PM Kisan 22nd Installment: ये डिजिटल पहचान नहीं बनी तो अटक सकती है 22वीं किस्त
PM Kisan योजना की 22वीं किस्त से पहले सरकार ने फार्मर आईडी को अनिवार्य कर दिया है. जिन किसानों ने यह प्रक्रिया पूरी नहीं की, उनकी 2,000 रुपये की किस्त रोकी जा सकती है.
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM Kisan) से जुड़े करोड़ों किसानों के लिए एक अहम अपडेट सामने आया है. योजना के तहत अब तक 21 किस्तें जारी की जा चुकी हैं और किसान लंबे समय से 22वीं किस्त का इंतजार कर रहे हैं. इसी बीच सरकार ने भुगतान प्रक्रिया से जुड़ी एक नई अनिवार्यता लागू कर दी है.
पीएम किसान योजना के अंतर्गत पात्र किसानों को हर साल कुल 6,000 रुपये की सहायता दी जाती है. यह राशि 2,000 रुपये की तीन बराबर किस्तों में सीधे बैंक खाते में ट्रांसफर की जाती है. इस योजना से अब तक देशभर के करोड़ों किसानों को सीधा लाभ मिल चुका है.
अब फार्मर ID बनी जरूरी शर्त
सरकार ने लाभार्थियों की पहचान को पुख्ता करने के लिए अब ‘फार्मर आईडी’ को अनिवार्य कर दिया है. यह एक डिजिटल पहचान पत्र होगा, जिससे यह तय किया जाएगा कि लाभ सही किसान तक ही पहुंचे. जिन किसानों ने अभी तक फार्मर आईडी नहीं बनवाई है, उनकी अगली किस्त रोक दी जा सकती है. कृषि मंत्रालय से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक, इस कदम का मकसद फर्जी लाभार्थियों को सिस्टम से बाहर करना और योजना में पारदर्शिता बढ़ाना है.
फरवरी के अंत में आ सकती है अगली किस्त
अगर किस्तों के पुराने पैटर्न को देखा जाए तो पीएम किसान की 21वीं किस्त 19 नवंबर 2025 को ट्रांसफर की गई थी. योजना के तहत आमतौर पर हर चार महीने में एक किस्त जारी की जाती है. इसी गणना के अनुसार 22वीं किस्त फरवरी 2026 के आखिरी हफ्ते में आने की संभावना जताई जा रही है, हालांकि सरकार की तरफ से अभी तक आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की गई है.
क्या करें किसान?
सरकार ने किसानों से अपील की है कि वे समय रहते अपनी फार्मर आईडी बनवा लें और ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी करें, ताकि भुगतान में किसी तरह की अड़चन न आए. अगर जरूरी दस्तावेज पूरे नहीं हुए तो 2,000 रुपये की अगली किस्त अटक सकती है.
पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत अब तक कुल 21 किस्तें जारी की जा चुकी हैं. 21वीं किस्त किसानों के खातों में 19 नवंबर 2025 को ट्रांसफर की गई थी. अब किसान 22वीं किस्त का इंतजार कर रहे हैं, जिसके फरवरी 2026 के अंत तक आने की संभावना जताई जा रही है. हालांकि, इसकी आधिकारिक तारीख अभी घोषित नहीं हुई है.





