Girish Mahajan Viral Photo: युवती संग वायरल तस्वीर पर मचा बवाल! भाजपा के मंत्री ने बताई सच्चाई, पुलिस ने किया सावधान
बीजेपी नेता गिरीश महाजन की एक युवती के साथ वायरल तस्वीर ने राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है. मंत्री ने तस्वीर को मॉर्फ्ड और AI Deepfake बताते हुए शिकायत दर्ज कराई, जबकि साइबर पुलिस जांच में जुट गई है.
सोशल मीडिया पर एक तस्वीर ने महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल मचा दी है. तस्वीर में महाराष्ट्र सरकार के मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता गिरीश महाजन एक युवती के साथ नजर आ रहे हैं. जिसके बाद ये तस्वीरें सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रही है. वहीं X पर कुछ यूजर्स तस्वीर शेयर करते हुए सवाल उठा रहे हैं तो वहीं कुछ Grok से पूछ रहे हैं कि भाई ये सही फोटो है की फेक हैं आइए जानते हैं Girish Mahajan के वायरल फोटो पर किसने क्या कहा है?
फोटो वायरल होते ही विपक्ष ने हमला बोल दिया, लेकिन गिरीश महाजन ने इसे फर्जी और AI से तैयार की गई डीपफेक तस्वीर बताते हुए बड़ा दावा किया है. अब मामला साइबर पुलिस तक पहुंच चुका है और जांच शुरू हो गई है.
क्या है पूरा मामला?
विवाद तब शुरू हुआ जब सोशल मीडिया और फेसबुक पर कुछ तस्वीरें तेजी से वायरल होने लगीं. इन तस्वीरों में गिरीश महाजन को एक युवती के साथ दिखाया गया. देखते ही देखते फोटो राजनीतिक बहस का मुद्दा बन गई और विपक्षी दलों ने मंत्री को घेरना शुरू कर दिया.
गिरीश महाजन ने क्या कहा?
बुलढाणा में मीडिया से बातचीत के दौरान गिरीश महाजन ने वायरल तस्वीरों को पूरी तरह फर्जी बताया. उन्होंने कहा कि 'यह तस्वीर मॉर्फ की गई है. मुझे नहीं पता इसे किसने और क्यों बनाया? लेकिन मैं इसकी शिकायत दर्ज कराऊंगा. यह मुझे बदनाम करने की कोशिश है.' महाजन ने कहा कि वह मुंबई में औपचारिक शिकायत दर्ज करा चुके हैं और मामले की विस्तृत जांच की मांग की है.
साइबर पुलिस ने क्या कार्रवाई की?
शिकायत मिलने के बाद जलगांव साइबर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि तस्वीरें सबसे पहले किस सोशल मीडिया अकाउंट से अपलोड की गईं और इनके पीछे कौन लोग हैं. पुलिस के अनुसार डिजिटल फोरेंसिक टीम तस्वीरों की जांच कर रही है और शुरुआती जांच में मॉर्फिंग व AI आधारित एडिटिंग के संकेत मिले हैं.
AI Deepfake का एंगल क्यों चर्चा में है?
जांच से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि तस्वीरों में अत्याधुनिक डिजिटल एडिटिंग और AI तकनीक के इस्तेमाल के संकेत दिखाई दे रहे हैं. ऐसे मामलों में किसी व्यक्ति की असली तस्वीर को बदलकर नया दृश्य तैयार किया जाता है, जिसे आम लोग आसानी से पहचान नहीं पाते. इसी वजह से गिरीश महाजन ने इसे 'डीपफेक हमला' करार दिया है.
संजय राउत के बयान पर भी दिया जवाब
विवाद के बीच शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) के नेता संजय राउत ने भी गिरीश महाजन पर निशाना साधा. इसके जवाब में महाजन ने कहा कि 'उन्हें कुछ भी बोलने का अधिकार है. वे हमेशा बोलते रहते हैं, इसलिए मैं उनकी बातों पर ज्यादा ध्यान नहीं देता.'
पुलिस ने लोगों को दी चेतावनी
साइबर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे वायरल तस्वीरों को आगे शेयर न करें. अधिकारियों का कहना है कि यदि कोई व्यक्ति जानबूझकर फर्जी और आपत्तिजनक सामग्री को फैलाता है तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई हो सकती है.
सबसे बड़ा सवाल
क्या यह सचमुच AI Deepfake का मामला है या फिर राजनीतिक लड़ाई का नया हथियार? इसका जवाब अब साइबर जांच के बाद ही सामने आएगा. फिलहाल एक वायरल तस्वीर ने महाराष्ट्र की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है और सभी की नजर पुलिस जांच पर टिकी हुई है.
नोट- इस खबर की पुष्टि स्टेट मिरर हिंदी नहीं करता है यह सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे पोस्ट के मुताबिक है हालांकि इस पर गिरीश महाजन ने जवाब देते हुए AI बताया है और एक्शन मांग की है.




