Begin typing your search...

Pawan Singh की साउथ इंडस्ट्री में एंट्री, Dacoit के 'टच बडी' से बटोर रहे हैं लाइमलाइट

पवन सिंह ने 'डकैत' के गाने पर मिले निगेटिव कमेंट्स के बावजूद फिल्म की तारीफ की और भोजपुरी इंडस्ट्री में सुधार की जरूरत बताई.

Pawan Singh की साउथ इंडस्ट्री में एंट्री, Dacoit के टच बडी से बटोर रहे हैं लाइमलाइट
X
Pawan Singh Viral Touch Buddy Song
( Image Source:  Youtube : Sony Music India )
रूपाली राय
Edited By: रूपाली राय4 Mins Read

Updated on: 29 March 2026 12:43 PM IST

भोजपुरी के मशहूर सुपरस्टार पवन सिंह (Pawan Singh) हाल ही में अपनी अपकमिंग फिल्म 'डकैत' (Dacoit) के प्रमोशन के लिए गोरखपुर पहुंचे. इस फिल्म में मुख्य भूमिकाओं में साउथ एक्टर आदिवी शेष और मृणाल ठाकुर हैं. फिल्म का गाना 'टच बडी' रिलीज होने के बाद से काफी चर्चा में है. खास बात यह है कि इस गाने को भोजपुरी के दबंग सिंगर पवन सिंह के साथ जोनिता गांधी ने मिलकर गाया है. गाने को रिलीज किए हुए अभी ज्यादा समय नहीं हुआ है, लेकिन इसे पहले ही लगभग 14 लाख व्यूज मिल चुके हैं.

गोरखपुर में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में पवन सिंह ने फिल्म और गाने के बारे में विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने बताया कि फिल्म 'डकैत' को सबसे पहले तमिल भाषा में शूट किया गया था. बाद में इसे पूरी तरह हिंदी में डब किया गया. इस फिल्म को पूरा करने में कुल 149 दिन का समय लगा. पवन सिंह ने फिल्म की कहानी की खूब तारीफ की. उन्होंने कहा कि लखनऊ में हुई एक मुलाकात के दौरान जब उन्हें फिल्म की कहानी और 'टच बडी' गाना सुनाया गया, तो दोनों ही उन्हें बहुत पसंद आए.

14 लाख व्यूज फिर भी निगेटिव कमेंट्स

उन्होंने बताया कि भोजपुरी गानों की अपनी खास एनर्जी को साउथ स्टाइल के साथ मिलाकर इस गाने को बनाया गया है, जो काफी मजेदार और अलग अंदाज का है. हालांकि गाने को मिले 14 लाख व्यूज के बावजूद, ज्यादातर कमेंट्स निगेटिव आए हैं. कई लोगों ने इसे काफी बोरिंग बताया है. प्रेस कॉन्फ्रेंस में पवन सिंह ने भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री पर भी अपनी राय रखी. उन्होंने कहा कि अश्लीलता तो हर जगह मौजूद है, लेकिन भोजपुरी सिनेमा में इसमें सुधार की बहुत जरूरत है.

भोजपुरी इंडस्ट्री बढ़ाना चाहते हैं आगे

उन्होंने जोर देकर कहा कि वे हमेशा चाहते हैं कि भोजपुरी इंडस्ट्री आगे बढ़े और तरक्की करे. उन्होंने कहा, 'हम अपनी फिल्मों में भोजपुरी संस्कृति और उसका सार बरकरार रखने की कोशिश कर रहे हैं.' पवन सिंह ने अपने संघर्ष भरे दिनों के बारे में भी दिलचस्प बातें शेयर कीं. उन्होंने बताया, 'एक कलाकार को पैसा मिले या न मिले, लेकिन जब लोगों का प्यार मिलता है तो दिल बहुत बड़ा हो जाता है. कोई नहीं जानता कि किस्मत उसे कहां ले जाएगी. एक समय था जब मैं अपने गांव से सिर्फ 100 रुपये जेब में रखकर निकला था. उस वक्त मुझे लगता था कि मेरी सारी दुनिया उन 100 रुपये में ही समाई हुई है.'

गोरखपुर शहर की तारीफ

उन्होंने गोरखपुर शहर की तारीफ करते हुए कहा कि यह शहर पहले कैसा था और आज कितना बदल गया है. उन्होंने यह सब अपने महाराज जी के आशीर्वाद से संभव बताया. पवन सिंह ने बताया कि हाल ही में उन्हें महाराज जी से बात करने का मौका नहीं मिल पाया है. लेकिन वे लखनऊ में अभी 10 दिन और रुकने वाले हैं, इसलिए उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही महाराज जी से मुलाकात हो जाएगी.

'डकैत' फिल्म की रिलीज डेट में बदलाव

फिल्म 'डकैत' की रिलीज डेट बदल दी गई है. फिल्म के निर्माताओं ने मंगलवार को आधिकारिक घोषणा की कि यह एक्शन-रोमांटिक थ्रिलर फिल्म, जो पहले 19 मार्च 2026 को रिलीज होने वाली थी, अब 10 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में दर्शकों के सामने आएगी. फिल्म में आदिवी शेष और मृणाल ठाकुर के अलावा अनुराग कश्यप भी एक महत्वपूर्ण भूमिका में नजर आएंगे.

अगला लेख