Begin typing your search...

T20 World Cup में नहीं होगा IND vs PAK मैच, पाक सरकार ने भारत के खिलाफ खेलने से किया इनकार; जाने फैसले की इनसाइड स्टोरी

पाकिस्तान ने T20 World Cup 2026 में भारत के खिलाफ 15 फरवरी को होने वाले मैच का बहिष्कार करने का एलान किया है. यह फैसला प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और PCB चीफ मोहसिन नकवी की बैठक के बाद लिया गया. पाकिस्तान ग्रुप A में है और 7 फरवरी को नीदरलैंड्स के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगा.

ajay-jadeja-swipe-shehbaz-sharif-pak-vs-aus
X

PAK vs AUS: शहबाज शरीफ के ट्वीट पर अजय जडेजा का तंज, बोले– पाकिस्तानियों की छोटी-छोटी खुशियां

( Image Source:  ANI )

T20 World Cup 2026 से पहले पाकिस्तान ने बड़ा और चौंकाने वाला फैसला लिया है. पाकिस्तान सरकार ने साफ कर दिया है कि टीम टूर्नामेंट में हिस्सा तो लेगी, लेकिन 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले का बहिष्कार करेगी. यह मैच कोलंबो में खेला जाना था. इस फैसले की आधिकारिक पुष्टि रविवार शाम प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और PCB चीफ मोहसिन नकवी के बीच हुई अहम बैठक के बाद की गई.

बैठक के तुरंत बाद पाकिस्तान सरकार के आधिकारिक X (पूर्व में ट्विटर) हैंडल से बयान जारी कर कहा गया कि पाकिस्तान क्रिकेट टीम को ICC T20 World Cup 2026 में खेलने की अनुमति दी जाती है, लेकिन भारत के खिलाफ तय मैच में टीम मैदान पर नहीं उतरेगी.

बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को शामिल किए जाने से PCB नाराज

दरअसल, ICC द्वारा 20 टीमों वाले टूर्नामेंट में बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को शामिल किए जाने के बाद से PCB नाराज़ चल रहा था. मोहसिन नकवी लगातार ICC पर पक्षपात का आरोप लगा रहे थे और इसे बांग्लादेश के साथ अन्याय बता रहे थे. इसी मुद्दे को लेकर नकवी ने प्रधानमंत्री से मुलाकात की थी, जिसके बाद अंतिम फैसला लिया गया.

पाकिस्तान ने World Cup जर्सी लॉन्च को भी टाला

गौरतलब है कि पाकिस्तान ने इससे पहले World Cup जर्सी लॉन्च को भी टाल दिया था. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, PCB जर्सी का अनावरण तभी करना चाहता था जब टूर्नामेंट में भागीदारी को लेकर स्थिति साफ हो जाए.

ग्रुप ए में भारत के साथ शामिल है पाकिस्तान

पाकिस्तान की टीम ग्रुप A में भारत, नामीबिया, नीदरलैंड्स और अमेरिका के साथ रखी गई है. कप्तान सलमान अली आगा की अगुआई में पाकिस्तान अपना पहला मुकाबला 7 फरवरी को नीदरलैंड्स के खिलाफ खेलेगा. अब सबकी नजर ICC पर है कि भारत-पाकिस्तान मैच के बहिष्कार पर वह क्या रुख अपनाता है.

क्रिकेट न्‍यूज
अगला लेख