पंत-अय्यर से लेकर गिल-पाटीदार तक, ये दिग्गज IPL में कप्तान लेकिन टीम इंडिया में जगह तक नहीं
आईपीएल 2026 में सभी 10 टीमों की कमान भारतीय खिलाड़ियों के हाथों में हैं, लेकिन कई प्लेयर ऐसे भी हैं जो IPL में तो टीमों की कप्तानी कर रहे हैं लेकिन टी20 टीम इंडिया में इनकी जगह तक नहीं है.
आईपीएल टीमों के कप्तान
IPL 2026: आईपीएल 2026 का आगाद हो चुका है. पहली रोमांचक मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच जोरदार भिड़ंत देखने को मिली, जिसमें आरसीबी ने जीत हासिल कर टूर्नामेंट का शानदार आगाज किया है.
इस बार आईपीएल 2026 में सभी 10 टीमों की कमान भारतीय खिलाड़ियों के हाथों में हैं, लेकिन कई प्लेयर ऐसे भी हैं जो आईपीएल में तो टीमों की कप्तानी कर रहे हैं लेकिन टी20 टीम इंडिया में इनकी जगह तक नहीं है, जिसमें ऋषभ पंत, श्रेयस अय्यर, रजत पाटीदार और शुभमन गिल का नाम शामिल है.
1. शुभमन गिल
वनडे टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल आईपीएल में गुजरात टाइटंस के कप्तान हैं. पिछले सीजन उनकी कप्तानी में गुजरात ने कमाल का प्रदर्शन किया था, लेकिन खिताब नहीं जीत पाई थी. पिछले साल तक गिल टीम इंडिया के लिए तीनों फॉर्मेट खेल रहे थे, लेकिन इस साल उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा, जिसके चलते उनको टी20 टीम इंडिया से ड्रॉप होना पड़ा था. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भी गिल टीम इंडिया का हिस्सा नहीं थे.
2. रजत पाटीदार
रजत पाटीदार की कप्तानी में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पिछले सीजन आईपीएल का खिताब अपने नाम किया था. घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने वाले पाटीदार अभी तक टी20 टीम इंडिया में अपनी जगह नहीं बना पाए हैं. हालांकि टेस्ट और वनडे में रजत टीम इंडिया के लिए डेब्यू कर चुके हैं.
3. ऋषभ पंत
टीम इंडिया के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत आईपीएल में लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान हैं. LSG ने पंत को 27 करोड़ रुपये की कीमत पर खरीदा था. इससे पहले पंत को दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी करते हुए देखा गया था. ऋषभ पंत भी लंबे समय से टी20 टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं. टीम इंडिया के लिए पंत ने आखिरी टी20 मैच साल 2024 में श्रीलंका के खिलाफ खेला था. तब से पंत को टीम में जगह नहीं मिली है.
4. श्रेयस अय्यर
आईपीएल में पंजाब किंग्स की कप्तानी करने वाले श्रेयस अय्यर भी लंबे समय से टीम इंडिया के लिए कोई टी20 मैच नहीं खेले हैं. आखिरी बार अय्यर ने टीम इंडिया के लिए टी20 मैच साल 2023 में खेला था. इसके बाद इंजरी, खराब फॉर्म के चलते वे टीम से बाहर हो गए थे.
हालांकि आईपीएल में अय्यर कमाल की कप्तानी कर रहे हैं. पिछले सीजन उनकी कप्तानी में पंजाब किंग्स फाइनल तक पहुंची थी. उससे पहले अय्यर की कप्तानी में कोलकाता नाइट राइडर्स ने खिताब अपने नाम किया था. अय्यर दिल्ली कैपिटल्स की भी कप्तानी कर चुके हैं.
5. रुतुराज गायकवाड़
चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ भी टी20 टीम का हिस्सा नहीं है. उन्होंने आखिरी बार टी20 इंटरनेशनल मैच साल 2024 में जिम्बाब्वे के खिलाफ खेला था.




