Begin typing your search...

अजय देवगन की ‘Drishyam’ अब विदेशों में मचाएगी तहलका, इन 3 देशों में बनेगी फिल्म

Drishyam’ की कहानी अब सिर्फ हिंदी दर्शकों तक सीमित नहीं रहने वाली है. अजय देवगन की इस चर्चित फ्रेंचाइजी के रीमेक कोरिया, स्पेन और अमेरिका में तैयार किए जा रहे हैं, जिसमें लोकल आर्टिस्ट नजर आएंगे.

ajay devgn
X
( Image Source:  instagram-@starstudio18 )
हेमा पंत
Edited By:हेमा पंत3 Mins Read

Updated on: 1 Oct 2026 3:45 PM IST

विजय सालगांवकर की कहानी ने जब पहली बार पर्दे पर कदम रखा, तब शायद किसी ने नहीं सोचा होगा कि इसकी गूंज भारत से बाहर भी सुनाई देगी. अजय देवगन की ‘Drishyam’ की कहानी अब नए देशों और नई भाषाओं तक पहुंचने की तैयारी में है. फिल्म की पॉपुलैरिटी के बाद इसके इंटरनेशनल रीमेक पर काम शुरू हो चुका है और कोरिया, स्पेन के साथ हॉलीवुड में भी इसे नए अंदाज में पेश किया जाएगा.

खास बात यह है कि इन रीमेक्स को सिर्फ ओटीटी तक सीमित रखने का प्लान नहीं है, बल्कि इन्हें संबंधित देशों के सिनेमाघरों में रिलीज करने की तैयारी है. वहीं हिंदी दर्शकों के लिए विजय सालगांवकर का सफर ‘Drishyam: The Conclusion’ के साथ आगे बढ़ रहा है, जिसमें अजय देवगन एक बार फिर इसी किरदार में नजर आएंगे.

क्या कोरियन भाषा में बनेगी दृश्यम?

‘दृश्यम’ की कहानी अब देश की सीमाओं से बाहर निकलने की तैयारी में है. डायरेक्टर अभिषेक पाठक ने बताया कि फिल्म के कोरियन वर्जन पर काम तेजी से आगे बढ़ रहा है. माना जा रहा है कि इसका प्रोडक्शन करीब एक महीने के अंदर शुरू हो सकता है, यानी जल्द ही विजय सालगांवकर की कहानी को कोरियन अंदाज में पर्दे पर देखने की तैयारी है.

कब शुरू होगी दृश्यम के स्पेनिश वर्जन की शूटिंग?

उधर ‘दृश्यम’ का स्पेनिश वर्जन भी धीरे-धीरे आकार ले रहा है और फिलहाल इसका काम कोरियन रीमेक से एक कदम आगे बताया जा रहा है. डायरेक्टर के मुताबिक, दोनों फिल्मों को लेकर तैयारी चल रही है और प्लान है कि इसी साल शूटिंग शुरू कर दी जाए. टीम की कोशिश है कि साल खत्म होने तक फिल्म के ज्यादातर अहम हिस्सों की शूटिंग पूरी हो जाए, जिसके बाद कहानी को आगे के प्रोडक्शन काम के लिए तैयार किया जा सके.

क्या हॉलीवुड में भी बनेगी ‘Drishyam’?

कोरिया और स्पेन के बाद अब ‘दृश्यम’ की कहानी हॉलीवुड की तरफ भी कदम बढ़ा रही है. अमेरिकी वर्जन अभी शुरुआती स्टेज में है और फिलहाल इसकी अंग्रेजी स्क्रिप्ट तैयार की जा रही है. ऐसे में कास्टिंग या शूटिंग शुरू होने को लेकर अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है. दिलचस्प बात यह है कि इन इंटरनेशनल रीमेक्स को केवल ओटीटी पर रिलीज करने का प्लान नहीं है. कोरियन, स्पेनिश और अमेरिकी वर्जन को वहां के सिनेमाघरों में दर्शकों तक पहुंचाने की तैयारी है.

‘Drishyam: The Conclusion’ फिल्म के बारे में

वहीं हिंदी सिनेमा में ‘Drishyam: The Conclusion’ का इंतजार अब खत्म होने वाला है. फिल्म 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. इसमें अजय देवगन एक बार फिर विजय सालगांवकर के किरदार में नजर आएंगे. फिल्म में तब्बू, श्रिया सरन और रजत कपूर अपने पुराने किरदारों को आगे बढ़ाते दिखेंगे. इनके अलावा जयदीप अहलावत, प्रकाश राज, इशिता दत्ता और मृणाल जाधव भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे.

अब देखना दिलचस्प होगा कि विजय सालगांवकर की कहानी का आखिरी अध्याय दर्शकों को किस मोड़ तक लेकर जाता है और क्या ‘दृश्यम’ की यही कहानी आगे चलकर कोरियन, स्पेनिश और हॉलीवुड दर्शकों को भी उतनी ही रोमांचित कर पाएगी.

अगला लेख