Begin typing your search...

भाई को फंसाने के लिए मारा अपना बेटा, फिर गिरफ्तारी के डर से ब्लेड से काटने लगा खुद का गला; सनकी पिता की कहानी

ग्रेटर नोएडा में एक पिता ने प्रॉपर्टी विवाद में अपने ही 13 साल के इकलौते बेटे की हत्या कर दी. आरोपी ने रिश्तेदारों को फंसाने के लिए बेटे के लापता होने की कहानी रची, लेकिन CCTV और पुलिस जांच में पूरा सच सामने आ गया.

Father Kills 13-Year-Old Son in Greater Noida
X
कलियुगी पिता ने अपने ही इकलौते बेटे को मार डाला
मोहम्मद रज़ा
By: मोहम्मद रज़ा3 Mins Read

Updated on: 8 May 2026 3:49 PM IST

Father Kills Son over property dispute in Greater Noida: ग्रेटर नोएडा से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया. जिस पिता को अपने बेटे की सबसे बड़ी ढाल माना जाता है, उसी पर अपने 13 साल के इकलौते बेटे की हत्या का आरोप लगा है. वजह बताई जा रही है- प्रॉपर्टी विवाद और अपने ही रिश्तेदारों को फंसाने की साजिश.

थाना कासना क्षेत्र के सिरसा गांव में रहने वाला 13 वर्षीय बच्चा 7 मई को अचानक लापता हो गया. परिवार ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई. शुरुआत में पिता ने भी बेटे की तलाश को लेकर चिंता जताई और पुलिस के साथ सहयोग करने का दिखावा करता रहा, लेकिन जांच आगे बढ़ी तो पुलिस को पिता की बातों पर शक होने लगा.



सीसीटीवी फुटेज ने खोली कलियुगी पिता की पोल

सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और आसपास के बच्चों से पूछताछ की गई. इसमें पता चला कि बच्चा आखिरी बार अपने पिता के साथ कार में देखा गया था. जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो आरोपी पिता ने नई कहानी गढ़ दी. उसने कहा कि बेटे को उसने गुलिस्तानपुर में अपने एक दोस्त के पास छोड़ा है और वह उसे बरामद करा देगा. लेकिन पुलिस टीम को वह लगातार गुमराह करता रहा.

तालाब के किनारे मिला शव

इसी बीच देर शाम एक और सूचना आई, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी. सिरसा गांव की 6 प्रतिशत कॉलोनी के पास तालाब में एक बच्चे का शव मिला. मौके पर पहुंची पुलिस ने जब शव की पहचान कराई तो वह वही 13 साल का लापता बच्चा निकला.


पिता ने क्यों की अपने बेटे की हत्या?

इसके बाद जांच की दिशा पूरी तरह बदल गई. पुलिस को पता चला कि बच्चे की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके अपने पिता ने की थी. आरोप है कि पिता अपने परिवार के कुछ लोगों को प्रॉपर्टी विवाद में फंसाना चाहता था. इसी साजिश के तहत उसने अपने इकलौते बेटे की जान ले ली. सबसे दर्दनाक बात यह रही कि हत्या के बाद भी आरोपी पिता सामान्य बनने की कोशिश करता रहा. वह पुलिस को बार-बार अलग-अलग कहानियां सुनाकर गुमराह करता रहा, ताकि शक उससे दूर रहे.

ब्लेड से खुद का गला काटने लगा पिता

पुलिस के मुताबिक, जब आरोपी को लगा कि अब सच सामने आ चुका है और गिरफ्तारी तय है, तो उसने खुद को बचाने के लिए आत्महत्या की कोशिश भी की. उसने ब्लेड से अपना गला काटने का प्रयास किया. इस दौरान आसपास मौजूद लोगों ने उसका वीडियो भी बना लिया.


आरोपी पिता को पुलिस ने हिरासत में लिया

फिलहाल पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया है और उससे लगातार पूछताछ की जा रही है. पूरे मामले में पुलिस हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है. इस घटना ने एक बार फिर रिश्तों पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है.. जिस बेटे को परिवार की आखिरी उम्मीद कहा जाता था, वही प्रॉपर्टी की लड़ाई में सबसे बड़ा शिकार बन गया.

अगला लेख