4 छक्के, 9 चौके! U19 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में अफगानिस्तान के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी के बल्ले ने उगली आग, 24 गेंद में जड़ी फिफ्टी
U19 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में अफगानिस्तान के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी ने 24 गेंद में फिफ्टी जड़ी. इस दौरान उन्होंने 4 छक्के और 9 चौके लगाते हुए 68 रन बनाए.
अफगानिस्तान के खिलाफ सेमीफाइनल में वैभव सूर्यवंशी की विस्फोटक फिफ्टी
Under 19 world cup 2026 India U19 vs Afghanistan U19 Semi-Final Match: अंडर-19 वर्ल्ड कप के दूसरे सेमीफाइनल में अफगानिस्तान के खिलाफ सलामी बल्लेबाजी वैभव सूर्यवंशी का बल्ला जमकर बोला. उन्होंने तूफानी अर्धशतक लगाते हुए टीम इंडिया को मजबूत शुरुआत दी. जब वे आउट हुए तो टीम का स्कोर 90 रन था. भारत अगर यह मैच जीतता है तो फाइनल में उसकी भिड़ंत इंग्लैंड की टीम से होगी, जिसमें पहले सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराया है.
वैभव सूर्यवंशी ने अफगानिस्तान के खिलाफ केवल 24 गेंद में फिफ्टी जड़ी. इस दौरान उन्होंने 38 गेंदों का सामना करते हुए 68 रन बनाए, जिसमें 4 गगनचुंबी छक्के और 9 शानदार चौके शामिल रहे. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 206.06 का था. उन्होंने आरोन जार्ज के साथ पहले विकेट के लिए महज 9.3 ओवर में 90 रन की साझेदारी की. उन्हें ओमरजई ने उस्मान सादात के हाथों कैच आउट कराया.
अफगानिस्तान ने भारत को दिया 311 रन का टारगेट
इससे पहले, अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट के नुकसान पर 310 रन बनाए. इसमें फैजल शिनोजादा और उजैरुल्लाह नियाजई के शानदार शतक शामिल हैं. शिनोजादा ने 93 गेंद में 15 चौके लगाते हुए 110 रन बनाए. वहीं, नियाजई ने 86 गेंदों में 2 छक्के और 12 चौके लगाते हुए नाबाद 101 रन बनाए.
इन दोनों के अलावा, उस्मान सादात ने 39, खालिद अहमदजई ने 31 और अजीजुल्लाह मियाखिल ने 12 रन बनाए. अब्दुल अजीज 3 गेंद पर 7 रन बनाकर नाबाद रहे.
दीपेश देवेंद्रन और कनिष्क चौहान को मिले 2-2 विकेट
भारत की ओर से दीपेश देवेंद्रन और कनिष्क चौहान ने 2-2 विकेट लिए. वहीं, बाकी गेंदबाज विकेट के लिए तरसते हुए दिखाई दिए. अफगानिस्तान की तरफ से पहले विकेट के लिए 53, दूसरे के लिए 64, तीसरे के लिए 148 रन और चौथे विकेट के लिए 28 रन की साझेदारी हुई.





