FIFA WC 2026: चार साल पहले ग्रुप स्टेज से होना पड़ा था बाहर, अब नॉकआउट में पहुंचने वाली बनी पहली टीम; कहानी मेक्सिको के कमबैक की
मेक्सिको ने साउथ कोरिया को 1-0 से हराकर FIFA World Cup 2026 के नॉकआउट स्टेज में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई. मैच का एकमात्र गोल लुइस रोमो ने 50वें मिनट में किया. इस जीत के साथ मेक्सिको ने ग्रुप A में 2 मैचों में 6 अंक हासिल कर टॉप स्थान पक्का कर लिया.
FIFA World Cup 2026 में मेक्सिको ने शानदार प्रदर्शन करते हुए साउथ कोरिया को 1-0 से हराकर टूर्नामेंट के नॉकआउट स्टेज में अपनी जगह पक्की कर ली है. मेक्सिको इस वर्ल्ड कप में ग्रुप स्टेज पार करने वाली पहली टीम बन गई है. यह जीत मेक्सिको के लिए इसलिए भी खास है, क्योंकि 2022 के कतर वर्ल्ड कप में टीम ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गई थी, लेकिन इस बार घरेलू मैदान पर खेलते हुए मेक्सिको ने लगातार दूसरी जीत दर्ज कर टूर्नामेंट में अपनी मजबूत दावेदारी पेश कर दी है.
मुकाबला काफी समय तक बराबरी का रहा. दोनों टीमें शुरुआती हाफ में ज्यादा बड़े मौके नहीं बना पाईं. पहले हाफ के बाद दर्शकों ने दोनों टीमों के प्रदर्शन पर नाराजगी भी जताई, लेकिन दूसरे हाफ की शुरुआत में ही मेक्सिको ने मैच का रुख बदल दिया. 50वें मिनट में साउथ कोरिया की डिफेंसिव गलती का फायदा उठाते हुए मेक्सिको ने बढ़त बना ली.
साउथ कोरिया के गोलकीपर किम सेउंग-ग्यू और डिफेंडर ली गि-ह्युक के बीच तालमेल की कमी के कारण गेंद बॉक्स के अंदर छूट गई. इसी मौके को लुइस रोमो ने भुनाया और खाली नेट में गेंद डालकर मेक्सिको को 1-0 की बढ़त दिला दी.
आखिरी मिनटों में साउथ कोरिया की कोशिश नाकाम
गोल खाने के बाद साउथ कोरिया ने वापसी के लिए पूरी ताकत लगा दी. खासकर मैच के 87वें मिनट में टीम के पास बराबरी का बड़ा मौका आया. चो ग्यू-सुंग ने करीब से हेडर लगाया, लेकिन मेक्सिको के गोलकीपर राउल रेंगल ने शानदार बचाव करते हुए उसे रोक दिया. इसके बाद रिबाउंड पर यांग ह्यून-जुन के शॉट को भी रेंगल ने बेहतरीन तरीके से बचा लिया. इन दोनों बचावों ने मेक्सिको की जीत लगभग तय कर दी.
ग्रुप A में मेक्सिको का दबदबा
इस जीत के साथ मेक्सिको ग्रुप A में 6 अंकों के साथ टॉप पर पहुंच गया है. टीम ने अपने दोनों शुरुआती मुकाबले जीत लिए हैं. मेक्सिको ने इससे पहले अपने पहले मैच में साउथ अफ्रीका को 2-0 से हराया था. वहीं साउथ कोरिया ने चेक रिपब्लिक के खिलाफ 2-1 से जीत हासिल की थी. ग्रुप में अब मेक्सिको के 6 अंक हैं, जबकि साउथ कोरिया के पास 3 अंक हैं. चेक रिपब्लिक और साउथ अफ्रीका के पास अभी 1-1 अंक हैं.
पहली बार 48 टीमों वाला वर्ल्ड कप
FIFA World Cup 2026 में पहली बार 48 टीमें हिस्सा ले रही हैं. इसी वजह से टूर्नामेंट का फॉर्मेट भी बदला गया है. अब हर ग्रुप से टॉप-2 टीमें सीधे नॉकआउट में जाएंगी, जबकि कुछ बेहतरीन तीसरे स्थान वाली टीमें भी अगले दौर में पहुंचेंगी. इस बार राउंड ऑफ 32 का मुकाबला भी खेला जाएगा.
घरेलू मैदान पर मेक्सिको के लिए ऐतिहासिक जीत
मेक्सिको के लिए यह जीत इसलिए भी खास है क्योंकि टीम ने पहली बार मेक्सिको सिटी के बाहर अपने घरेलू मैदान पर वर्ल्ड कप मुकाबला जीता है. इससे पहले मेक्सिको के ज्यादातर घरेलू वर्ल्ड कप मुकाबले मशहूर एस्टाडियो अजटेका स्टेडियम में खेले गए थे. 1970 और 1986 वर्ल्ड कप में घरेलू मैदान पर टीम का रिकॉर्ड अच्छा रहा था. उसने 9 मैचों में से आठ मैच 'एस्टाडियो एज़्टेका' में खेले थे, जिनमें से टीम को पांच में जीत मिली, जबकि तीन मैच ड्रॉ रहे थे. 1970 में जब टीम ने टोलुका में मैच खेला, तो उसे क्वार्टर फ़ाइनल में इटली से 4-1 से हार का सामना करना पड़ा था.
मेक्सिको की नजर अब ग्रुप में टॉप पर खत्म करने पर
मेक्सिको अब अपना आखिरी ग्रुप मुकाबला चेक रिपब्लिक के खिलाफ खेलेगा. टीम की कोशिश होगी कि वह जीत के साथ ग्रुप स्टेज खत्म करे और नॉकआउट से पहले अपना आत्मविश्वास और मजबूत करे. वहीं साउथ कोरिया के लिए अब अगला मुकाबला बेहद अहम हो गया है. उसे नॉकआउट की उम्मीद बनाए रखने के लिए साउथ अफ्रीका के खिलाफ जीत दर्ज करनी होगी.
कुल मिलाकर मेक्सिको ने घरेलू दर्शकों के सामने एक ऐसी शुरुआत की है जिसने बाकी टीमों को भी चेतावनी दे दी है कि इस वर्ल्ड कप में उसे हल्के में लेना बड़ी गलती साबित हो सकती है.




