IPL 2026: महज 11 मिनट में Lungi Ngidi कैसे मैदान से अस्पताल पहुंचे? दिल्ली पुलिस ने बनाया था ये खास प्लान
आईपीएल 2026 में 25 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के मैच के दौरान तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी को गंभीर चोट लग गई थी. कैच लेने के चक्कर में लुंगी मैदान पर सिर के बल इतनी जोर से गिरे की फिर उठ नहीं पाए.
Lungi Ngidi Injury
IPL 2026: आईपीएल 2026 में 25 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के मैच के दौरान तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी को गंभीर चोट लग गई थी. कैच लेने के चक्कर में लुंगी मैदान पर सिर के बल इतनी जोर से गिरे की फिर उठ नहीं पाए. करीब 15 मिनट तक मैदान पर फिजियो उनको चेक करते रहे.
इसके बाद एंबुलेंस को बुलाया गया और लुंगी को अरुण जेटली स्टेडियम से महज 11 मिनट के अंदर अस्पताल तक पहुंचाया गया. दिल्ली पुलिस ने लुंगी को मैदान से अस्पताल तक महज 11 मिनट में पहुंचाने के लिए एक खास प्लान बनाया था. जो सामने आया है.
क्या था दिल्ली पुलिस का खास प्लान?
एनगिडी को समय पर अस्पताल पहुंचाने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने विशेष ग्रीन कॉरिडोर बनाया. भारी ट्रैफिक के बावजूद एम्बुलेंस को बिना किसी रुकावट के अस्पताल तक पहुंचाया गया. पुलिस के अनुसार, जैसे ही खिलाड़ी की स्थिति की जानकारी मिली, तुरंत कार्रवाई की गई और मैच आयोजकों के साथ समन्वय कर एम्बुलेंस के लिए रास्ता खाली कराया गया. एसीपी ट्रैफिक (सेंट्रल) संजय सिंह की निगरानी में यह पूरा ऑपरेशन किया गया. ट्रैफिक पुलिस के समन्वित प्रयासों से एम्बुलेंस मात्र 11 मिनट में अस्पताल पहुंच गई, जो सामान्य परिस्थितियों में संभव नहीं होता.
कैसे लगी थी चोट?
मैच के दौरान पंजाब किंग्स के सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्य का कैच पकड़ने की कोशिश में एनगिडी का संतुलन बिगड़ गया और वे जोर से सिर के बल गिर पड़े. गिरते ही उन्हें सिरदर्द और गर्दन में दर्द की शिकायत हुई, जिसके बाद तुरंत मेडिकल टीम मैदान पर पहुंची.
कैसी है लुंगी की तबीयत?
रिपोर्ट्स के मुताबिक लुंगी एनगिडी की हालत अब स्थिर है और उनको अस्पताल से छुट्टी भी मिल गई है. हालांकि वे अगले मैच में खेलेंगे या नहीं इसकी जानकारी सामने नहीं आई है. लेकिन वे होटल में टीम के साथ पहुंच गए हैं और डॉक्टर उनकी निगरानी कर रहे हैं.




