Begin typing your search...

गैस संकट: उत्तराखंड में अब मिलेंगे सिर्फ 2 कमर्शियल सिलेंडर, सरकार का बड़ा फैसला

उत्तराखंड सरकार ने शादी के मौसम में गैस की परेशानी कम करने के लिए बड़ा फैसला लिया है. अब अस्थायी कनेक्शन पर केवल 2 कमर्शियल सिलेंडर ही मिलेंगे.

गैस संकट: उत्तराखंड में अब मिलेंगे सिर्फ 2 कमर्शियल सिलेंडर, सरकार का बड़ा फैसला
X
Gas Crisis Uttrakhand
( Image Source:  ANI )
रूपाली राय
Edited By: रूपाली राय4 Mins Read

Published on: 29 March 2026 11:12 AM

उत्तराखंड सरकार ने शादी के मौसम में लोगों की परेशानी को ध्यान में रखते हुए एक महत्वपूर्ण जानकारी दी है. खाद्य सचिव आनंद स्वरूप ने बताया कि शादी समारोह के लिए अस्थायी गैस कनेक्शन पर केवल दो कमर्शियल गैस सिलेंडर ही उपलब्ध कराए जा सकेंगे. यह जानकारी उन्होंने खाद्य मुख्यालय में दी. उन्होंने कहा कि शादी वाले परिवारों को गैस की कोई दिक्कत न हो, इसके लिए गैस एजेंसियों को सख्त निर्देश दे दिए गए हैं.

अब गैस एजेंसियां शादी समारोह के लिए तुरंत अस्थायी कनेक्शन जारी करेंगी और अधिकतम दो कमर्शियल सिलेंडर उपलब्ध कराएंगी. उन्होंने यह भी बताया कि वर्तमान में राज्य में घरेलू रसोई गैस सिलेंडरों का बैकलॉग (बकाया) बढ़कर दो लाख अड़सठ हजार (2,68,000) तक पहुंच गया है. यह बैकलॉग मुख्य रूप से पैनिक बुकिंग की वजह से बढ़ा है. लोग डर के मारे ज्यादा सिलेंडर बुक कर रहे हैं.

क्या कहा सचिव ने?

सचिव ने स्पष्ट किया कि राज्य में घरेलू गैस की कोई कमी नहीं है. आपूर्ति पूरी तरह नियमित रूप से हो रही है. पेट्रोल और डीजल की बात करें तो खाद्य सचिव आनंद स्वरूप ने कहा कि राज्य में कहीं भी पेट्रोल या डीजल की कोई समस्या नहीं है. सभी पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है. तेल कंपनियां पूरी क्षमता के साथ सप्लाई कर रही हैं. सरकार पिरुल पैलेट भी लोगों को उपलब्ध करा रही है, ताकि लकड़ी या अन्य ईंधन के विकल्प के रूप में इसका उपयोग किया जा सके.

पीएनजी कनेक्शन बढ़ाने का लक्ष्य

खाद्य सचिव ने बताया कि अप्रैल महीने के अंत तक राज्य में पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) कनेक्शनों की संख्या को काफी बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है. वर्तमान में 36,300 पीएनजी कनेक्शन हैं, जिन्हें अप्रैल के अंत तक बढ़ाकर डेढ़ लाख (1,50,000) करने का लक्ष्य है. इस काम को तेजी से किया जा रहा है. इंडस्ट्री (कारखानों) को एक साथ पीएनजी कनेक्शन दिए जा रहे हैं. साथ ही आवासीय इलाकों में कैंपस आधारित यूनिट लगाई जा रही हैं. वर्तमान में हरिद्वार, देहरादून और ऊधम सिंह नगर में पीएनजी की सप्लाई हो रही है. अब कोटद्वार, टिहरी और नैनीताल में भी पीएनजी लाइनों को बिछाने का काम तेज कर दिया गया है. जिला स्तर पर अनुमति देने के भी निर्देश जारी कर दिए गए हैं, ताकि प्रक्रिया और तेज हो सके.

विदेश में फंसे उत्तराखंडियों के लिए हेल्पलाइन

उत्तराखंड सरकार ने खाड़ी देशों और मध्य पूर्व एशिया के विभिन्न देशों जैसे ईरान, इराक, कुवैत, ओमान, इजराइल आदि में फंसे हुए उत्तराखंड के लोगों की मदद के लिए विशेष व्यवस्था की है. सरकार ने विशेष सचिव गृह निवेदिता कुकरेती को इस काम के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया है. उनका मुख्य काम भारत सरकार के विदेश मंत्रालय, संबंधित भारतीय दूतावासों और उत्तराखंड के विभिन्न जिलों के बीच समन्वय बनाए रखना होगा. जो उत्तराखंडी नागरिक इन देशों में फंसे हुए हैं या किसी प्रकार की मदद चाहते हैं, वे निम्नलिखित संपर्क विवरण पर तुरंत संपर्क कर सकते हैं:

मोबाइल नंबर: 9411112792

ईमेल: dgc-police-ua@nic.in

सरकार का प्रयास है कि राज्य के लोगों को शादी समारोह, रसोई गैस, ईंधन और विदेश में फंसे नागरिकों की किसी भी समस्या में कोई परेशानी न हो.

अगला लेख