Begin typing your search...

2027 में नहीं होगा सपा और कांग्रेस का गठबंधन! अखिलेश यादव के इन 9 शब्दों ने मचा दी खलबली

अखिलेश यादव की 9 शब्दों वाली पोस्ट ने 2027 यूपी चुनाव से पहले सपा-कांग्रेस गठबंधन को लेकर नई अटकलें तेज कर दी हैं. बंगाल और तमिलनाडु के नतीजों और उसके बाद की राजनीति चर्चा के केंद्र में है.

Akhilesh Yadav SP Congress Alliance UP Election 2027
X
( Image Source:  ANI )

“हम वो नहीं जो मुश्किलों में साथ छोड़ दें.” समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के ये 9 शब्द सिर्फ एक राजनीतिक बयान नहीं, बल्कि विपक्षी राजनीति के भीतर चल रही खींचतान का बड़ा संकेत माने जा रहे हैं. तमिलनाडु की राजनीति और DMK प्रमुख एम.के. स्टालिन के साथ कांग्रेस के बदले रुख को लेकर अखिलेश ने बिना नाम लिए राहुल गांधी पर तंज कस दिया. उनका इशारा इस ओर है कि विपक्षी गठबंधन सिर्फ चुनावी जरूरत तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि मुश्किल वक्त में भी साथ निभाना चाहिए.

ऐसे समय में जब पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम के बाद INDIA गठबंधन के भीतर भरोसे और नेतृत्व को लेकर सवाल उठ रहे हैं, अखिलेश का बयान यूपी की राजनीति में नई बहस छेड़ गया है. 2027 विधानसभा चुनाव से पहले यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या सपा कांग्रेस के साथ रिश्ते बनाए रखेगी या फिर बंगाल और तमिलनाडु की घटनाओं से सबक लेकर अलग रणनीति अपनाएगी.

सवाल उठ रहे हैं कि क्या अखिलेश कांग्रेस के साथ रिश्ते बचाने की कोशिश कर रहे हैं या फिर यह संकेत है कि 2027 में सपा अकेले दम पर चुनावी मैदान में उतर सकती है? राजनीतिक गलियारों में इस बयान को लेकर चर्चा तेज है, क्योंकि यूपी की राजनीति में सीट शेयरिंग, नेतृत्व और वोट ट्रांसफर हमेशा गठबंधन की सबसे बड़ी चुनौती रहे हैं.

क्या बंगाल ने विपक्षी गठबंधन की कमजोरी उजागर कर दी?

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव परिणाम ने विपक्षी एकता के दावों पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है. BJP की ऐतिहासिक जीत के बाद विपक्षी दलों के भीतर बेचैनी साफ दिखाई दे रही है. ममता बनर्जी की हार सिर्फ TMC की हार नहीं मानी जा रही, बल्कि इसे INDIA गठबंधन की रणनीतिक विफलता के तौर पर भी देखा जा रहा है. चुनाव के दौरान विपक्षी दल एकजुट नजर नहीं आए और कई जगहों पर तालमेल की कमी दिखाई दी.

बंगाल का संदेश साफ है - अगर विपक्ष के भीतर भरोसे और नेतृत्व को लेकर स्पष्टता नहीं होगी, तो BJP को रोकना मुश्किल होगा. ऐसे माहौल में अखिलेश यादव का बयान खास महत्व रखता है. वह यह संदेश देने की कोशिश कर रहे हैं कि सपा अपने सहयोगियों को बीच रास्ते में छोड़ने वाली पार्टी नहीं है. लेकिन सवाल यह भी उठ रहा है कि क्या यह बयान कांग्रेस को भरोसा दिलाने के लिए था या अपने मुस्लिम और सेक्युलर वोट बैंक को साधने की रणनीति?

क्या 2027 में सपा-कांग्रेस गठबंधन बिखरेगा?

अखिलेश यादव के बयान को यूपी की राजनीति से जोड़कर देखा जाए तो कई नए राजनीतिक संकेत सामने आते हैं. 2024 लोकसभा चुनाव में सपा और कांग्रेस ने साथ मिलकर चुनाव लड़ा था और कई सीटों पर अच्छा प्रदर्शन भी किया. लेकिन विधानसभा चुनाव की राजनीति लोकसभा से अलग होती है. यूपी में सपा हमेशा खुद को मुख्य विपक्षी ताकत मानती है, जबकि कांग्रेस अपने संगठन को दोबारा मजबूत करने में जुटी है.

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि 2027 आते-आते सीट शेयरिंग और नेतृत्व को लेकर दोनों दलों में टकराव बढ़ सकता है. सपा नहीं चाहेगी कि कांग्रेस ज्यादा सीटों की मांग करे, जबकि कांग्रेस यूपी में अपनी राजनीतिक जमीन दोबारा हासिल करने की कोशिश करेगी. ऐसे में अखिलेश का “हम वो नहीं जो मुश्किलों में साथ छोड़ दें” वाला बयान दोहरा संदेश देता है. एक तरफ वह गठबंधन धर्म निभाने की बात कर रहे हैं, दूसरी तरफ यह भी संकेत दे रहे हैं कि सपा कमजोर स्थिति में कांग्रेस पर निर्भर नहीं रहेगी.

अखिलेश यादव के रिएक्शन के मायने क्या?

अखिलेश यादव राजनीति में सीधे बयान कम और संकेत ज्यादा देने वाले नेताओं में माने जाते हैं. इसलिए उनके 9 शब्दों वाले बयान को सिर्फ भावनात्मक प्रतिक्रिया मानना आसान नहीं है. बंगाल चुनाव परिणाम के बाद विपक्षी खेमे में जिस तरह की घबराहट और आरोप-प्रत्यारोप शुरू हुए हैं, उसके बीच अखिलेश खुद को एक भरोसेमंद सहयोगी के तौर पर पेश करना चाहते हैं. वह कांग्रेस को संदेश देना चाह रहे हैं कि जरूरत के वक्त सियासी सहयोगियों का साथ छ़ोड़ना सही बात नहीं.

इसके पीछे यूपी की सामाजिक और चुनावी गणित भी जुड़ी हुई है. सपा जानती है कि मुस्लिम, यादव और सेक्युलर वोटरों के बीच गठबंधन की राजनीति का सकारात्मक असर पड़ता है. लेकिन पार्टी यह भी समझती है कि अगर कांग्रेस बहुत कमजोर स्थिति में रही, तो उसका बोझ सपा को ही उठाना पड़ेगा. यही वजह है कि अखिलेश का बयान जितना कांग्रेस के समर्थन में दिखता है, उतना ही सपा की भविष्य की राजनीतिक रणनीति का संकेत भी माना जा रहा है. फिलहाल इतना साफ है कि 2027 की राजनीति में दोस्ती और दूरी विकल्प खुले रखे जा रहे हैं.

राहुल गांधीअखिलेश यादव
अगला लेख