IPL 2026: प्लेऑफ की रेस से बाहर हुई Mumbai Indians! 3 मैच विनर कैसे बन रहे टीम के लिए विलेन?
हार्दिक पांड्या की कप्तानी वाली मुंबई इंडियंस को एकबार फिर से हार का सामना करना पड़ा. ये इस सीजन मुंबई की 7वीं हार है. टीम के लिए अब प्लेऑफ में पहुंचने के दरवाजे लगभग बंद हो गए हैं.
Mumbai Indians
IPL 2026, CSK vs MI: आईपीएल 2026 में बीते दिन चेपॉक स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबला खेला गया. मैच में हार्दिक पांड्या की कप्तानी वाली मुंबई इंडियंस को एकबार फिर से हार का सामना करना पड़ा. ये इस सीजन मुंबई की 7वीं हार है. टीम के लिए अब प्लेऑफ में पहुंचने के दरवाजे लगभग बंद हो गए हैं.
दिग्गज खिलाड़ियों से सजी मुंबई के कई प्लेयर्स ने इस सीजन काफी निराश किया है. जिनको टीम का मैच विनर माना जाता है वो ही अब टीम के लिए विलेन बनते जा रहे हैं. अब मुंबई के पास इस सीजन 5 मुकाबले बचे हैं जिनको जीतकर भी ये टीम प्लेऑफ में जगह नहीं बना पाएगी.
कौन से 3 खिलाड़ी बने विलेन?
1. हार्दिक पांड्या
मुंबई इंडियंस की इस हालत के लिए कहीं न कहीं हार्दिक पांड्या की कप्तानी और फॉर्म को भी जिम्मेदार माना जा रहा है. हार्दिक न तो बल्ले और न ही गेंद से कमाल कर पा रहे हैं. इस मैच में भी उनका खराब प्रदर्शन देखने को मिला. सीएसके के खिलाफ उनके बल्ले से 23 गेंदों पर महज 18 रन निकले. इसके अलावा गेंदबाजी करते हुए उन्होंने 2 ओवर में 17 रन खर्च किए थे. जबकि उन्हें कोई विकेट नहीं मिला. इस सीजन हार्दिक के बल्ले से महज 146 रन ही निकले हैं. जबकि गेंदबाजी करते हुए महज 4 ही विकेट हार्दिक चटका पाए हैं.
2. सूर्यकुमार यादव
सूर्यकुमार यादव के लिए ये सीजन बेहद खराब रहा है. अपनी कप्तानी में टीम इंडिया को इस साल टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जिताने वाले सूर्या मुंबई इंडियंस के लिए सबसे बड़े विलेन बनते जा रहे हैं. 9 मैचों में बल्लेबाजी करते हुए सूर्यकुमार यादव अभी तक महज 183 रन ही बना पाए हैं. सीएसके के खिलाफ उनके बल्ले से 12 गेंदों पर 21 रन निकले थे. टी20 क्रिकेट का सबसे खतरनाक खिलाड़ी माने जाने वाले सूर्या की खराब फॉर्म मुंबई की सबसे बड़ी टेंशन बन चुकी है.
3. जसप्रीत बुमराह
मुंबई इंडियंस की गेंदबाजी की जान कहे जाने वाले जसप्रीत बुमराह के लिए भी ये सीजन किसे बुरे सपने कम नहीं रहा है. शुरुआती कई मुकाबलों में तो बुमराह एक भी विकेट नहीं चटका पाए थे. अमूमन टीम को बुमराह से पावर प्ले में विकेटों की जरूरत होती है लेकिन इस बार ऐसा कुछ देखने को नहीं मिला, जो कहीं न कहीं टीम का हार का सबसे बड़ा कारण है. आधे से ज्यादा सीजन खत्म हो चुका है और बुमराह अभी तक बस 2 ही विकेट चटका पाए हैं.
क्या प्लेऑफ की रेस से बाहर MI?
अभी तक मुंबई इंडियंस 9 मुकाबले खेल चुकी है, जिसमें से टीम को 7 में हार और 2 में जीत मिली है. 4 अंक के साथ मुंबई पॉइंट्स टेबल में 9वें पायदान पर है उनसे नीचे सिर्फ लखनऊ सुपर जायंट्स है. प्लेऑफ में पहुंचने के लिए टीम को 16 अंक चाहिए होते हैं, लेकिन अगर मुंबई अपने अगले पांचों मैच भी जीत जाती है तो उसके 14 अंक ही होंगे जो प्लेऑफ में पहुंचने के लिए काफी नहीं होंगे. अब कोई चमत्कार ही मुंबई को प्लेऑफ में पहुंचा सकता है.




