पाकिस्तान के बलूचिस्तान में जबरदस्त आतंकी हमला, 80 से ज्यादा लोगों की मौत; कइयों को बनाया गया बंधक- देखिए Video
पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में शुक्रवार रात से शनिवार तक उग्रवादियों ने बड़े पैमाने पर एकसाथ हमले किए. 12 से अधिक शहरों और कस्बों में हुए इन हमलों में कम से कम 70 बलूच उग्रवादियों और 10 सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई. हमलों का निशाना सुरक्षा बल, पुलिस ठिकाने और आम नागरिक बने, जिसके बाद सेना और कानून-व्यवस्था एजेंसियों ने व्यापक जवाबी अभियान शुरू किया.
पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में शुक्रवार रात से शनिवार तक उग्रवादियों ने बड़े पैमाने पर एकसाथ हमले किए. 12 से अधिक शहरों और कस्बों में हुए इन हमलों में कम से कम 70 बलूच उग्रवादियों और 10 सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई. हमलों का निशाना सुरक्षा बल, पुलिस ठिकाने और आम नागरिक बने, जिसके बाद सेना और कानून-व्यवस्था एजेंसियों ने व्यापक जवाबी अभियान शुरू किया.
पाक सरकार के अनुसार, हमलों की तीव्रता और फैलाव को देखते हुए इसे हाल के वर्षों के सबसे बड़े समन्वित आतंकी हमलों में से एक माना जा रहा है. हालांकि सुरक्षा एजेंसियों का दावा है कि सतर्कता के चलते कई हमलों को नाकाम कर दिया गया और उग्रवादियों को पीछे हटने पर मजबूर होना पड़ा.
क्वेटा से ग्वादर तक दहशत, कई इलाके प्रभावित
बलूचिस्तान सरकार के प्रवक्ता शाहिद रिंद ने बताया कि हमलों की खबरें क्वेटा, ग्वादर, मकरान, हब, चमन, नसीराबाद और नुश्की समेत कई इलाकों से सामने आई हैं. अलग-अलग जगहों पर सुरक्षा चौकियों, पुलिस पोस्ट और संवेदनशील प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया गया. संघीय सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने कहा कि उग्रवादियों ने पुलिस चौकियों और फ्रंटियर कॉर्प्स (FC) की पोजीशनों पर हमला किया, लेकिन सुरक्षा बल पहले से अलर्ट थे. उन्होंने दावा किया कि अधिकतर हमलों को नाकाम कर दिया गया और हमलावरों को पीछे हटना पड़ा.
तरार ने यह भी बताया कि नसीराबाद जिले में रेलवे ट्रैक पर लगाए गए विस्फोटकों को समय रहते निष्क्रिय कर दिया गया. वहीं ग्वादर में हुए हमलों में उग्रवादियों ने आम नागरिकों को भी निशाना बनाया, जिसमें एक ही परिवार के कई सदस्यों की मौत हुई. बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री सरफराज बुगती ने पुष्टि की कि अब तक 70 उग्रवादियों को मार गिराया गया है. उन्होंने कहा कि अभी भी क्लियरेंस ऑपरेशन जारी है और मृतकों की संख्या बढ़ सकती है.
संघीय गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने बताया कि इन हमलों और जवाबी कार्रवाई में 10 पुलिसकर्मी और फ्रंटियर कॉर्प्स के जवान मारे गए हैं. इससे पहले इसी हफ्ते पंजगुर और हरनाई में हुए काउंटर-टेरर ऑपरेशनों में 41 उग्रवादी ढेर किए जा चुके हैं.
BLA का दावा: ‘Operation Herof Phase Two’ शुरू
प्रतिबंधित संगठन बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) ने शनिवार को दावा किया कि उसने बलूचिस्तान में ‘Operation Herof Phase Two’ का दूसरा चरण शुरू कर दिया है. संगठन के कथित प्रवक्ता जीयंद बलूच के नाम से जारी बयान में कहा गया कि उसके लड़ाकों ने नुश्की में काउंटर टेररिज्म डिपार्टमेंट (CTD) मुख्यालय पर कब्जा कर लिया और एक फ्रंटियर कॉर्प्स ठिकाने को भी अपने नियंत्रण में ले लिया. बयान में पाकिस्तानी सैनिकों के मारे जाने का भी दावा किया गया है, हालांकि पाकिस्तानी अधिकारियों ने इन दावों की पुष्टि नहीं की है.
TTP की भूमिका की भी जांच
पाक अधिकारियों का कहना है कि मारे गए उग्रवादियों की पहचान की प्रक्रिया जारी है. यह पता लगाया जा रहा है कि वे केवल बलूच उग्रवादी संगठनों से जुड़े थे या उनमें प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) के सदस्य भी शामिल थे.
बलूचिस्तान में बढ़ती हिंसा, आंकड़े कर रहे इशारा
बलूचिस्तान में पिछले कुछ वर्षों से उग्रवादी हिंसा लगातार बढ़ रही है. सेंटर फॉर रिसर्च एंड सिक्योरिटी स्टडीज के आंकड़ों के अनुसार, पिछले साल प्रांत में हिंसा से जुड़ी मौतों में करीब 22 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई. वहीं पाक इंस्टीट्यूट फॉर पीस स्टडीज के मुताबिक, साल 2025 में पूरे पाकिस्तान में आतंकी हमलों की संख्या 34 फीसदी बढ़ी और कुल 699 घटनाएं दर्ज की गईं.





