अभिषेक शर्मा और सूर्यवंशी की आंधी में मत भूलो इस खिलाड़ी का नाम, खेल और रिकॉर्ड से ठोक रहा Team India के लिए दावेदारी
IPL 2026 में जहां एक तरफ अभिषेक शर्मा से लेकर वैभव सूर्यवंशी की खूब चर्चाएं हो रही हैं, तो वहीं एक खिलाड़ी ऐसा भी है जो हर मैच में कमाल का प्रदर्शन कर टीम इंडिया के लिए दावेदारी ठोक रहा है.
abhishek sharma-vaibhav suryavanshi
IPL 2026: आईपीएल 2026 का रोमांच अपने चरम पर है. अभी तक सीजन-19 में पंजाब किंग्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और राजस्थान रॉयल्स जैसी टीमों का दबदबा देखने को मिला है. युवा खिलाड़ी एक बार फिर से अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर टीम इंडिया के सिलेक्टर्स का ध्यान अपनी तरफ खींच रहे हैं. कई युवा खिलाड़ियों ने आईपीएल में शानदार प्रदर्शन के दम पर टीम इंडिया में जगह बनाई है, जिनमें से एक सनराइजर्स हैदराबाद के सलामी विस्फोटक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा भी हैं, जिनके आईपीएल आंकड़े कमाल के रहे हैं.
वहीं अब वैभव सूर्यवंशी भी उसी राह पर है. 15 साल के इस खिलाड़ी ने अपनी निडर विस्फोटक बल्लेबाजी से सभी का ध्यान खींचा है. जिसके बाद उनको भी टीम इंडिया में शामिल करने की मांग उठने लगी है. वहीं इन दोनों खिलाड़ियों की सुर्खियों के बीच एक युवा नाम ऐसा भी है जो हर मैच में गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा रहा है, नए-नए रिकॉर्ड बना रहा है और अब टीम इंडिया के लिए अपनी दावेदारी भी ठोक रहा है. जैसे-जैसे आईपीएल 2026 आगे बढ़ रहा है वैसे-वैसे इस खिलाड़ी की भी चर्चा तेज होने लगी है.
कौन है वो खिलाड़ी?
जी हां हम जिस खिलाड़ी की बात कर रहे हैं वो पंजाब किंग्स के सलामी बाएं हाथ के विस्फोटक बल्लेबाज प्रियांश आर्य हैं. जिनका बल्ला आईपीएल 2026 में आग उगल रहा है. पंजाब किंग्स की जीत प्रियांश पर काफी निर्भर रहती है क्योंकि ओपनिंग में आकर वे पावर प्ले का अच्छा इस्तेमाल कर टीम को शानदार शुरुआत देते हैं. अभी तक इस सीजन खेले गए 5 मैचों में प्रियांश ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 211 रन बनाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से 2 अर्धशतक निकले हैं. वहीं उनका स्ट्राइक रेट 248.24 का रहा है. इसके अलावा प्रियांश अभी तक 20 छक्के लगा चुके हैं.
IPL में दूसरा सबसे तेज शतक
प्रियांश आर्य के लिए आईपीएल 2025 भी कमाल का रहा था, जिसमें बल्लेबाजी करते हुए प्रियांश ने 17 मैचों में 475 रन बनाए थे. जिसके चलते टीम फाइनल तक पहुंची थी. आईपीएल 2025 में प्रियांश 39 गेंदों पर शतक लगाया था. जो किसी भी अनकैप्ड भारतीय का दूसरा सबसे तेज आईपीएल शतक था. ये बड़ा कारनामा प्रियांश ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ करके दिखाया था. वैसे ये रिकॉर्ड वैभव सूर्यवंशी के नाम है जिन्होंने पिछले सीजन ही 35 गेंदों पर शतक लगाया था.
कब मिलेगा टीम इंडिया में मौका?
जिस तरह की फॉर्म से फिलहाल प्रियांश आर्य गुजर रहे हैं जल्द ही उनकी टीम इंडिया में एंट्री हो सकती है. हालांकि टी20 फॉर्मेट में टीम इंडिया के पास फिलहाल सलामी बाएं हाथ के बल्लेबाज के रूप में अभिषेक शर्मा हैं और कोच-सिलेक्टर्स उनपर काफी भरोसा भी दिखाते हैं तो प्रियांश को थोड़ा इंतजार करना पड़ सकता है, लेकिन दूसरी तरफ हो सकता है इस साल फैंस उनको इंडिया-ए के लिए खेलते हुए देखें.
IPL 2026 में प्रियांश की पारियां
1. 8 गेंद पर 7 रन- PBKS vs GT
2. 11 गेंद पर 39 रन- PBKS vs CSK
3. 20 गेंद पर 57 रन- PBKS vs SRH
4. 9 गेंद पर 15 रन- PBKS vs MI
5. 37 गेंदों पर 93 रन- PBKS vs LSG




