क्या IPL 2026 होगा MS Dhoni का आखिरी सीजन? चेपॉक में थाला की एंट्री और रोने लगे फैंस, देखें वीडियो
आईपीएल 2026 से पहले क्रिकेट जगत में एक भावुक चर्चा तेज हो गई है कि क्या यह सीजन एमएस धोनी के शानदार आईपीएल करियर का आखिरी अध्याय साबित होगा?
MS Dhoni
IPL 2026, MS Dhoni: आईपीएल 2026 से पहले क्रिकेट जगत में एक भावुक चर्चा तेज हो गई है कि क्या यह सीजन एमएस धोनी के शानदार आईपीएल करियर का आखिरी अध्याय साबित होगा? फैंस और पूर्व क्रिकेटर्स के बीच यह सवाल लगातार गूंज रहा है. इसी बीच चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में उनकी एंट्री ने माहौल को पूरी तरह भावनात्मक बना दिया.
चेपॉक में जैसे ही धोनी मैदान पर पहुंचे, स्टेडियम ‘थाला-थाला’ के नारों से गूंज उठा. हजारों की संख्या में मौजूद फैंस अपने पसंदीदा खिलाड़ी की एक झलक पाने के लिए बेताब नजर आए. कई प्रशंसक तो उन्हें देखकर भावुक भी हो गए, जिससे साफ झलकता है कि धोनी का क्रेज आज भी वैसा ही बरकरार है.
क्या धोनी का यह आखिरी सीजन होगा?
पूर्व भारतीय क्रिकेटर रॉबिन उथप्पा का मानना है कि आईपीएल 2026 धोनी के करियर का अंतिम सीजन हो सकता है. उन्होंने इस विषय पर अपनी राय रखते हुए कहा कि "आईपीएल 2026 शायद उनका पीली जर्सी में आखिरी साल होगा. मुझे लगता है कि इस साल वह मेंटर-कम-प्लेयर की भूमिका निभाएंगे, मुझे नहीं लगता कि वह नंबर सात पर बल्लेबाजी करेंगे. मुझे लगता है कि वह नंबर आठ पर बल्लेबाजी करेंगे. वह जानते हैं कि वह धीरे-धीरे बाहर हो रहे हैं, इसलिए खुद को टीम से अलग करना चाहते हैं. मुझे लगता है कि वह ऐसा करेंगे. तभी हम रुतुराज गायकवाड़ की कप्तानी की असली क्षमता देख पाएंगे. उसे कुछ साल दें. अगर वह काम नहीं करता, तो टीम में संजू सैमसन है जो कप्तानी की जिम्मेदारी संभाल सकता है."
कितने तैयार धोनी?
44 वर्षीय धोनी आईपीएल 2026 में अपना 19वां सीजन खेलने जा रहे हैं. हालांकि उम्र के साथ उनकी शारीरिक क्षमता में कुछ कमी आई है, लेकिन टीम के लिए उनका महत्व आज भी कम नहीं हुआ है. हर साल की तरह इस बार भी यह चर्चा जोरों पर है कि धोनी कब तक सीमित बल्लेबाजी भूमिका में टीम के लिए खेलते रहेंगे और कब वह अपने करियर को अलविदा कहेंगे. चेपॉक में धोनी की एंट्री ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि वह सिर्फ एक खिलाड़ी नहीं, बल्कि करोड़ों दिलों की धड़कन हैं। अगर यह उनका आखिरी सीजन साबित होता है, तो फैंस के लिए यह एक भावुक विदाई होगी.
‘Roar26’ इवेंट में दिखे पुराने खिलाड़ी
चेन्नई सुपर किंग्स के ‘Roar26’ इवेंट के लिए चेपॉक स्टेडियम खचाखच भरा हुआ था. इस खास मौके पर टीम के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी सुरेश रैना, माइक हसी, मैथ्यू हेडन, मुरली विजय, अंबाती रायडू और ड्वेन ब्रावो भी नजर आए. जिन्होंने मौजूदा टीम के खिलाड़ियों के साथ मैदान पर ट्रेनिंग सेशन में हिस्सा लिया.




