Greater Noida: रिश्तेदारों को फंसाने के लिए इस पिता ने पार की हद, 13 साल के इकलौते बेटे को मार डाला, ऐसे पकड़ में आया
ग्रेटर नोएडा में एक पिता ने अपने ही 13 वर्षीय इकलौते बेटे की हत्या कर दी और फिर रिश्तेदारों को फंसाने के लिए पूरी साजिश रच डाली.
Father kills his son
ग्रेटर नोएडा के कासना क्षेत्र से एक ऐसी दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया. प्रॉपर्टी विवाद में एक पिता ने अपने ही 13 वर्षीय इकलौते बेटे की हत्या कर दी और फिर रिश्तेदारों को फंसाने के लिए पूरी साजिश रच डाली. पुलिस जांच में इस सनसनीखेज मामले का खुलासा होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है.
बताया जा रहा है कि बच्चा 7 मई को अचानक लापता हो गया था. शुरुआत में आरोपी पिता ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की और घटना को संदिग्ध अपहरण की तरह पेश किया लेकिन CCTV फुटेज और बच्चों से पूछताछ के बाद कहानी की परतें खुलनी शुरू हुईं और शक सीधे पिता पर जा पहुंचा.
कैसे खुला राज?
मामला थाना कासना क्षेत्र के सिरसा गांव का है. परिवार ने 13 वर्षीय बच्चे के लापता होने की सूचना पुलिस को दी थी. पिता लगातार दावा कर रहा था कि बेटे को किसी ने अगवा कर लिया है और शक रिश्तेदारों की ओर मोड़ने की कोशिश कर रहा था. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की और इलाके के CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की.
जांच के दौरान पुलिस को पिता की कहानी में कई विरोधाभास मिले. CCTV फुटेज और स्थानीय बच्चों से पूछताछ के बाद पुलिस का शक गहराता गया. आरोपी पिता जांच के दौरान बार-बार बयान बदल रहा था और पुलिस को गुमराह करने की कोशिश कर रहा था. यही वजह रही कि पुलिस ने उससे सख्ती से पूछताछ शुरू की.
कहां मिला बच्चे का शव?
जांच के दौरान पुलिस को सिरसा गांव के एक तालाब से मासूम बच्चे का शव बरामद हुआ. शव मिलने के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई. प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जताई गई थी, लेकिन बाद में पुलिस पूछताछ में पूरा मामला सामने आ गया. पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी पिता का परिवार के कुछ लोगों से प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चल रहा था. इसी विवाद में रिश्तेदारों को फंसाने के लिए उसने अपने ही बेटे की हत्या की साजिश रची.
क्या बोली नोएडा पुलिस?
नोएडा पुलिस ने बताया कि "थाना कासना पर सूचना प्राप्त हुई कि करीब 13 साल का एक लड़का लापता है. मामला दर्ज करते हुए पुलिस टीम का गठन किया गया. सीसीटीवी फुटेज व आस-पास के बच्चों से जानकारी करने पर ज्ञात हुआ कि उक्त लड़का अपने पिता के साथ कार में गया था. पिता से गहन पूछताछ की गई तो उसके द्वारा बताया गया कि उसने अपने लड़के को ग्राम गुलिस्तानपुर में दोस्त के पास रखा है, वह चलकर बरामद करा देगा. लड़के का पिता लगातार पुलिस को गुमराह करता रहा."
आगे पुलिस ने बताया कि "देर शाम थाना कासना पर सूचना प्राप्त हुई कि उक्त गुमशुदा लड़के का शव ग्राम सिरसा में 6 परसेंट कॉलोनी के पास तालाब में मिला है. सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची, जानकारी के बाद पता चला कि मृतक लड़के के पिता द्वारा अपने परिवार के लोगों को प्रापर्टी के विवाद में फंसाने की नियत से अपने ही बच्चे की हत्या कर दी है."




