Begin typing your search...

खिलाड़ियों की पार्टनर, टीम मालिकों के लिए BCCI के सख्त नियम क्या? IPL में हनी ट्रैप के खतरे के बीच बड़ा एक्शन

BCCI की एंटी करप्शन यूनिट की रिपोर्ट के बाद जारी किए गए इन दिशा-निर्देशों में खिलाड़ियों की निजी गतिविधियों, होटल मूवमेंट, मेहमानों की एंट्री और टीम मालिकों के व्यवहार तक पर सख्त नियम लागू किए गए हैं.

BCCI IPL Guidelines
X

BCCI IPL Guidelines

( Image Source:  X/ @IS_Netwrk29, @Rati570915 )

आईपीएल 2026 के बीच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने सभी फ्रेंचाइजी और खिलाड़ियों के लिए बेहद सख्त सुरक्षा निर्देश जारी कर दिए हैं. बोर्ड ने खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ और टीम अधिकारियों को संभावित हनी ट्रैप और संवेदनशील जानकारी लीक होने के खतरे को लेकर अलर्ट किया है.

BCCI की एंटी करप्शन यूनिट की रिपोर्ट के बाद जारी किए गए इन दिशा-निर्देशों में खिलाड़ियों की निजी गतिविधियों, होटल मूवमेंट, मेहमानों की एंट्री और टीम मालिकों के व्यवहार तक पर सख्त नियम लागू किए गए हैं. बोर्ड ने साफ कहा है कि बिना पूर्व अनुमति किसी भी अनजान व्यक्ति को टीम होटल या ड्रेसिंग रूम में प्रवेश नहीं मिलेगा.

क्यों बढ़ी BCCI की चिंता?

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, IPL 2026 के दौरान कुछ खिलाड़ियों के पार्टनर, रिश्तेदारों और दोस्तों से जुड़े मामलों ने BCCI की चिंता बढ़ा दी. जांच में आशंका जताई गई कि अनजान लोगों के संपर्क के जरिए खिलाड़ियों या टीम से जुड़ी गोपनीय जानकारियां बाहर पहुंच सकती हैं. इसी के बाद बोर्ड ने सभी 10 फ्रेंचाइजी को आठ पन्नों का विस्तृत सुरक्षा दस्तावेज भेजा और निर्देशों का कड़ाई से पालन करने को कहा.

BCCI के आदेश में क्या-क्या?

1. किसी भी व्यक्ति को, चाहे उसकी पहचान कुछ भी हो, टीम के सदस्य से उसका संबंध कुछ भी हो या उसका घोषित उद्देश्य कुछ भी हो, टीम मैनेजर की पूर्व सूचना और स्पष्ट लिखित स्वीकृति के बिना खिलाड़ी या सहायक स्टाफ सदस्य के होटल के कमरे में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी जाएगी.

2. किसी भी अतिथि को निजी होटल के कमरों में तब तक नहीं ले जाया जाएगा जब तक कि टीम मैनेजर द्वारा लिखित रूप में विशेष रूप से इसकी अनुमति न दी गई हो."

हनी ट्रैप को लेकर क्या चेतावनी?

बोर्ड ने फ्रेंचाइजी को चेतावनी देते हुए कहा कि बड़े खेल आयोजनों में खिलाड़ियों और अधिकारियों को निशाना बनाकर यौन शोषण और हनी ट्रैप जैसे मामले सामने आते रहे हैं. दिशा-निर्देश में कहा गया है कि "बीसीसीआई सभी फ्रेंचाइजी का ध्यान उच्च स्तरीय खेल आयोजनों में व्याप्त लक्षित यौन शोषण और हनी ट्रैपिंग के व्यापक जोखिमों की ओर आकर्षित करता है."

खिलाड़ियों के होटल छोड़ने का नया नियम क्या?

1. खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को होटल से बाहर जाने से पहले सिक्योरिटी लायजन ऑफिसर (SLO) या टीम इंटीग्रिटी ऑफिसर (TIO) को सूचित करना होगा.

2. किसी भी निजी या मनोरंजन यात्रा की जानकारी पहले से टीम मैनेजर और सुरक्षा अधिकारियों को देनी होगी.

3. टीम की सभी गतिविधियों का रिकॉर्ड रखा जाएगा.

टीम मालिकों के लिए क्या नियम?

बोर्ड ने सिर्फ खिलाड़ियों ही नहीं बल्कि फ्रेंचाइजी मालिकों और उनके प्रतिनिधियों के लिए भी कड़े नियम लागू किए हैं. निर्देशों के अनुसार "आईपीएल फ्रेंचाइजी के मालिकों और उनके प्रतिनिधियों को मैच के दौरान डगआउट, ड्रेसिंग रूम या खेल के मैदान में खिलाड़ियों या टीम के अधिकारियों से संवाद करने या शारीरिक रूप से उन तक पहुंचने से सख्ती से प्रतिबंधित किया गया है."

वेपिंग और ई-सिगरेट पर भी सख्त कार्रवाई

BCCI ने ड्रेसिंग रूम और टूर्नामेंट स्थलों पर वेपिंग और ई-सिगरेट के इस्तेमाल को लेकर भी कड़ा रुख अपनाया है. दस्तावेज में कहा गया "ड्रेसिंग रूम और टूर्नामेंट स्थलों के अन्य प्रतिबंधित क्षेत्रों में वेपिंग के मामले बीसीसीआई के संज्ञान में लाए गए हैं." बोर्ड ने स्पष्ट किया कि भारत में वेप्स और इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट प्रतिबंधित हैं और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी हो सकती है.

उल्लंघन करने पर क्या होगी कार्रवाई?

BCCI ने चेतावनी दी है कि वह समय-समय पर सभी IPL टीमों की जांच करेगा ताकि नए निर्देशों के पालन का आकलन किया जा सके. बोर्ड ने कहा "उपरोक्त निर्देशों के किसी भी उल्लंघन की सूचना जल्द से जल्द आईपीएल संचालन टीम या संबंधित आईपीएल आयोजन स्थल टीम को देनी होगी." साथ ही फ्रेंचाइजी को साफ संदेश दिया गया है कि किसी भी उल्लंघन को गंभीर अनुशासनात्मक मामला माना जाएगा और दोषियों पर आर्थिक जुर्माने से लेकर कारण बताओ नोटिस तक की कार्रवाई हो सकती है.

आईपीएल
अगला लेख