Begin typing your search...
Google Maps से रास्ता पूछना पड़ा भारी! बच्चा चोरी की अफवाह पर भीड़ ने दो सामाजिक कार्यकर्ताओं पर किया हमला, युवती के फाड़े कपड़े
ओडिशा के रायगड़ा में बच्चा चोरी की अफवाह के बाद दो सामाजिक कार्यकर्ताओं पर भीड़ ने हमला कर दिया. पुलिस ने 16 लोगों को गिरफ्तार कर जांच तेज कर दी है.
ओडिशा में दो सामाजिक कार्यकर्ताओं की पिटाई
( Image Source:
ChatGPT )
Odisha Rayagada Mob Attack Case: ओडिशा के रायगड़ा जिले में एक अफवाह ने दो सामाजिक कार्यकर्ताओं की जिंदगी खतरे में डाल दी. दिल्ली की एक युवती और गुजरात के उसके साथी को गांव वालों ने बच्चा चोर समझकर कथित तौर पर घेर लिया और उनके साथ मारपीट की. पुलिस ने मामले में 16 लोगों को गिरफ्तार किया है. कई अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.
घटना 16 जून की रात कल्याणसिंहपुर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है. पुलिस के मुताबिक, दोनों पीड़ित फेलोशिप प्रोग्राम के तहत सामाजिक काम से जुड़े हुए थे और इलाके में एक प्रोजेक्ट के सिलसिले में यात्रा कर रहे थे.
पुलिस ने क्या-क्या बताया?
- पुलिस के अनुसार, दोनों दारिंगबाड़ी से कालाहांडी के थुआमूल रामपुर जा रहे थे. रास्ता नहीं पता होने के कारण वे Google Maps की मदद ले रहे थे और कंदुलगुड़ा गांव के पास रुककर लोगों से रास्ता पूछने लगे. इसी दौरान उन्होंने राजा पर्व मना रहे बच्चों को चॉकलेट बांटी.
- आरोप है कि इसी बीच गांव में अफवाह फैल गई कि ये लोग बच्चा चोरी करने आए हैं. देखते ही देखते आसपास के गांवों से लोग इकट्ठा हो गए.
- पीड़ितों ने अपनी पहचान और आईडी कार्ड दिखाकर सफाई देने की कोशिश की, लेकिन भीड़ शांत नहीं हुई.
- आरोप है कि भीड़ ने दोनों के साथ मारपीट की और युवती के साथ बदसलूकी भी की. भीड़ ने युवती के कपड़े भी फाड़ दिए.
- जान बचाने के लिए दोनों वहां से निकलने की कोशिश करने लगे, लेकिन भागते वक्त उनकी स्कूटी फिसल गई. इसके बाद कथित तौर पर बड़ी संख्या में जमा भीड़ ने उन्हें पकड़ लिया और हमला कर दिया.
- मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को भीड़ से बचाकर अस्पताल पहुंचाया. पहले उन्हें कल्याणसिंहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, बाद में रायगड़ा जिला अस्पताल में इलाज कराया गया.
रायगड़ा एसपी राज प्रसाद ने बताया कि CCTV फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर 16 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस का कहना है कि घटना अफवाह के कारण हुई और जांच आगे बढ़ने पर अन्य आरोपियों की भी पहचान की जाएगी.




