाज बनीं. बड़े स्कोर खेलने की आदत और मुश्किल हालात में टिकने की क्षमता उनकी पहचान बन गई.
जून 2024 में चेन्नई टेस्ट में भारत के खिलाफ 122 रन की पारी खेलकर Laura Wolvaardt ने इतिहास रच दिया. वो इंटरनेशनल क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में शतक लगाने वाली दुनिया की तीसरी महिला बल्लेबाज बनीं. दिलचस्प बात ये रही कि ये उनका सिर्फ तीसरा टेस्ट था.
लौरा वुलवार्ट साउथ अफ्रीका की कप्तान कब बनीं?
2023 में लौरा वुलवार्ट को साउथ अफ्रीका की तीनों फॉर्मेट की कप्तानी सौंपी गई. कप्तान के तौर पर भी उन्होंने टीम को नई ऊंचाई दी. 2024 में साउथ अफ्रीका में हुए T20 वर्ल्ड कप में टीम को फाइनल तक पहुंचाया और टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन भी उन्हीं के बल्ले से निकले. इससे पहले वाले वर्ल्ड कप में भी उन्होंने यही कमाल किया था. हालांकि दोनों बार टीम उपविजेता रही. इंटरनेशनल क्रिकेट के साथ-साथ फ्रेंचाइज़ी लीग्स में भी वोलवार्ट की जबरदस्त डिमांड रही है. WBBL, द हंड्रेड और WPL, हर जगह टॉप ऑर्डर में उनकी जगह पक्की रही. खासतौर पर उनका कवर ड्राइव फैंस के लिए किसी ट्रीट से कम नहीं है.
DC के लिए वुलवार्ट का योगदान क्या रहा?
विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2026 में दिल्ली कैपिटल्स के चौथे लगातार फाइनल तक पहुंचने में लौरा वोलवार्ट की भूमिका बेहद अहम रही है. हाल ही में भारत में खेले गए ICC महिला वनडे वर्ल्ड कप में उन्होंने रिकॉर्ड 571 रन बनाए थे. 9 मैचों में 71.37 की औसत और 98 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट के साथ दो शतक और तीन अर्धशतक... इस अनुभव का फायदा उन्होंने WPL में भी साफ तौर पर उठाया. इस सीजन वोलवार्ट DC के लिए पांचवीं सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज हैं. उन्होंने 9 मैचों में 273 रन बनाए हैं, औसत 45.50 और स्ट्राइक रेट 130.62 का रहा है.
स्पिन के खिलाफ कैसा रहा है वुलवार्ट का रिकॉर्ड?
खास बात यह है कि स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ वो DC की सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज बनकर उभरी हैं. अब तक उनके 170 रन स्पिनर्स के खिलाफ आए हैं, वो भी सिर्फ 123 गेंदों में... स्ट्राइक रेट 138 से ज्यादा का रहा है. स्पिन के खिलाफ उन्हें सिर्फ दो बार आउट किया जा सका है, जिससे उनका औसत 85 तक पहुंच गया है. इस दौरान उन्होंने 14 चौके और 5 छक्के लगाए हैं.
गुजरात जायंट्स के खिलाफ एलिमिनेटर मुकाबले में वोलवार्ट ने कितने रन बनाए?
गुजरात जायंट्स के खिलाफ एलिमिनेटर मुकाबले में भी वोलवार्ट ने अहम भूमिका निभाई. उन्होंने नाबाद 32 रन बनाए और कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स के साथ मिलकर टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया. पहले बल्लेबाजी करते हुए जायंट्स की टीम 168/7 तक पहुंच सकी. बेथ मूनी की नाबाद 62 रन की पारी के बावजूद DC की गेंदबाजी हावी रही, जिसमें चिनेल हेनरी ने 3 विकेट झटके. जवाब में लिज़ेल ली और शेफाली वर्मा ने तूफानी शुरुआत दी. इसके बाद वोलवार्ट और जेमिमा ने मैच को पूरी तरह DC की पकड़ में ला दिया. आखिर में मारिजाने कैप ने विजयी रन बनाए और DC ने 26 गेंद शेष रहते फाइनल में जगह पक्की कर ली. अब दिल्ली कैपिटल्स का सामना WPL 2024 की चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से फाइनल में होगा, जहां वोलवार्ट एक बार फिर DC की सबसे बड़ी उम्मीद होंगी.
Laura Wolvaardt का जन्म कब हुआ?
लॉरा वोलवार्ट का जन्म 26 अप्रैल, 1999 को केप टाउन में हुआ. वह दाएं हाथ की सलामी बल्लेबाज हैं. उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 7 फरवरी 2016 को डेब्यू किया. इन्होने वेस्टर्न केप स्पोर्ट्स स्कूल से पढ़ाई की और हाई स्कूल में टॉपर रही हैं. वह अपनी क्लासी ड्राइव और शांत स्वभाव के लिए जानी जाती हैं, जिसे लेकर उन्हें 'वोल्फी' भी कहा जाता है.
लॉरा वोलवार्ट के नाम क्या रिकॉर्ड है?
- 2025 में लॉरा महिला वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में 5,000 रन पूरे करने वाली पहली दक्षिण अफ्रीकी महिला क्रिकेटर बनीं.
- विश्व कप 2025 के सेमीफाइनल में 115 गेंदों पर 169 रन बनाकर वह महिला विश्व कप के नॉकआउट मैच में शतक लगाने वाली पहली कप्तान बनीं.
- 2017 में वह ICC महिला वनडे प्लेयर ऑफ द ईयर के लिए चुनी गई थीं.
लौरा वुलफार्ट का इंटरनेशनल करियर कैसा रहा है?
लॉरा वुलफार्ट ने 4 टेस्ट मैचों में 1 शतक और एक अर्धशतक लगाते हुए 255 रन बनाए. वहीं, 122 वनडे में 13 शतक और 38 अर्धशतक के साथ 5477 रन बनाए, जबकि टी-20 इंटरनेशनल में उनके नाम 85 मैचों में 2225 रन दर्ज हैं, जिनमें 12 अर्धशतक और 2 शतक शामिल हैं. WPL में अब तक उन्होंने 22 मैच खेले हैं, जिनमें 4 अर्धशतक लगाते हुए 615 रन बनाए हैं.
लौरा वुलवार्ट क्रिकेट के साथ-साथ पढ़ाई में भी होनहार थीं. उन्होंने अपने खेल करियर पर ध्यान केंद्रित करने के लिए मेडिकल की पढ़ाई स्थगित कर दी थी. वर्तमान में, वह दक्षिण अफ्रीकी महिला क्रिकेट की सबसे प्रमुख बल्लेबाज हैं.





