33.3 ओवर में 253 रन का टारगेट, लेकिन हासिल करने का इरादा जीरो! U19 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान ने फ्री में थमाया भारत को सेमीफाइनल की टिकट
U19 World Cup 2026 में पाकिस्तान ने अजीब रणनीति अपनाते हुए भारत को सेमीफाइनल की राह दिखा दी. 33.3 ओवर में 253 रन बनाने की जरूरत के बावजूद पाकिस्तान ने आक्रामक खेल नहीं दिखाया और 58 रन से हार गया, भारत अब अफगानिस्तान से सेमीफाइनल खेलेगा.
भारत की अंडर-19 टीम
U19 World Cup 2026 में पाकिस्तान ने ऐसा आत्मघाती फैसला लिया, जिसने क्रिकेट फैंस और एक्सपर्ट्स, दोनों को हैरान कर दिया. सुपर-6 के आखिरी मुकाबले में पाकिस्तान ने भारत को सेमीफाइनल की 'गिफ्ट रैप्ड' टिकट थमा दी. हालात ऐसे थे कि पाकिस्तान अगर 253 रन का लक्ष्य 33.3 ओवर में हासिल कर लेता, तो भारत नेट रन रेट के आधार पर बाहर हो जाता, लेकिन मैदान पर जो दिखा, वह इसके ठीक उलट था.
कप्तान फरहान यूसुफ की अगुआई वाली टीम ने क्वालिफिकेशन के बजाय सिर्फ मैच जीतने पर फोकस किया, वो भी बिना आक्रामक इरादे के... हमजा जहीर (42), उस्मान खान (66) और खुद यूसुफ (38) ने ऐसी बल्लेबाज़ी की, जैसे बस किसी तरह लक्ष्य के करीब पहुंचना ही मकसद हो. रनरेट 11 के पार चला गया, लेकिन बल्लेबाज़ लगातार सिंगल-दो रन लेते रहे.
“पाकिस्तान सेमीफाइनल के लिए नहीं, सिर्फ मैच जीतने के लिए खेल रहा है”
हालात इतने अजीब हो गए कि कमेंटेटर्स भी पाकिस्तान की रणनीति समझ नहीं पाए. 27 ओवर पूरे होने तक पाकिस्तान 101 डॉट बॉल खेल चुका था. पूर्व भारतीय बल्लेबाज़ रोहन गावस्कर ने ऑन एयर साफ कहा, “ये बिल्कुल साफ है कि पाकिस्तान सेमीफाइनल के लिए नहीं, सिर्फ मैच जीतने के लिए खेल रहा है.”
सरफराज अहमद के मैसेज का नहीं दिखा कोई असर
डगआउट से मेंटर सरफराज अहमद के मैसेज आते रहे, लेकिन मैदान पर कोई असर नहीं दिखा. आक्रामक शॉट्स खेलने की काबिलियत होते हुए भी बल्लेबाज़ों ने जोखिम लेने से इनकार कर दिया. रणनीति की इस गड़बड़ी का फायदा भारत ने उठाया. कप्तान म्हात्रे ने खुद गेंदबाज़ी में आते हुए पहली ही गेंद पर विकेट झटका. आखिरकार पाकिस्तान न तो लक्ष्य के करीब पहुंच पाया और न ही मैच जीत सका, टीम 58 रन से हार गई. भारत की ओर से म्हात्रे और खिलान पटेल ने 3-3 विकेट झटके. अब भारत का सेमीफाइनल मुकाबला अफगानिस्तान से बुधवार, 4 फरवरी को होगा.
पहले गेंदबाज़ों ने किया काम, फिर बल्लेबाज़ों ने बिगाड़ा खेल
पाकिस्तान के गेंदबाज़ों ने शुरुआत में शानदार प्रदर्शन किया. भारत को 252 रन पर रोकना बड़ी उपलब्धि थी. वेदांत त्रिवेदी (68) भारत के टॉप स्कोरर रहे, जबकि अंत में कनिष्क चौहान (35), आरएस अम्बरीश (29) और खिलान पटेल (21) की पारियों ने स्कोर 250 के पार पहुंचाया. पाकिस्तान के लिए अब्दुल सुभान (3 विकेट) और मोहम्मद सय्याम (2 विकेट) ने शानदार गेंदबाजी की... लेकिन रन चेज़ में बल्लेबाज़ों की सुस्त सोच ने पूरे टूर्नामेंट का गणित ही बिगाड़ दिया—और भारत बिना खेले सेमीफाइनल में पहुंच गया.





