14 मैच, 312 रन और महज 1 अर्धशतक! क्या 27 करोड़ के ऋषभ पंत की LSG से हो गई छुट्टी? कुलदीप यादव की भी टीम बदलने की अटकलें
IPL 2027 से पहले बड़ा ट्रेड देखने को मिल सकता है. रिपोर्ट्स के अनुसार कुलदीप यादव LSG में जा सकते हैं, जबकि ऋषभ पंत की दिल्ली कैपिटल्स में वापसी की संभावना है. दोनों खिलाड़ियों की टीम बदलने की चर्चा ने IPL फैंस के बीच हलचल बढ़ा दी है.
IPL 2027 से पहले ऋषभ पंत और कुलदीप यादव को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है. टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, कुलदीप यादव अब दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) छोड़कर लखनऊ सुपर जायंट्स (Lucknow Super Giants) का हिस्सा बन सकते हैं. वहीं, LSG के कप्तान रहे ऋषभ पंत की भी दिल्ली कैपिटल्स में वापसी की संभावना जताई जा रही है.
अगर ये डील पूरी होती है तो पंत और कुलदीप अपनी पुरानी टीमों में लौटते नजर आ सकते हैं. हालांकि, अभी इन ट्रांसफर की आधिकारिक पुष्टि होनी बाकी है. रिपोर्ट के मुताबिक, फ्रेंचाइजियों के बीच बातचीत की प्रक्रिया जारी है.
LSG ने IPL 2025 की नीलामी में कितने करोड़ में खरीदा?
ऋषभ पंत को LSG ने IPL 2025 की नीलामी में रिकॉर्ड 27 करोड़ रुपये में खरीदा था. वह उस समय लीग इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बने थे, लेकिन LSG के साथ उनका प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा. पंत ने IPL 2025 में 269 रन बनाए थे, जबकि 2026 सीजन में उनका स्कोर थोड़ा बेहतर होकर 312 रन तक पहुंचा. उन्होंने 14 मैचों में महज एक अर्धशतक लगाए.
हालांकि, टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा. LSG 2025 में सातवें और 2026 में दसवें स्थान पर रही. इसके बाद पंत ने कप्तानी छोड़ने का फैसला किया. LSG के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट टॉम मूडी ने कहा था कि पंत ने खुद फ्रेंचाइजी से कप्तानी छोड़ने की इच्छा जताई थी और टीम ने उनके फैसले का सम्मान किया.
क्या DC की कप्तानी करेंगे पंत?
अब सवाल यह है कि अगर पंत दिल्ली लौटते हैं तो क्या उन्हें दोबारा कप्तानी मिलेगी? इस पर अभी फैसला नहीं हुआ है. टीम मैनेजमेंट केएल राहुल को भी एक विकल्प के तौर पर देख रहा है. वहीं, कुलदीप यादव की बात करें तो वह दिल्ली कैपिटल्स के लिए 2022 से खेल रहे हैं. DC ने उन्हें IPL 2025 से पहले 13.25 करोड़ रुपये में रिटेन किया था.
कुलदीप ने दिल्ली के साथ अपने करियर को दोबारा मजबूत किया. IPL 2022 में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए 14 मैचों में 21 विकेट लिए थे. इसके बाद भी उन्होंने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया और अगले सीजन में भी टीम के लिए अहम गेंदबाज बने रहे. अब IPL 2027 से पहले कुलदीप और पंत की संभावित अदला-बदली ने टूर्नामेंट की ट्रेडिंग विंडो को और रोमांचक बना दिया है




